scriptझालरापाटन से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और खानपुर से नरेन्द्र नागर फिर से होंगे चुनावी रण में | Rajasthan Assembly election 2018 : CM Raje ticket from Jhalrapatan | Patrika News
झालावाड़

झालरापाटन से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और खानपुर से नरेन्द्र नागर फिर से होंगे चुनावी रण में

www.patrika.com/rajasthan-news/

झालावाड़Nov 12, 2018 / 06:20 pm

rohit sharma

झालावाड़।

भारतीय जनता पार्टी के रविवार रात घोषित प्रत्याशियों की सूची में सत्रह सीटों में से ग्यारह सीटों पर नाम घोषित कर दिए गए। इसमें से पार्टी ने अपने नौ विधायकों पर भरोसा जताया है और उन्हें दुबारा आजमाने का दाव लगाया है।
वहीं दो विधायकों, रामगंजमंडी से चन्द्रकांता मेघवाल और मनोहर थाना से कंवरलाल मीणा की छुट्टी कर दी है। इस तरह के कयास पहले से ही राजनीतिक हल्कों में लगाए जा रहे थे। भाजपा की सूची लगभग वैसी ही आई है। जिन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। उनमें से अधिकांश को पहले से ही हरी झंडी दे दी गई थी, इन नेताओं ने अपने इलाकों में जनसम्पर्क भी शुरू कर दिया था।
कोटा उत्तर में पार्टी ने अपने विधायक प्रहलाद गुंजल को ही मैदान में उतारा है, वहां पार्टी के पास कोई दूसरा विकल्प भी नहीं था। सामने कांग्रेस के पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के होने से इस सीट पर राज्य भर की निगाह है। कोटा दक्षिण में अनेक नाम चर्चाओं में चले, भाजपा के करीब-करीब सभी ब्राह्मण नेता इस सीट से दावेदारी कर रहे थे। इस सीट पर सांसद ओम बिडला का काफी प्रभाव है। टिकट वितरण में यहां बिडला की चली और शर्मा का टिकट पक्का हो गया। रामगंजमंडी में पूर्व मंत्री मदन दिलावर को टिकट दिया गया है। वे अटरू से चुनाव लड़ते रहे थे।
परिसीमन में सीट के आकार बदलने के बाद उनके लिए सीट थोडी मुश्किल हो गई थी। पिछले मई में कोटा उत्तर के विधायक प्रहलाद गुंजल ने उन्हें अपशब्द कह दिए थे। इसके बाद वे राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री समेत अनेक स्तरों पर मामले को लेकर गई,लेकिन पार्टी ने उनकी नहीं सुनीं। दिलावर रामगंजमंडी में बाहरी प्रत्याशी होंगे और उनके लिए चुनौती बड़ी होगी।
सांगोद से हीरालाल नागर को टिकट दिया गया है। नागर समाज के काफी वोट होने और नागर के अविवादित होने से उन्हें टिकट मिलने की उम्मीद थी। बूंदी में अशोक डोगरा दावेदारों की दौड़ में वे सबसे आगे चल रहे थे।
झालरापाटन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और खानपुर से नरेन्द्र नागर फिर से मैदान में होंगे। यहां मनोहर थाना सीट से कंवर लाल मीणा का टिकट कटना कोई अप्रत्याशित नहीं है। बारां से कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के लिए मुकाबला कठिन हो सकता है। सैनी अपने माली मतदाताओं के बूते किसी करिश्मे की उम्मीद कर रहे हैं। यहां कांग्रेस के दावेदार पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया हैं। वे पिछले पांच साल से तैयारी में जुटे हैं।
किशनगंज से पार्टी ने ललित मीणा को प्रत्याशी बनाया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस किसी सहरिया को यहां से प्रत्याशी बना सकती है। छबडा से प्रताप सिंह सिंघवी के टिकट की भी उम्मीद थी, वे पिछले चुनाव में हाडोती में सर्वाधिक मतों से जीते थे। उनका क्षेत्र में काफी प्रभाव भी है।

Home / Jhalawar / झालरापाटन से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और खानपुर से नरेन्द्र नागर फिर से होंगे चुनावी रण में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो