स्थानीय सूत्रों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता व जिलाध्यक्ष अणुब्रत मंडल के पैतृक गांव हाटसेरांदी में सोमवार की सुबह से तृणमूल और भाजपा के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया। रुक-रुक कर झड़प शुरू हो गई। दोपहर मे हालात बिगड़ गई। दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। कथित तृणमूल समर्थकों की ओर से चलाई गई एक गोली शंकरी बागदी के सीने में लग गई। गोली लगने के साथ ही वह जमीन पर ढेर हो गई। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मारपीट की घटना कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने कहा कि घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। आला अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। विवाद क्यों हुआ? गोली किसने चलाई? इस बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चला है। जांच के बाद ही सबकुछ साफ होगा।
ग्रामीणों के अनुसार शंकरी का बेटा पहले तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता था। कुछ महीना पहले पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गया था। वर्तमान में वह इलाके में भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। स्थानीय भाजपा नेताओं का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने शंकरी को निशाना बना कर गोली चलाई और उसे मार डाला। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय तृणमूल नेताओं का बयान नहीं आया था।