scriptदक्षिण गुजरात में भाजपा की सुनामी, कांग्रेस का सफाया | BJP sweeps Tsunami in Congress, South Gujarat | Patrika News
सूरत

दक्षिण गुजरात में भाजपा की सुनामी, कांग्रेस का सफाया

वलसाड-डांग संसदीय सीट पर बड़ी जीत की ओर भाजपा प्रत्याशी केसी पटेल कांग्रेस प्रत्याशी जीतू चौधरी से 1,99,000 से ज्यादा मतों की बढ़त

सूरतMay 23, 2019 / 02:21 pm

Sunil Mishra

patrika

दक्षिण गुजरात में भाजपा की सुनामी, कांग्रेस का सफाया


सुनील मिश्रा. वलसाड/वापी. भाजपा इस बार के लोकसभा चुनाव में भी भारी जीत की ओर अग्रसर है। दक्षिण गुजरात की वलसाड, बारडोली, भरुच, सूरत, नवसारी लोकसभा सीट के अलावा संघ प्रदेश दमण-दीव एवं दादरा नगर हवेली में भाजपा प्रत्याशी बड़ी जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर हैं।
वर्ष 2014 की तरह 2019 के लोकसभा चुनाव में भी वलसाड-डांग संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर केसी पटेल बड़े अंतर से जीत दर्ज करने जा रहे हैं। अब तक हुई मतगणना के अनुसार केसी पटेल कांग्रेस प्रत्याशी जीतू चौधरी से 1,99,000 से ज्यादा वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना की शुरुआत से ही केसी पटेल की बढ़त का सिलसिला जारी रहा। कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले आदिवासी विस्तारों से भी केसी पटेल को भारी बढ़त मिली है। उनकी जीत की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है।
वर्ष 2014 में करीब 2,08000 की लीड से इस सीट पर जीत दर्ज करने वाले केसी पटेल इस बार उस रिकॉर्ड को भी तोडऩे की ओर अग्रसर हैं। उनकी जीत तय मानी जा रही है और इसी के साथ वलसाड संसदीय सीट के साथ जुड़ा यह मिथ एक बार फिर सच साबित होने जा रहा है कि जिसने जीता वलसाड, उसने केन्द्र में बनाई सरकार।
नवसारी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी सीआर पाटील ने दोपहर दो बजे तक ४ लाख मतों से बढ़त बनाए हुए थे। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के धर्मेश पटेल को काफी पीछे छोड़ दिया है। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के बाद से लगभग हर राउण्ड में पाटील ने बढ़त बनाए रखी।
इसी तरह बारडोली लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रभु वसावा अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी तुषार चौधरी से १९९५४५ मतों से आगे चल रहे थे। हालांकि उनकी जीत सुनिश्चित ही है।
भरुच लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मनसुख वसावा बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं। समर्थकों ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए पुष्पमालाओं से लादना शुरू कर दिया है।
संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली लोकसभा सीट में ९वें राउंड की मतगणना तक भाजपा प्रत्याशी नटू पटेल अपने निकटतम प्रत्याशी मोहन डेलकर से ६६२२ मतों से बढ़त बनाए हुए थे। दमण-दीव लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी लालूभाई पटेल अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के केतन पटेल पर करीब दस हजार वोटों से बढ़त बनाए हुए थे।

Home / Surat / दक्षिण गुजरात में भाजपा की सुनामी, कांग्रेस का सफाया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो