scriptहरियाणा में जाटलैंड से भी कांग्रेस को उखाडने के लिए भाजपा व इनेलो की दो रैलियां | Indian National Lok Dal and bjp will organize two rally in haryana | Patrika News
सोनीपत

हरियाणा में जाटलैंड से भी कांग्रेस को उखाडने के लिए भाजपा व इनेलो की दो रैलियां

सत्तारूढ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल इनेलो इस बैल्ट में रैली कर कांग्रेस के सामने चुनौती खडी करने जा रहे है…

सोनीपतOct 06, 2018 / 08:36 pm

Prateek

file photo

file photo

(चंडीगढ/सोनीपत): वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के वजूद को रोहतक,झज्जर,सोनीपत,बहादुरगढ ओर बादली के जाटलैंड ने ही बचाया था। देशवाली बैल्ट के नाम से मशहूर इस क्षेत्र में तब कांग्रेस को कुल 15 में से 10 विधानसभा सीटें मिली थीं। इस तरह कांग्रेस कुल 15 सीटें हासिल कर विधानसभा में तीसरा स्थान हासिल कर पाई थी। आगामी वर्ष के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को उखाडने की तैयारी है। सत्तारूढ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल इनेलो इस बैल्ट में रैली कर कांग्रेस के सामने चुनौती खडी करने जा रहे है।

 

मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल ने 7अक्टूबर को अपने संस्थापक और पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सोनीपत जिले के गोहाना में सम्मान दिवस रैली का आयोजन किया है। पिछले विधानसभा चुनाव में 19 सीटें जीत कर मुख्य विपक्षी दल के दर्जे पर ठहरे इंडियन नेशनल लोकदल की रणनीति अगले वर्ष के विधानसभा चुनाव में इस जाटलैंड में कांग्रेस से सीटें छीनकर सत्तारूढ होने की है।


इनेलो ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बसपा के साथ गठबंधन किया है और बसपा नेता मायावती ने भी सम्मान दिवस रैली में आने की मंजूरी दी है। अभी इनेलो के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला भी पेरोल पर बाहर है और अपने पिता देवीलाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित रैली में पहुंचेंगे। देवीलाल का जन्मदिन 25 सितम्बर को होता है लेकिन वर्षा के कारण 25 सितम्बर को आयोजित इस रैली की तिथि बढाकर 7अक्टूबर की गई।

 

दूसरी ओर प्रदेश में सत्तारूढ भाजपा अपने को सत्ता में लगातार दूसरी बार कायम रखने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा ने रोहतक जिले के गांव गढी सांपला में सर छोटूराम की 64 फीट उंची प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों कराने का कार्यक्रम आगामी नौ अक्टूबर को रखा है। देश की आजादी से पूर्व ब्रिटिशराज में किसान कल्याण के काम करने वाले छोटूराम को ब्रिटिश सरकार ने सर की उपाधि से विभूषित किया था। गढी सांपला सर छोटूराम का पैतृक गांव है।

 

सर छोटूराम के पौत्र चौधरी बीरेन्द्र सिंह केन्द्र की मोदी सरकार में इस्पात मंत्री है। सर छोटूराम की प्रतिमा चैधरी बीरेन्द्र सिंह की देखरेख में ही तैयार की गई है। भाजपा सर छोटूराम की प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री के हाथों करवाकर जाट मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने का प्रयास कर रही है। सर छोटूराम ने ब्रिटिशराज में अविभाजित पंजाब की सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए कृृषि संबंधी सुधार किए थे और जाट किसानों को जागरूक किया था। सर छोटूराम की यह प्रतिमा सालभर पहले तैयार कर ली गई थी और इसे अनावरण का इंतजार था।

Home / Sonipat / हरियाणा में जाटलैंड से भी कांग्रेस को उखाडने के लिए भाजपा व इनेलो की दो रैलियां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो