scriptझारखंड को मिली बड़ी सौगात,पीएम मोदी ने श्रीनगर से किया जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिलान्यास | PM Modi Laid the foundations of Jamshedpur Womens University | Patrika News
जमशेदपुर

झारखंड को मिली बड़ी सौगात,पीएम मोदी ने श्रीनगर से किया जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिदगोड़ा के में 18एकड़ भूमि पर 89 करोड़ की लागत से बनेगी यूनिवर्सिटी…
 
 

जमशेदपुरFeb 03, 2019 / 08:45 pm

Prateek

pm

pm

(रांची,जमशेदपुर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू कश्मीर के श्रीनगर स्थित एसकेआईसीसी से झारखंड के प्रथम महिला विश्वविद्यालय ‘जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी’ का ऑनलाइन शिलान्यास किया। इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर विमेंस कॉलेज के इनडोर स्टेडियम में उपस्थित थे।

 

दौडी खुशी की लहर

प्रधानमंत्री द्वारा श्रीनगर के एसकेआईसीसी में ऑनलाइन शिलान्यास होते ही इस बात की औपचारिक घोषणा हुई कि जमशेदपुर वुमेन कॉलेज जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय बन गया। पूरे झारखंड राज्य के प्रथम महिला विश्वविद्यालय की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण प्रधानमंत्री के हाथों संपन्न होते ही कॉलेज परिसर में हर्षोल्लास की लहर दौड़ गई। कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी व्यक्त की। जमशेदपुर विमेन कॉलेज के रूप में कार्यरत उक्त शिक्षण संस्थान के इनडोर स्टेडियम में कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉक्टर शुक्ला मोहंती, कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकगण एवं छात्राएं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े हुए थे।


इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आजादी के 70 वर्ष बीतने के बाद झारखंड में पहली बार महिला विश्वविद्यालय का शिलान्यास हो रहा है। आज का दिन विशेष रूप से राज्य की आधी आबादी लिए ऐतिहासिक दिन है। यह विश्वविद्यालय जमशेदपुर के हृदय स्थल सिदगोड़ा में सूर्य मंदिर के बगल में लगभग 18 एकड़ जमीन पर बनेगा। जिसके लिए राज्य सरकार 56 करोड़ और केंद्र सरकार 33 करोड़ रुपए देगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और राज्य की बच्चियां हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। बच्चियों के अंदर जो प्रतिभा है इस प्रतिभा को शिक्षा के माध्यम से और खेल के क्षेत्र में निखारने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा की उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात जो वर्ष 2010-11 में 10.1प्रतिशत था वह वर्ष 2017-18 में 18प्रतिशत हो गया है। वर्ष 2004 तक राज्य में 5 सरकारी विश्वविद्यालय थे, सरकार द्वारा अब तक 4 नए सरकारी विश्वविद्यालय की शुरुआत की गई जिसमें विनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय, रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय, झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय तथा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय खोले जा चुके हैं।


प्रदेश में होंगे 10 सरकारी विश्वविद्यालय

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद राज्य में सरकारी विश्वविद्यालयों की कुल संख्या 10 हो जाएगी जिसमें से पांच विश्वविद्यालय में विगत 4 वर्षों में अस्तित्व में आने की शुरुआत हुई। निजी विश्वविद्यालयों की संख्या जो पहले 4 थी गत 4 वर्षों में बढ़कर 15 हो गई है।

Home / Jamshedpur / झारखंड को मिली बड़ी सौगात,पीएम मोदी ने श्रीनगर से किया जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिलान्यास

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो