scriptबुध ने किया राशि परिवर्तन, जानिये आप पर क्या पड़ेगा इसका प्रभाव! | Budh ka rashi parivartan janiye aap par prabhav astrology horoscope | Patrika News
भोपाल

बुध ने किया राशि परिवर्तन, जानिये आप पर क्या पड़ेगा इसका प्रभाव!

सूर्य और बुध के संयोग से इन राशियों को मिलेगा खास लाभ, सभी 12 राशियों को देगा अलग-अलग परिणाम…

भोपालSep 19, 2018 / 12:32 pm

दीपेश तिवारी

rashi parivartan on 19sep2018

बुध ने किया राशि परिवर्तन, जानिये आप पर क्या पड़ेगा इसका प्रभाव!

भोपाल। ज्योतिष शास्त्र में बुध को एक खास ग्रह माना जाता है। ये बुद्धि व शिक्षा का कारक ग्रह होने के साथ ही मिथुन और कन्या राशि का स्वामी है। वहीं बुध के कारक देवता श्रीगणेश माने जाते हैं।

इस ग्रह में सबसे खास बात ये है कि ये जिसके भी साथ बैठता है तकरीबन उसी के प्रभाव में आकर वैसा ही फल प्रदान करने लगता है। इसका सबसे खास योग दशम भाव पर सूर्य के साथ बनता है, इस स्थिति में जहां ये बुद्धादित्य योग बनाता है। वहीं ये योग किसी भी व्यक्ति की सफलता में चार चांद लगाने का काम करने के अलावा व्यक्ति को कई प्रकार से मदद करता है।

दरअसल पंडित सुनील शर्मा के अनुसार बुध ग्रह ने आज यानि 19 सितंबर को सुबह 4 बजकर 14 मिनट पर कन्या राशि में प्रवेश कर लिया है और 6 अक्टूबर शनिवार तक इसी राशि में स्थित रहेंगे। इससे पहले ये सिंह राशि में भ्रमण कर रहे थे।

वहीं इस बार बुध ग्रह ने बुधवार को ही राशि परिवर्तन किया है। और ऐसे समय जब श्रीगणेश उत्सव चल रहा है। यानि आपने ही कारक देवता के उत्सव के दौरान बुध ने बुधवार को राशि परिवर्तन किया है। जो कई मायनों में काफी शुभ है।

वहीं अभी कन्या राशि में सूर्य पहले से ही मौजूद होने के कारण यहां 6 अक्टूबर तक सूर्य बुध का योग बना रहेगा। ज्योतिषशास्त्र में बुध को व्यापार, शिक्षा, बुद्धि एवं धन को भी प्रभावित करने वाला कहा गया है।

पंडित शर्मा के अनुसार बुध का अपने ही कारक देवता श्रीगणेश के उत्सव के दौरान बुधवार का परिवर्तन कई प्रकार से आपको प्रभावित करेगा। जहां एक ओर यह कई राशि वालों को अत्यधिक शुभता प्रदान करेंगे वहीं कुछ राशि वालों को इनके इस परिवर्तन से कष्ट भी हो सकता है। तो आइये जानते है कि इस परिवर्तन का आप पर क्या असर होगा…

ये पड़ेगा राशियों पर असर…
1. मेष : बुध का आपकी राशि के छठे भाव में गोचर आपके लिए काफी शुभ रहेगा। इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति में मजबूती होगी। इसके साथ ही आपकी लाइफ स्टाइल में कई सकारात्मक बदलाव सामने आएंगे। शारीरिक और आर्थिक सेहत स्थिर रहने के आसार हैं। बुध के प्रभाव से व्यावसायिक जीवन लाभकारी होगा।
2. वृषभ : इस समय आप खुद को सौभाग्यशाली समझ सकते हैं। हालांकि आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल बुध आपकी राशि के पांचवे भाव में प्रवेश कर रहे हैं। यह गोचर आपके लिए शुभ परिणाम लेकर आ रहा है। इसके अलावा अगर आप प्रॉपर्टी के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं तो आपको फायदा होगा। वहीं विद्यार्थियों को भी सफलता मिलेगी।
3. मिथुन : बुध आपकी राशि का स्वामी है, जो आपकी राशि के चौथे भाव में गोचर करते हुए आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। इस दौरान आप धन की बचत करने में सफल रहेंगे। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। घर में वातावरण और खुशहाली का माहौल रहेगा। जीवनसाथ के साथ आपके रिश्ते और अधिक मजबूत और मधुर होंगे। साथ ही आपको छोटे भाई-बहनों का भी सहयोग मिलने की भी संभावना है।
4. कर्क : तीसरे स्थान में बुध का राशि परिवर्तन आपको पराक्रमी बनाएगा। इससे आप आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। आर्थिक स्थिति के तौर पर देखा जाए तो यह आपके लिए शुभ रहेगा। लेकिन आप आत्मविश्वास से ऐसा कोई गलत कदम ना उठा लें, जिसका खामियाजा आपको भुगतना पड़े।
5. सिंह : आपकी राशि के दूसरे भाव में बुध का गोचर आपके लिए धन प्राप्ति के योग बना रहा है। कॅरियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आपको कई अवसर प्राप्त होंगे। आर्थिक दृष्टि से भी यह समय आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। ऑफिस में अधिकारी वर्ग और साथ काम करने वाले आपका काम में पूरा सहयोग करेंगे।
6. कन्या : आपकी ही राशि में प्रथम भाव अब बुध गोचर कर रहा है। व्यावसायिक ही नहीं आपके व्यक्तिगत जीवन में भी उत्साह बना रहेगा। लेकिन इस दौरान आपको आर्थिक मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ सकता है। जीवनसाथी का भरपूर साथ मिलेगा। भाई-बहनों से प्यार और लाभ मिलेगा। कार्यस्थल पर आपके मान-सम्मान में वृद्धि होने की उम्मीद है।
7. तुला : इस समय आपको अपनी मेहनत पर यकीन रखना चाहिए। इस दौरान आपका समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। इस समय आप धन का लेन-देन सोच-समझकर करें। इस समय आपको विरोधियों से थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। इस समय बुध आपकी राशि के बारहवें भाव में गोचर कर रहा है। इस गोचर में आपका भाग्य आपका साथ देगा।
8. वृश्चिक : इस समय धनलाभ के योग बनेंगे। घर में मांगलिक कार्यक्रम हो सकता है। पिताजी के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाणी पर संयम रखें, कोर्ट-कचहरी के चक्कर में ना पड़ें। जल्दबाजी में कोई भी निर्णय ना लें। आपकी राशि के ग्यारहवें भाव में बुध का गोचर आपके लिए कई सौगात लेकर आएगा।
9. धनु : यह समय कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति का संकेत कर रहा है। इस समय आपका प्रमोशन हो सकता है। इसका मुख्य कारण ये है कि बुध इस समय आपके दसवें यानि कर्म भाव में गोचर कर रहा है। वहीं आपके बिजनेस में भी विस्तार होने की संभावना है। वाहन चलाने में विशेष सावधानी की आवश्‍यकता है। घर परिवार का वातावरण बेहद अच्छा रहेगा। समाज में आपकी छवि सुधरेगी।
10. मकर : यह समय आपके लिए मिश्रित फलदायी होगा। आपको कठीन परिश्रम के चलते सफलता जरूर मिलेगी। इस समय आप धन संबंधी मामलों में थोड़ा सोच-विचार कर फैसला लें। कोर्ट-कचहरी के मामलों के फैसले आपके पक्ष में आ सकते हैं। बुध आपकी राशि के नौवें भाव में गोचर कर रहा है।
11. कुंभ : आपकी राशि के आठवें भाव में बुध का गोचर आपको आर्थिक और व्यापारिक क्षेत्र में मुनाफा देगा। प्रेम जीवन आपका सामान्य रहेगा। पिता के साथ वैचारिक मतभेद ना हों, इसका ध्यान रखें। सामाजिक जीवन में आपको मान-सम्मान की प्राप्ति होगी।
12. मीन : यदि नौकरी या व्यवसाय में आपको परिवर्तन करने की इच्छा है तो इस समय कोई कदम ना उठाएं। कामकाज के मामले में यह समय आपका सामान्य रहेगा। नया घर तथा वाहन खरीदने के योग बन रहे हैं। आपकी राशि के सातवें भाव में बुध का गोचर होने से इस समय आप सोच-विचार कर अपना फैसला लें।

Home / Bhopal / बुध ने किया राशि परिवर्तन, जानिये आप पर क्या पड़ेगा इसका प्रभाव!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो