गुरूवार को लोकसभा चुनाव के चलते हैदराबाद, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, काचीगुडा आदि स्टेशनों से हैदराबाद से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई। कड़क धूप के बावजूद काफी लोगों ने मतदान के लिए सफर किया। इनको अपने मंजिल तक पहुँचाने में दक्षिण मध्य रेलवे (दमरे) ने नया रिकॉर्ड बनाया। सिकंदराबाद स्टेशन से 10 अप्रैल को 1 लाख 24 हजार लोगों ने यात्रा की। सिकंदराबाद स्टेशन से 8, 9 और 10 अप्रैल को मिलाकर 3,38,558 यात्रियों ने विभिन्न स्टेशन के लिए यात्रा की, जबकि हैदराबाद स्टेशन से 70,231, काचीगुडा से 64,377 और लिंगमपल्ली से 59,560 यात्रियों ने सफर किया। शहर के इन प्रमुख स्टेशनों से कुल 4,32,987 लोगों ने विभिन्न जगहों के लिए यात्रा की। 10 अप्रैल को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से 96 हजार अनारक्षित यात्रिओं और 28 हजार आरक्षित यात्रियों ने सफर किया। स्टेशन के इतिहास में यह दमरे से यात्रियों की यात्रा करने की सबसे बड़ी संख्या है। इसी के साथ सड़क के रास्ते से हजारों की संख्या में मतदाता तेलंगाना के जिलों में या आंध्र प्रदेश में स्थित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए जिससे राष्ट्रीय महामार्गों विशेषकर विजयवाड़ा हाईवे पर बसों और कारों की लम्बी लाइनें देखी गई।