scriptबीजी रोड पर  लगाया जाम | Jammed on bg road | Patrika News
गुना

बीजी रोड पर  लगाया जाम

-दो माह से पानी को लेकर थे परेशान-आरओ प्लांट के खिलाफ भी आक्रोश

गुनाJun 12, 2019 / 06:58 pm

brajesh tiwari

patrika

बीजी रोड पर  लगाया जाम

गुना. दो माह से पानी की समस्या से जूझ रहे भुल्लनपुरा के लोगों का सब्र बुधवार को टूट गया। बच्चों और महिलाओं ने बजरंगगढ़ रोड को जाम कर दिया। जाम के बीच से निकल रही पुलिस की डायल १०० को भी खदेड़ दिया। रहवासी कालोनी में लगाए आरओ प्लांट को बंद कराने भी डटे रहे। यहां करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद प्रशासन और नपा के आश्वासन पर लोगों को शांत कराया। दरअसल, भुल्लनपुरा में पानी की पुरानी लाइन में पानी नहीं आ रहा है। दो महीने से रहवासी परेशान हैं। गणेश नाम से लगे आरओ प्लांट के बाद ट्यूबवेल और हैंडपंपों में से पानी निकलना बंद हो गया। बीते दो दिन में बस्ती में पानी को लेकर हाहाकर मच गया। इसके बाद लोग सड़कों पर उतर आए। बच्चों ने अपने हाथों में डंडे लेकर वाहनों को रोक दिया। महिलाएं भी खाली बर्तन लेकर जाम लगाने में शामिल हुईं।

पीछे लौटकर भागी डायल १००


लोगों ने करीब १० बजे जाम लगा दिया। इसी बीच आरोन की ओर से डायल १०० आ पहुंची। भीड़ के बीच से ही चालक ने गाड़ी को निकालने का प्रयास किया। भीड़ गाड़ी की ओर दौड़ पड़ी। लोगों का गुस्सा देख डायल १०० के चालक को गाड़ी पीछे करनी पड़ी और वह हड्डीमिल से होकर बाइपास पर गाड़ी निकाली।

प्रशासन पहुंचा तब माने लोग


राजमार्ग पर पानी को लेकर हो रहे हंगामें को शांत कराने प्रशासन पहुंचा। नायब तहसीलदार सोनू गुप्ता ने लोगों की समस्या सुनी और बस्ती में टैंकर से पानी भिजवाने का आश्वासन दिया। नपा ने एक दिन में नई लाइन चालू कराने का भरोसा दिया। प्लांट की जांच करने की मांग पूरी होने पर लोग सड़क से हटे।

दस ट्यूबवेल सूखे, भेजते हैं ९० टैंकर
भीषण गर्मी में शहर के लोग पानी को लेकर परेशान हैं। लोगों को ट्यूबवेल से ही पानी की पूर्ति की जा रही है। नपा के जल प्रकोष्ठ के अनुसार ४३५ ट्यूबवेलों में से १० ट्यूबवेल जल स्तर गिरने से बंद पड़े हैं। हर दिन ७० से ९० टैंकर पानी सप्लाई किया जाता है। इसके बाद भी कई हिस्सों में पानी की समस्या बनी हुई है।

वर्जन
पानी की समस्या को लेकर लोगों ने जाम लगा दिया था। एक दिन में समस्या हल हो जाएगी। बिना एनओसी के आरओ प्लांट लगा है। उसे बुलाया है। डायल १०० को भगाने का मामले हमारे सामने नहीं हुआ।
-सोनू गुप्ता, नायब तहसीलदार

दो महिलाओं का व्यक्तिगत मामला था। उनके यहां पानी नहीं पहुंचा था। जिसे सुधरवा दिया है। शहर में पानी की समस्या नहीं है। जहां से मांग आती हैं, वहां टैंकर भेज देते हैं।
-जीके अग्रवाल, प्रभारी जल प्रकोष्ठ नपा

Home / Guna / बीजी रोड पर  लगाया जाम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो