scriptघरेलू मांग बढ़ने से चढ़ा सोना, इतनी बढ़ गई 10 ग्राम की कीमत | Gold Silver Price Update 17 September: gold silver price up | Patrika News
कारोबार

घरेलू मांग बढ़ने से चढ़ा सोना, इतनी बढ़ गई 10 ग्राम की कीमत

17 सितंबर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी का भाव

नई दिल्लीSep 17, 2018 / 04:48 pm

Manoj Kumar

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में रही घटबढ़ के बीच कम भाव पर जेवराती मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार 17 सितंबर 2018 को सोना 180 रुपए चमककर 31,600 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 180 रुपए की बढ़त में 37,680 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 2.75 डॉलर चमककर 1,196.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। हालांकि, दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 0.20 डॉलर की गिरावट में 1,200.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
डॉलर मजबूत होने के बाद भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका सोना

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में पीली धातु की कीमत पर दो विपरीत कारकों का प्रभाव है। एक तरफ कम भाव के कारण निवेशकों की ओर से मांग बढ़ गई है, तो दूसरी तरफ दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से इस पर दबाव बढ़ गया है। इसके अलावा चीन के 200 अरब डॉलर के अन्य उत्पादों पर सीमा शुल्क लगाने की अमरीका की पूरी तैयारी को देखते हुए निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर 0.10 डॉलर की बढ़त के साथ 14.12 डॉलर प्रति औंस बिकी।
औद्योगिक उठाव बढ़ने से चांदी में भी 180 रुपए की बढ़त

स्थानीय बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी में रहते हुए सोना स्टैंडर्ड 180 रुपए की बढ़त के साथ 31,600 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 31,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक उठाव बढ़ने से चांदी हाजिर 180 रुपए चमककर 37,680 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 310 रुपए की बढ़त में 37,200 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली के भाव गत दिवस के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

– सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,600

– सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,450

– चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,680
– चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,200

– सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000

– सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

– गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500

Home / Business / घरेलू मांग बढ़ने से चढ़ा सोना, इतनी बढ़ गई 10 ग्राम की कीमत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो