scriptरफाल सौदे पर आरोप लगाने पर फंसे संजय सिंह, मानहानि केस में अहमदाबाद कोर्ट से आया नोटिस | Ahmedabad Court Will Sent Notice to AAP leader Sanjay Singh over his allegations in Rafale deal | Patrika News
राजनीति

रफाल सौदे पर आरोप लगाने पर फंसे संजय सिंह, मानहानि केस में अहमदाबाद कोर्ट से आया नोटिस

संजय सिंह का आरोप है कि 36 विमान के सौदे में 36,000 करोड़ रुपए का घोटाला शामिल है।

Oct 17, 2018 / 09:52 pm

Kapil Tiwari

Sanjay Singh

Sanjay Singh

नई दिल्ली। रफाल सौदे को लेकर देश की सियासत में पिछले कई दिनों से घमासान देखने को मिल रहा है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर इस मुद्दे को लेकर हमलावर है। हर पार्टी का नेता बीजेपी को रफाल मुद्दे पर घेर रहा है। इस बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को रफाल मुद्दे पर ही बयान देना भारी पड़ गया। दरअसल, उन्हें अहमदाबाद कोर्ट से मानहानि का एक नोटिस आया है, जो रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की दायर याचिका के बाद भेजा गया है।

नोटिस के बाद संजय सिंह की आई प्रतिक्रिया

आने वाले दिनों में संजय सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राफेल सौदे को लेकर लगाए गए आरोपों पर रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के दायर दीवानी मानहानि मामले में अहमदाबाद की एक अदालत ने उन्हें नोटिस भेजा है। इस नोटिस को लेकर संजय सिंह ने कहा है कि वो रफाल सौदे में हुए कथित घोटाले को लेकर अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे और अदालत के सामने अपना अभिवेदन (जवाब) दायर करेंगे।

संजय सिंह का बयान, लड़ाई रखूंगा जारी

संजय सिंह ने ट्वीट कर इस नोटिस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘भारत माता के नाम पर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे लोगों के लिए मेरे मन में कोई सम्मान नहीं है, मैं इस घोटाले के खिलाफ अपनी आवाज उठाना जारी रखूंगा।’

20 अक्टूबर को देंगे नोटिस का जवाब

संजय सिंह ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें एक नोटिस आया था, जिसमें 5 हजार करोड़ रुपए की क्षति की मांग की गई थी। संजय सिंह ने बताया कि रफाल सौदे को लेकर ही उनके विचारों के लिए उन्हें अनिल अंबानी और रिलायंस डिफेंस लिमिटेड सहित उनकी कंपनियों की ओर से फरवरी में एक नोटिस मिला था जिसमें 5 हजार करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति की मांग की गई थी। उन्होंने कहा, ‘मैंने नोटिस का जवाब दे दिया था और अब उन्होंने अदालत जाने का मार्ग चुना है, मैं अदालत में इसके निर्देशानुसार 20 अक्टूबर को अपना जवाब दायर करूंगा।’

संजय सिंह ने लगाए हैं ये आरोप

आपको बता दें कि रफाल सौदे को लेकर संजय सिंह समय-समय पर मोदी सरकार पर हमला करने में काफी आगे रहे हैं। वो मोदी सरकार पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने कई अवसरों पर राफेल सौदे को ‘बड़ा घोटाला’ करार दिया है। संजय सिंह का आरोप है कि 36 विमान के सौदे में 36,000 करोड़ रुपए का घोटाला शामिल है।

Home / Political / रफाल सौदे पर आरोप लगाने पर फंसे संजय सिंह, मानहानि केस में अहमदाबाद कोर्ट से आया नोटिस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो