—————————————————————–
– एक महीने पहले हुई थी लापता- पड़ोसी ने 1 लाख रूपए के खातिर देह व्यवसाय में ढकेला था।
कोलकाता•Nov 14, 2018 / 04:47 pm•
Jyoti Dubey
कैनिंग से लापता किशोरी मुंबई के रेड लाईट एरिया से मिली
कोलकाता. दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र के रेंदोखाली इलाके से लापता किशोरी को मुंबई के रेडलाईट इलाके से बरामद किया गया। वह 1 महीने से लापता थी। पुलिस और परिजन दोनों ही उसे पिछले 1 महीने से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तलाश रहे थे लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार लगभग 1 महीने पहले 14 वर्षीय यह किशोरी घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। स्कूल की छुट्टी हो जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने इधर-उधर तलाशने के बाद उसके गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई। जिसके बाद से ही उसकी तलाशी जारी थी। 1 महीने के बाद अचानक एक दिन उसके पिता के मोबाईल पर उसने फोन किया। उसने बताया कि पड़ोसी अनार सरदार ने उसे उसकी मां के बीमार होने की झूठी जानकारी देकर अस्पताल ले जाने की बात कही। रास्ते में उसे नशीली दवा लगा रूमाल सुंघाकर बेहोश किया और अपहरण कर मुंबई ले जाकर 1 लाख रुपए में बेच दिया। फोन कॉल के आधार पर कैनिंग थाने की पुलिस मुंबई पहुंची और वहां के रेड लाईट इलाके से नाबालिका को छुड़ा कर बंगाल ले आई। फिलहाल नाबालिका को सुधार गृह में रखा गया है। जांच में जुटी पुलिस के अनुसार किशोरी के मिलने की खबर आरोपी के कान में पहुंचते ही वह इलाका छोडक़र भाग खड़ा हुआ है। उसकी तलाशी की जा रही है। इसके साथ ही उसके साथ इस धंधे में कौन-कौन शामिल है? वह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
—————————————————————–