देवनगरी दौसा में पूरे दिन भगवान श्रीकृृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। मंदिरों में भजनों की गूंज सुनाई दी। मंदिरों की विशेष सजावट कर नटखट, माखनचोर, दही हांडी फोड़ आदि झांकियां सजाई गई। झांकियों के दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। मंदिरों के गर्भगृह तथा बाहरी आवरण पर रंग-बिरंगी रोशनी लगाकर आकर्षक साज-सज्जा की गई।
इन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
शहर के आस्थाधाम गिरिराजधरण, श्याम मन्दिर चरणधाम, सहजनाथ, मोदी का तिबारा स्थित गोविन्ददेव, सोमनाथ महादेव, नीलकण्ठ, बैजनाथ महादेव, नर्बदेश्वर, दुर्गामंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई। यह क्रम रात बारह बजे कान्हा जन्म के बाद तक जारी रहा। मन्दिरों में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को नाचने को मजबूर कर दिया।
श्याम प्रभु का अलौकिक शृंगार किया गया। आगरा रोड स्थित गिरिाजधरण मंदिर में तो झांकी के दशनों के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। व्रत-उपवास रखे श्रद्धालुओं ने रात को सागार भोजन किया। आदर्श विद्या मंदिर की ओर से बच्चों की राधा-कृष्ण सहित अन्य सजीव झांकियां सजाकर शोभायात्रा निकाली गई। ब्रह्मपुरी स्कूल के प्रधानाचार्य परमानंद शर्मा ने बताया कि सर्वसमाज की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।