scriptहरियाणा:कहीं का मतदाता कहीं बना है प्रत्याशी,दूसरों को वोट की अपील करने वाले खुद नहीं डाल पाएंगे वोट, यह दिग्गज नेता भी शामिल | haryana: candidates unable to vote on seat where they contesting | Patrika News

हरियाणा:कहीं का मतदाता कहीं बना है प्रत्याशी,दूसरों को वोट की अपील करने वाले खुद नहीं डाल पाएंगे वोट, यह दिग्गज नेता भी शामिल

locationसोनीपतPublished: May 07, 2019 03:35:40 pm

Submitted by:

Prateek

गृह जिला छोड़ दूसरे हलकों में ताल ठोक रहे नेताओं को लौटना होगा घर…
 

sabha

sabha

(सोनीपत,संजीव शर्मा): हरियाणा में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिन रात मतदाताओं को वोट डालने की अपील करने वाले प्रत्याशी खुद वोट नहीं डाल पाएंगे। हरियाणा में होने वाले लोकसभा चुनाव की यह सच्चाई है। इस बार राजनीतिक दलों द्वारा ज्यादातर प्रत्याशियों के लोकसभा क्षेत्र बदले गए हैं। जिन नेताओं को इसका आभास था, वे पहले ही अपने वोट कटवा कर उसी जगह बनवा चुके हैं, जहां से वे राजनीति कर रहे हैं। इस बार के लोकसभा चुनावों में राजनीतिक हालात ही कुछ ऐसे बने कि कई बड़े सियासी घरानों को अपने इलाकों से बाहर जाकर चुनाव लडऩा पड़ा।


सोनीपत संसदीय क्षेत्र को भी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ ही माना जाता है, लेकिन हुड्डा का वोट उनके पैतृक गांव सांघी में बना हुआ है। ऐसे में हुड्डा 12 मई को अपना वोट डालने के लिए सोनीपत से सांघी जाएंगे। सोनीपत से ही जननायक जनता पार्टी उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला भी अपना वोट नहीं डाल सकेंगे। उन्हें वोट डालने के लिए सिरसा जाना होगा। वे सिरसा की राम कालोनी के स्थाई निवासी हैं। इसी सीट से लोसुपा-बसपा गठबंधन की प्रत्याशी राजबाला सैनी नई दिल्ली में जाकर मतदान करेंगी। वे मूल रूप से दिल्ली के मुल्तान नगर स्थित हरी सिंह पार्क की रहने वाली हैं।


अंबाला से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने नामांकन-पत्र में अपना स्थाई पिता हिसार के डाबरा चौक स्थित वार्ड नंबर-25 का दिया हुआ है। उनका वोटर आईडी भी यहीं बना हुआ था, लेकिन उन्होंने यहां से कटवा कर अंबाला के पते पर वोटर कार्ड बनवा लिया है। अंबाला में राष्ट्रीय लोकस्वराज पार्टी के प्रत्याशी पूर्णचंद पंजाब के राजपुरा कस्बे के रहने वाले हैं।


कुरुक्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चौ. निर्मल सिंह का वोट अंबाला कैंट के 129 एलन्बे लाइन्स के पते पर बना हुआ है। यहां से भाजपा उम्मीदवार एवं राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी को मतदान करने के लिए नारायणगढ़ के मिर्जापुर माजरा गांव आना होगा। सैनी यहीं के मूल निवासी हैं और नारायणगढ़ से ही वे विधायक भी हैं। इनेलो प्रत्याशी अर्जुन सिंह चौटाला का वोट सिरसा के तेजाखेड़ा गांव में बना हुआ है।


करनाल सीट पर बसपा-लोसुपा प्रत्याशी पंकज भी वोट पोल नहीं कर सकेंगे। वे मूल रूप से पुंडरी के रमाणा-रमाणी गांव के रहने वाले हैं। रोहतक में भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ रहे डॉ. अरविंद शर्मा भी खुद के निर्वाचन क्षेत्र में मतदान नहीं कर सकेंगे। वे करनाल के सेक्टर-6 स्थित अर्बन एस्टेट के स्थाई निवासी हैं। ऐसे में शर्मा को वोट डालने के लिए 12 मई को करनाल दौडऩा होगा।


रोहतक से ही लोसुपा-बसपा प्रत्याशी किशनलाल पांचाल का वोट दिल्ली में डलेगा। वे दिल्ली के सुलेमान नगर स्थित रतन विहार के रहने वाले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा का वोट सांघी गांव में है। इसी तरह से हिसार में भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह अपने पैतृक गांव डूमरखां और कांग्रेस के भव्य बिश्नोई आदमपुर में वोट डालेंगे। जेजेपी के दुष्यंत चौटाला ने सिरसा की राम कालोनी को अपना स्थाई पता बताया है।


गुरुग्राम सीट पर लोसुपा-बसपा गठबंधन उम्मीदवार चौ. रईस अहमद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं के भयाम नगर के रहने वाले हैं। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अजय सिंह यादव रेवाड़ी और भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह रामपुरा गांव में वोट डालेंगे। फरीदाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना ने स्थाई पता नोएडा के सेक्टर-47 का दिया है। आप-जेजेपी गठबंधन उम्मीदवार नवीन जयहिंद चुनाव तो फरीदाबाद से लड़ रहे हैं, लेकिन वोट नहीं डाल सकेंगे। उनका वोट रोहतक के भैंसरू कलां गांव में बना हुआ है।


जिस व्यक्ति की वोटर आईडी जहां बनी है, उसे मतदान तो वहीं करना होगा। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों व अन्य लोगों के लिए ही जहां उनकी ड्यूटी होगी वहां बैलेट पेपर के जरिये मतदान करने का प्रावधान होगा। राजनीतिज्ञ लोगों के लिए इस तरह की कोई व्यवस्था चुनाव आयोग नहीं करेगा।

-डॉ. इंद्रजीत, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो