scriptदेवी देवताओं का शौर्य प्रदर्शन आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी | Thousands of pilgrims came to seek blessings of gods and goddesses | Patrika News
गरियाबंद

देवी देवताओं का शौर्य प्रदर्शन आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी

पैरी उद्गम में मध्य रात्रि से हजारों की संख्या में लोग पहुंच कर जहां ब्रम्ह मुहुर्त में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान किया

गरियाबंदFeb 20, 2019 / 05:14 pm

Deepak Sahu

cg news

देवी देवताओं का शौर्य प्रदर्शन आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी

मैनपुर. माघी पुन्नी पर मंगलवार को क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल पैरी उद्गम में मध्य रात्रि से हजारों की संख्या में लोग पहुंच कर जहां ब्रम्ह मुहुर्त में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान किया और प्रसिद्ध प्राकृतिक शिव मंदिर, मां पैरी मंदिर सहित देवी देवताओं के मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना करने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
यहां प्राकृतिक मनोरम दृश्य व धार्मिक स्थल होने के कारण अन्य वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक शिव मंदिर सहित पहाड़ी पर मां पैरी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं को पैरी उद्गम के कुंड से निकल रहे जल को प्रसाद के रूप में दिया जाता है, जिसे श्रद्धालुगण पूरे आस्था के साथ ग्रहण करते हैं। सुबह से देर रात तक इस पहाड़ी के सीढिय़ों में हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, तो वहीं भाठीगढ़ स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर मे भी पूजा अर्चना करने श्रद्धालु उमड़ पड़े। यहां पैरी समिति के द्वारा भंडारा की भी व्यवस्था की गई थी।
पैरी उद्गम पहाड़ी के नीचे पुन्नी मेला का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र के आदिवासी संस्कृति के अनुसार देवी देवताओं की विशेष पूजा अर्चना की गई। क्षेत्रभर के प्रमुख देवी देवताओं की डांग डोली, ध्वज पहुंची और मां दंतेश्वरी, मां बम्हनीन, मां शीतला, मां भाठीगढ़ीन, मां बस्तरीन, मां जिड़ारिन के साथ सभी देवी देवताओं की झांकर पुजारी बैगा सिरहा के द्वारा विशेष पूजा अर्चना के बाद देवी देवताओं की शोभायात्रा निकालकर मड़ाई बिहाई गई। इस दौरान देवी देवताओं से आशीर्वाद लेने क्षेत्रभर के लोग उमड़ पड़े। देवी देवताओं के शौर्य प्रदर्शन व नृत्य को भी देखने लोगों में एक अलग उत्साह देखा गया। क्षेत्रभर के लोगों ने देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर क्षेत्र में सुख शांति समृद्धि खुशहाली की कामना की।
यहां का माघी पुन्नी मेला काफी प्रसिद्ध माना जाता है। माघी पुन्नी मेला पर आदिवासी संस्कृति की एक अलग ही झलक देखने को मिलती है। इस मौके पर प्रमुख रूप से ग्राम प्रमुख हेमसिंह नेगी, नकछेड़ा राम, कुंवरंिसंह, आशाराम यादव, छबिलाल दीवान, मुख्तियार दीवान, प्रेमसाय जगत, नाथूराम धुर्वा, पवन दीवान, देवी सिंह, शोभा राम कुम्हार, सरपंच ईश्वर नागेश, खेदू नेगी सहित क्षेत्र भर के झांकर पुजारी बैगा सिरहा बड़ी संख्या मे उपस्थित थे।

Home / Gariaband / देवी देवताओं का शौर्य प्रदर्शन आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो