scriptदेश में दो आदमी बेचने वाले, दो खरीदने वाले : खरगे | There are two sellers and two buyers in the country: Khage | Patrika News
सतना

देश में दो आदमी बेचने वाले, दो खरीदने वाले : खरगे

फूड प्वाइजनिंग से राहुल का सतना दौरा रद्द, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की सभा

सतनाApr 22, 2024 / 10:37 am

Ramashankar Sharma

lok sabha satna 2024

सतना की जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी और शाह पर साधा निशाना

शाह की लॉन्ड्री में धुल जाता है करप्शन, 27 लोग हो चुके क्लीन

मोदी सरकार में न गरीब खुश न किसान, कहां गए अच्छे दिन

सतना। राहुल गांधी को फूड प्वाइजनिंग होने पर उनकी जगह सतना आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह, आडानी और अंबानी पर भी सियासी तीर चलाए। कहा कि देश में दो आदमी बेचने वाले हैं और दो खरीदने वाले। मोदी और शाह एयरपोर्ट, रोड, जमीन, पब्लिक सेक्टर बेच रहे हैं और आडानी-अंबानी खरीद रहे। मोदी के अच्छे दिनों पर भी हमला बोला। मप्र की कमलनाथ सरकार की तारीफ की। सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली मनमोहन सरकार की भी चर्चा की। मोदी के 400 पार के नारे पर भी चुटकी लेने से नहीं चूके। दावा किया कि पहले चरण की 102 सीटों पर हुए चुनाव में इंडिया गठबंधन को भारी बहुमत मिल रहा है।
रविवार की दोपहर करीब 2 बजे सतना पहुंचे खड़गे ने राहुल गांधी के न आने पर माफी मांगते हुए कहा कि बेरोजगारी और महंगाई गरीबों की जान जा रही। इससे एक ही आदमी मोदी खुश है। उनका स्लोगन है सबका साथ सबका विकास, बाकी लोगों का सत्यानाश। उनका काम सिर्फ कांग्रेस को गाली देना, गांधी परिवार को गाली देना और संविधान का सत्यानाश करना है। प्रजातंत्र, लोकशाही और डेमोक्रेसी को मोदी खत्म करते आ रहे हैं। कहते हैं कि डाॅक्टर अंबेडकर ऊपर से भी नीचे आए तो संविधान नहीं बदलेगा।
गिनाए मोदी के झूठ

  • मोदी ने कहा था कि अगर मैं पीएम बना तो सभी को15-15 लाख रुपए काला धन बाहर से लाकर दूंगा किसी को मिला क्या?
  • युवाओं को 2-2 करोड़ नौकरी देने की बात कही थी। 10 साल हो गए, 20 करोड़ नौकरी आपको मिली?
  • किसानों से कहा था कि आमदनी डबल कर दूंगा। हो गई क्या?
महंगाई को ऐसे समझाया
  • यूपीए सरकार में पेट्रोल 67 रुपए था। मोदी सरकार में 100 रुपए से ज्यादा है। 2014 की सरकार अच्छी थी या अब 100 रुपए पेट्रोल देने वाली। डीजल 52 रुपए था, अब 88 रुपए पार हो चुका है।
  • 10 किलो आटा पहले 210 रुपए में मिलता था। आज 447 रुपए हो गया है। दूध 39 रुपए लीटर था, आज 66 रुपए हो गया है।
  • देशी घी 300 रुपए था, आज 705 रुपए हो गया। सरसो तेल 52 रुपए था, अब 150 रुपए लीटर मिल रहा।
  • अरहर दाल 80 रुपए थी, आज 188 रुपए हो गई है।
कांग्रेस सरकार की तारीफ
खरगे ने कांग्रेस की पिछली सरकारों की तारीफ की। कहा, जवाहर लाल नेहरू ने 16-17 साल सरकार चलाई। उनकी पंचवर्षीय योजनाओं में सभी काम दिखेंगे। आईटी दिखेगा, एम्स दिखेगा, रेलवे की तरक्की दिखेगी। जिस देश में एक सुई नहीं बनती थी, उस देश में साइंस और टेक्नाेलॉजी का बढ़ावा देकर राकेट बनाने का काम किया। इंदिरा गांधी ने उस राकेट को उड़ाया। हम लोग जो वादे करते हैं वो निभाते हैं। गरीबों के लिए जो अच्छा करना चाहिए सोनिया गांधी ने करके दिखाया। मनरेगा, खाद्य सुरक्षा बिल कांग्रेस ने दिया। आज जो मोदी 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की बात कर रहे हैं ये हमारा बनाया कानून है। अगर मोदी भी चाहें तो इसे नहीं निकाल सकते। सोनिया के नेतृत्व में मनमोहन सिंह ने 72 हजार करोड़ रुपए किसानों का कर्जा माफ किया था। जबकि, मोदी सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपए अमीरों का कर्जा माफ किया, लेकिन गरीब- किसानों का कर्जा माफ नहीं किया। बैंकों को इन्होंने बर्बाद कर दिया।
आरएसएस प्रमुख भागवत को भी घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आरएसएस प्रमुख भागवत को भी घेरा। भाजपा नेताओं का काम सिर्फ कांग्रेस व गांधी परिवार को गाली देना है। मोदी प्रजातंत्र को खत्म कर रहे हैं। इनके एमपी, एमएलए, मोहन भागवत कहते हैं कि हमें दो तिहाई बहुमत दो, हम संविधान बदलेंगे। इन्हें 400 सीट इसलिए चाहिए ताकि देश का संविधान बदल दें। सवाल किया कि क्या ऐसे इंसान के नेतृत्व देना चाहिए?
पार्टी का नाम नहीं लेते मोदी

खरगे ने इशारों में कहा कि मोदी ने भाजपा को हाशिए पर ला दिया। वो पार्टी का नाम ही नहीं लेते। मोदी की गारंटी, मोदी की छत्तीस इंच छाती, ये मोदी की देन वो मोदी की देन। सब मोदीमय कर दिया है।
मोदी ने माताओं और बहनों के जज्बात से खेला

खरगे ने आधी आबादी को साधने की को​शिश की। कहा, मोदी ने माताओं और बहनों के जज्बात से खेला है। चूल्हे में बहने वाले मां-बहनों के आंसुओं का हवाला देकर राहत की बात कही थी, लेकिन किया नहीं। कांग्रेस के जमाने में जो सिलेण्डर 414 रुपए का था, वह आज 1100 रुपए कर दिया। अगर वोट दिए तो यह 1200 रुपए हो जाएगा।
गिनाए कमलनाथ के काम

खरगे ने मध्यप्रदेश में 15 माह वाली कमलनाथ सरकार के काम गिनाए। बताया कि इस सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण दिया। 100 यूनिट बिजली 100 रुपए में दी। कन्या विवाह की राशि 28 हजार से बढ़ा कर 51 हजार रुपए की। युवाओं को रोजगार और निवेश पर जोर दिया।
400 पार पर चुटकी, शाह पर निशाना

खरगे ने मोदी के 400 पार नारे पर चुटकी भी ली। कहा, पिछले दो चुनाव में इतना नहीं घूमे, जितना मोदी आज गांव-गांव घूम रहे हैं। अब तो कोई पार्षद भी आता है तो उसे गले लगा लेते हैं। व्यंग्य कसा कि आप 400 पार करने वाले हैं तो घर-घर जाकर क्यों कह रहे कि हमारी पार्टी में आओ। उन्होंने कभी पैसे, कभी पद, कभी भय दिखाकर विभिन्न पार्टियों के 444 एमएलए चुरा लिया। इन सभी को पहले भ्रष्टाचारी बताते थे, लेकिन अब गृहमंत्री शाह की वाशिंग मशीन में धुल कर 27 बड़े चेहरे करप्शन से क्लीन हो गए।
सतना में बढ़ाएंगे रोजगार

सतना को खूबसूरत शहर बताते हुए खरगे ने जनता को कांग्रेस की पांच न्याय गारंटी भी दी। कहा, उनकी सरकार बनी तो सतना में रोजगार बढ़ाने का काम करेंगे। जो कल कारखाने बंद हो गए उनको चालू कराएंगे।

खरगे के सतना में 30 मिनट
17 मिनट- मोदी और शाह
3 मिनट- अदाणी और अंबानी
10 मिनट – कांग्रेस और वादे

टाइम लाइन
29.17 मिनट बोले खरगे
मोदी – 24 बार
भाजपा – 1 बार
शाह-2 बार
लोकतंत्र – 2 बार
सोनिया – 3 बार
कांग्रेस – 8 बार
संविधान – 5 बार
महंगाई – 2 बार
विकास – 2 बार
बेरोजगारी- 2 बार

Home / Satna / देश में दो आदमी बेचने वाले, दो खरीदने वाले : खरगे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो