scriptऊपरी बहाव क्षेत्र में जलकुंभी की भरमार | In the Upper Drift Area, the swarm of hyacinth | Patrika News
सूरत

ऊपरी बहाव क्षेत्र में जलकुंभी की भरमार

कोजवे तक ही सीमित रहा तापी शुद्धिकरण अभियान

सूरतApr 07, 2018 / 11:44 am

विनीत शर्मा

patrika
सूरत. शहर भाजपा की पहल पर शुरू हुआ तापी शुद्धिकरण अभियान पार्टी के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को संपन्न हो गया। एक पखवाड़े तक चले इस अभियान का पूरा फोकस कोजवे पर ही दिखा। कोजवे से ऊपरी क्षेत्र में तैरती जलकुंभी का निराकरण पार्टी के महाअधियान के लिए अंत तक चुनौती बना रहा।
वालक से शहर में प्रवेश करती तापी नदी का शहर में बहाव क्षेत्र करीब 22 किमी का है। शहर भाजपा प्रमुख नितिन भजियावाला की पहल पर रामनवमी को अभियान की शुरुआत सात जगह से हुई थी। इनमें दो जगहों वणजारा वास और पागल बाबा घाट पर पहले ही दिन सफाई अभियान चला। बाकी दिनों में पार्टी के कार्यकर्ता इन जगहों पर नजर नहीं आए। मनपा टीम भी उन्हीं जगहों पर दिखी, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
मनपा की ओर से जारी आंकड़े भी इस बात की गवाही दे रहे हैं कि मनपा और भाजपा टीम का पूरा फोकस कोजवे पर ही रहा। अभियान के दौरान सबसे ज्यादा 7286 क्यूबिक मीटर जलकुंभी भी यहीं निकाली गई। दूसरा बड़ा आंकड़ा रांदेर इंटेक वेल का रहा, जहां 6844 क्यूबिक मीटर जलकुंभी निकाली गई। वराछा रामजी घाट पर 4740 क्यूबिक मीटर, सरथाणा वाटर वक्र्स पर 2999 क्यूबिक मीटर और कतारगाम वाटर वक्र्स पर 1952 क्यूबिक मीटर जलकुंभी निकाली गई। वणजारा वास में पहले दिन 656 और पागल बाबा घाट पर 163 क्यूबिक मीटर समेत पूरे अभियान के दौरान 24637 क्यूबिक मीटर जलकुंभी तापी से निकाली गई। इन सरकारी आंकड़ों से साफ है कि शहर के बहाव क्षेत्र में ही तापी को जलकुंभी मुक्त करने में मनपा और भाजपा टीम के हाथ आंशिक सफलता हाथ लगी है। खासकर कोजवे से ऊपर के बहाव क्षेत्र में अभियान के समापन के बाद भी नदी की सतह जलकुंभी से अटी पड़ी है।
प्रशासन का रहा सहयोग

भाजपा के तापी शुद्धिकरण अभियान में मनपा प्रशासन का भी सहयोग रहा। अभियान के दौरान मनपा प्रशासन ने संसाधन ही नहीं, अपनी टीम भी अभियान में झोंकी थी। मशीनों से मनपा टीम ने चिन्हित जगहों पर तापी में जलकुंभी उखाड़ कर नावों में डाली। भाजपा टीम और नितिन भजियावाला के आह्वान पर अभियान में जुटे लोगों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने किनारे आई नावों से जलकुंभी को उतारकर बाहर डालने का काम किया। बाद में जलकुंभी को स्थलवार बनाए गए डंपिंग जोन में भेजा गया।
आंशिक सफलता

तापी शुद्धिकरण महाअभियान को आंशिक सफलता मिली है। शहर में कई क्षेत्रों में तापी नदी जलकुंभी से अटी पड़ी है। तापी में नियमित सफाई अभियान की जरूरत है। मनपा प्रशासन को इस तरह के प्रयास करने होंगे, जिससे जलकुंभी की समस्या से स्थाई निजात मिले।
चारुल कसवाला, पार्षद
अभियान सफल

तापी नदी को जलकुंभी की समस्या से निजात दिलाए जाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। शहर प्रमुख नितिन भजियावाला की पहल पर शुरू हुआ अभियान पूरी तरह सफल रहा। नदी में जलकुंभी निकालने के साथ ही हम लोगों को यह बताने में भी सफल रहे कि नदी की सफाई का दायित्व सरकारी मशीनरी ही नहीं आम आदमी की भी जिम्मेदारी है।
पीवीएस शर्मा, उपाध्यक्ष, शहर भाजपा
महाआरती से हुआ समापन

patrika
रामनवमी पर्व से शुरू हुए तापी शुद्धिकरण अभियान का समापन भाजपा के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को महाआरती से हुआ। शहर प्रमुख नितिन भजियावाला के नेतृत्व में टीम भाजपा शाम करीब छह बजे कोजवे पर जमा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोग भी मौजूद थे। लोगों ने तापी की महाआरती कर नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प किया।

Home / Surat / ऊपरी बहाव क्षेत्र में जलकुंभी की भरमार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो