scriptगुजरात की ‘वाइब्रेंट’ विधानसभा वेबसाइट नहीं अपडेट | Gujarat's 'Vibrant' Assembly Website No Update | Patrika News

गुजरात की ‘वाइब्रेंट’ विधानसभा वेबसाइट नहीं अपडेट

locationअहमदाबादPublished: Jan 13, 2019 12:00:46 am

Submitted by:

Rajesh Bhatnagar

पर एक वर्ष से लगा हुआ है ब्रेक

gujarat assembly website

गुजरात की ‘वाइब्रेंट’ विधानसभा वेबसाइट नहीं अपडेट

राजेश भटनागर
अहमदाबाद. गुजरात में इस महीने भले ही 9वें वाइब्रेंट गुजरात समिट-2019 का आयोजन हो रहा हो, लेकिन जनता के हित में कानून व अध्यादेश पारित करने वाली गुजरात की वाइब्रेंट विधानसभा की वेबसाइट पर पिछले एक वर्ष से जैसे ब्रेक लगा हुआ है। कई जानकारी अपडेट नहीं हुई तो कई पुरानी ही दिखा रही है।
14वीं गुजरात विधानसभा के लिए वर्ष 2017 के अंतिम महीने यानी दिसंबर में चुनाव हुए और उसी महीने में नई सरकार ने शपथ ग्रहण किया। इसके बावजूद गुजरात विधानसभा की वेबसाइट एक वर्ष से अधिक समय बाद भी अपडेट नहीं हुई है। हालांकि गुजरात विधानसभा की वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर तारीख नियमिततौर पर अपडेट होती है, लेकिन अन्य कई महत्वपूर्ण अपडेट नहीं किए गए।
‘नाम बड़े और दर्शन खोटे’
बात अगर विधानसभा के गठन के बारे में की जाए तो इस वेबसाइट पर मात्र 13वीं विधानसभा तक ही अपडेट दर्शाया जा रहा है। सदस्य (एमएलए) के बारे में 13वीं विधानसभा के सदस्यों की जानकारी उपलब्ध है। सदस्यों के बारे में जानकारी के लिए क्लिक करने पर एक नंबर सीट अबडासा से कांग्रेस के गोहिल शक्तिसिंह व 2 नंबर सीट मांडवी से भाजपा के छेडा ताराचंद को सदस्य दर्शाया गया है। यानी यहां नाम बड़े और दर्शन खोटे वाली कहावत चरितार्थ हो रही है।
छह महीने बाद भी कुंवरजी केबिनेट की सूची में नहीं :
केबिनेट के बारे भी अपडेट उपलब्ध नहीं है। दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के साथ 8 केबिनेट मंत्रियों व 10 राज्यमंत्रियों ने शपथ ग्रहण की थी। उनके बारे में ही सूची उपलब्ध है। उसके बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर कुंवरजी बावलिया को वर्ष 2018 के जुलाई महीने में केबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, लेकिन 6 महीने बीतने के बावजूद केबिनेट की जानकारी अपडेट नहीं की जा सकी है।
हालांकि प्रीवियस सेशन की जानकारी आंशिक अपडेट की गई है। इसमें 14वीं विधानसभा के केवल प्रथम सत्र (बजट सत्र) 19 फरवरी से 28 मार्च तक कुल 27 सीटिंग होने की जानकारी उपलब्ध है लेकिन सितंबर में आयोजित हुए द्वितीय सत्र (मानसून सत्र) के बारे में कोई अपडेट उपलब्ध नहीं है।
फोटो गैलरी में अब भी वजूभाई वाला ही ऑनरेबल स्पीकर
फोटो गैलरी के हाल तो और भी बुरे हैं। इसमें तीन स्थान पर ऑनरेबल स्पीकर वजूभाई वाला को फोटो सहित दर्शाया गया है। वर्तमान में राजेंद्र त्रिवेदी विधानसभा अध्यक्ष हैं। हालांकि वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर राजेंद्र त्रिवेदी को अध्यक्ष दर्शाया है। वजूभाई वाला तो 30 अगस्त 2014 तक ही इस पद पर रहे।
उनके बाद दो कार्यवाहक अध्यक्ष व दो अध्यक्ष रहे। वजूभाई वाला को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के कारण 9 नवंबर 2014 तक मंगूभाई पटेल कार्यवाहक अध्यक्ष, 7 अगस्त 2016 तक गणपत वसावा अध्यक्ष, 22 अगस्त 2016 तक पर्बतभाई पटेल कार्यवाहक अध्यक्ष, 16 फरवरी 2018 तक रमणलाल वोरा अध्यक्ष रहे, उनके बाद से अब तक राजेंद्र त्रिवेदी अध्यक्ष हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो