scriptबजट देखकर उड़ गए पाषदों के होश! | Budget of Renwal Municipality in English | Patrika News
बगरू

बजट देखकर उड़ गए पाषदों के होश!

समझ नहीं आया पालिका का अंग्रेजी बजट, इओ ने अनुवाद कर समझाया

बगरूFeb 14, 2019 / 06:07 pm

Teekam saini

Budget of Renwal Municipality in English

बजट देखकर उड़ गए पाषदों के होश

रेनवाल (जयपुर). रेनवाल नगर पालिका का बजट देखकर पाषदों के होश उड़ गए। हुआ यूं कि शुक्रवार को यहां नगर पालिका का बजट पारित कर दिया गया था। साधारण सभा के दौरान बजट को अंग्रेजी में प्रकाशित कर इसकी प्रतियां पार्षदों में बांटी गई। जिसे देखकर पाषदों के होश उड़ गए। वह एक-दूसरे की ओर देखने लगे, क्योंकि अंग्रेजी का यह बजट उन्हें समझने में ही नहीं आया। बाद में ईओ ने अनुवाद कर पार्षदों को बजट समझाया।
जानकारी अनुसार बुधवार को रेनवाल नगर पालिका की साधारण सभा पालिकाध्यक्ष सुमन कुमावत की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी मनोहरलाल जाट की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही पार्षदों को अंग्रेजी में लिखे वित्तीय वर्ष सत्र 2019-20 के बजट की प्रतियां सौंपी गई। इस पर पार्षद एक-दूसरे की ओर देखने लगे। बाद में पार्षदों ने इस पर आपत्ति जताई। पार्षद राजकुमार कुमावत ने पूछा कि इसमें अंग्रेजी में क्या लिखा है, समझाएं। इस पर ईओ मनोहरलाल ने बजट का संक्षिप्त अनुवाद कर पार्षदों को समझाया। हालांकि पार्षदों ने मांग की कि बजट प्रति हिंदी में भी होनी चाहिए, लेकिन ज्यादा विरोध नहीं होने से इसी बैठक में पालिका का बजट पारित कर दिया गया।
25.10 करोड़ का बजट पारित
बैठक में सर्वसम्मति से 25 करोड़ 10 लाख रुपए का बजट पारित किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से कस्बे में चार सामुदायिक भवन व चार पार्क बनाने का प्रस्ताव लिया गया। वहीं कस्बे के विभिन्न चौराहों पर महापुरुषों की मूर्तियां लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया। सब्जी मंडी बनाने के संबंध में अधिशासी अधिकारी जाट ने कहा कि पहले एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी में सब्जी यूनियन के सदस्य, व्यापार मंडल सदस्य व नगर पालिका कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। उसके बाद सब्जी मण्डी बनाने का निर्णय किया जाएगा। बैठक में 25 में से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित 12 पार्षद ही उपस्थित रहे।
पार्षदों की शैक्षणिक योग्यता
दसवीं: उपाध्यक्ष मुकेश गोयल, पार्षद पेमाराम सेपट, शांति देवी, रामोतार शर्मा, सोनू कंवर, रमजान मोहम्मद, संतोष गुप्ता।
बारहवीं: सुनिल सांखला, रियाजुद्दीन कुरैशी, राजकुमार कुमावत।
स्नातक: पालिकाध्यक्ष सुमन कुमावत, पार्षद सुभाष दायमा, ओमप्रकाश रैगर, आरती देवी, सुनीता जाट, उमाकुमारी आर्य, संतरा देवी, धर्मेंद्र चौधरी, शारदा देवी, राजकुमार कुमावत, सुमन बांगड़वा, भंवरलाल कुमावत, सन्तोष बाजिया, ममता कुमावत।
स्नाकोतर: सुमन सबल।
इनका कहना है
समय रहते मुझे बताया जाता तो मैं बजट हिंदी में प्रकाशित करवा देता।
मनोहरलाल जाट, इओ नगर पालिका, रेनवाल
बजट अंग्रेजी में बनाया है, यह हिंदी में होता तो पार्षदों को अच्छी तरह समझ आता। मुझे कुछ समझ में नहीं आया।
राजकुमार कुमावत, पार्षद, वार्ड 14
अंग्रेजी में बजट होने से पार्षद एक-दूसरे से यही पूछ रहे थे कि इसमें क्या है।
सुनील सांखला, पार्षद, वार्ड 03

Home / Bagru / बजट देखकर उड़ गए पाषदों के होश!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो