scriptगूंजे महावीर के जयकारे, धर्ममयी हुई हुब्बल्ली, निकाली शोभायात्रा, हर्षोल्लास के साथ मनाया भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव | Patrika News
हुबली

गूंजे महावीर के जयकारे, धर्ममयी हुई हुब्बल्ली, निकाली शोभायात्रा, हर्षोल्लास के साथ मनाया भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

कई धार्मिक कार्यक्रम, हुए दान-पुण्य के आयोजन

हुबलीApr 21, 2024 / 07:21 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

mahavir

mahavir janm kalyanak

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समूचे यहां हुब्बल्ली समेत कर्नाटक के विभिन्न शहरों में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली गई। वृद्धाश्रम व अनाथ आश्रम में सेवा कार्य किए गए। गौशालाओं में गोसेवा के कार्यक्रम हुए। इसके साथ ही दिनभर दान-पुण्य के कई आयोजन हुए। हुब्बल्ली में भी भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर रविवार को शोभायात्रा निकाली गई। जैन परम्परा में 24 तीर्थंकर हुए हैं। वर्तमान कालीन चौबीस तीर्थंकरों की श्रृखंला में प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव और 24 वें एवं अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी हैं। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक को देश-विदेश में बड़े ही उत्साह के साथ पूरी आस्था के साथ मनाया जाता है।
श्रावक-श्राविकाओं ने दिखा उत्साह
भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर रविवार सुबह शांतिनाथ भगवान मंदिर परिसर से शोभायात्रा रवाना हुई। श्री जैन मरुधर संघ हुब्बल्ली के तत्वावधान में निकाली शोभायात्रा कंचगार गली, बेलगांव गली, महावीर गली, ब्रॉडवे, दुर्गद बेल, हीरेपेट होते हुए पुन: शांतिनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर निकाली शोभायात्रा में मुनि निर्मोहप्रभ विजय, साध्वी आत्मदर्शनाश्री एवं साध्वी हर्षपूर्णाश्री समेत अन्य साधु-साध्वियों का सान्निध्य मिला। शोभायात्रा में श्रावक-श्राविकाओं में खूब जोश एवं उत्साह देखा गया। इस दौरान त्रिशला नंदन वीर की जय बोलो महावीर की…, सिद्धार्थ के लाल की जय बोलो महावीर की…., महावीर का नारा है जिनशासन हमारा है…, महावीर ने क्या दिया अहिंसा का संदेश दिया…., वीरों में तूं वीर है इसीलिए महावीर है…, गली-गली से आई पुकार महावीर प्रभु की जय-जयकार… समेत अन्य नारे गुंजायमान हो रहे थे। शोभायात्रा का रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने साधु-साध्वियों से आशीर्वाद ग्रहण किया। शोभायात्रा में बैंड की मधुर धुनों के साथ भगवान महावीर पर आधारिक भक्ति गीत बज रहे थे। शोभायात्रा की रवानगी से पहले श्रावक-श्राविकाओं ने शांतिनाथ भगवान मंदिर में दर्शन किए।
महावीर के संदेश को जीवन में उतारें
शोभायात्रा के बाद आयोजित धर्मसभा में मुनि निर्मोहप्रभ विजय ने कहा कि हम भगवान महावीर के बताए संदेशों को जीवन में उतारें। इसी से हमारे जीवन का कल्याण होगा।
भगवान महावीर आदर्श पुरूष थे। उन्होंने मानवता को एक नई दिशा दी है। उनके बताए हुए अहिंसा, सत्य आदि मार्गों पर चलकर विश्व में शांति हो सकती है। महावीर के उपदेशों में एक संपूर्ण जीवन दर्शन है। एक जीवन पद्धति है। आज की समाज को इस जीवनपद्धति की कहीं ज्यादा जरूरत है। उन्होंने हुब्बल्ली में निकाली शोभायात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि निसंदेह इससे हमने भगवान महावीर स्वामी के संदेश को आगे बढ़ाया है। इस तरह के भक्तिभाव से सेवा कार्य किए जाने चाहिए। दूसरे संघों में भी इससे एक अच्छा संदेश गया है।

Home / Hubli / गूंजे महावीर के जयकारे, धर्ममयी हुई हुब्बल्ली, निकाली शोभायात्रा, हर्षोल्लास के साथ मनाया भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो