भाजपा प्रत्याशी की टक्कर सैफई परिवार के दो दिग्गज प्रसपा पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और गठबंधन प्रत्याशी अक्षय यादव से होगी। उनका यहां से चुनाव जीतना इतना आसान नहीं है। गठबंधन प्रत्याशी और प्रसपा प्रत्याशी दोनों ही मजबूत प्रत्याशियों में हैं। इससे पहले अक्षय यादव समाजवादी पार्टी की टिकट से चुनाव जीतकर सांसद चुने गए थे। अब ऐसे में देखना होगा कि भाजपा प्रत्याशी को कितनी सफलता मिल सकेगी।
डॉ.चन्द्रसेन जादौन काफी पुराने भाजपाई कार्यकर्ता हैं। वे वर्तमान में ब्रज क्षेत्र संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ सिरसागंज में पार्टी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें पार्टी ने जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी थी। बता दें कि इस सीट पर भाजपा का मुकाबला सैफई परिवार से है। समाजवादी पार्टी से सांसद अक्षय यादव मैदान में हैं तो प्रसपा से खुद शिवपाल यादव ने कमान संभाली है।
कई बड़े नाम इस लोकसभा सीट पर टिकट के दावेदार थे, जिनमें पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक और आगरा जिला पंचायत अध्यक्ष जैसे नाम शुमार हैं। लेकिन, भाजपा ने सामान्य व्यक्ति को टिकट देकर सभी आंकड़े ध्वस्त कर दिए। फिरोजाबाद सीट पर भाजपा को जीत की तलाश कई सालों से रही है। अक्षय यादव ने पिछले चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल को हराया था।
डॉ.चन्द्रसेन जादौन पुत्र ब्रजपाल सिंह (60) बीएएमएस है। सिरसागंज के ऊमरी गांव से ताल्लुक रखते हैं। इन दिनों सिरसागंज के अध्यापक नगर में रहते हैं। वहीं सिरसागंज के हैवतपुर रोड पर क्लीनिक चलाते हैं। साल 1996 में भाजपा ने इन्हें घिरोर विधानसभा से चुनाव से मैदान में उतारा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। https://www.facebook.com/patrikauttarpradesh/ https://twitter.com/PatrikaUP