scriptपायलट व गहलोत ने साधा सरकार पर निशाना | Pilot and Gehlot target small government | Patrika News
दौसा

पायलट व गहलोत ने साधा सरकार पर निशाना

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

दौसाSep 12, 2018 / 08:04 am

gaurav khandelwal

congress bus

पायलट व गहलोत ने साधा सरकार पर निशाना

दौसा. जयपुर से करौली संकल्प यात्रा में जा रहे कांग्रेस नेताओं ने जिले में कई जगह स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मोहन प्रकाश, सीपी जोशी, रामेश्वर डूडी, सांसद रघु शर्मा, कर्णसिंह यादव, रघुवीर मीना, महादेव खण्डेला सहित अन्य नेताओं का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में अप्रत्याशित समर्थन मिल रहा है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री अपनी सभाओं में जनता के कपड़े, मोजे और दुपट्टे काले होने के कारण उतरवा रही है। वहीं कांग्रेस सभी को अच्छे माहौल में आमंत्रित कर रही है, चाहे वह काले कपड़े पहने या पीले।

पायलट ने कहा कि प्रदेश में राजस्थान गौरव यात्रा सरकारी खर्च पर निकल रही है। हाईकोर्ट की फटकार के बावजूद भी भाजपा ने सबक नहीं लिया और सरकारी खर्च जारी है। वे प्रतिदिन मुख्यमंत्री से एक सवाल पूछते हैं, लेकिन जवाब देने के बजाय उल्टा आरोप लगा रही है। लोकतंत्र में पहली बार यह देखने को मिल रहा है कि सत्ताधारी पार्टी विपक्ष पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि 4 साल के कार्यकाल का जवाब देने के बजाय कांग्रेस पर आरोप लगाना बौखलाहट दर्शाता है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा साढ़े चार वर्ष में मुख्यमंत्री ने जनता की सुध नहीं ली और किसी से मिली नहीं। अब राजस्थान गौरव यात्रा निकाल रही है। यह गौरव यात्रा नहीं एक विदाई यात्रा साबित होगी। भाजपा शासन में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है। भ्रष्टाचारियों ने बजरी को भी नहीं छोड़ा। इसके चलते प्रदेश के सभी निर्माण कार्य भी रुक गए। आम आदमी मकान तक नहीं बना सका। उन्होंने कहा कि एक बजरी का ट्रक 30 से 40 हजार रुपए में आ रहा है। बजरी माफिया और पुलिस वाले सभी मिले हुए हैं। भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए। गहलोत ने दावा किया कि भाजपा का हारना निश्चित है।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव मुरारीलाल मीना, जीआर खटाणा, ममता भूपेश, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, नगर परिषद चेयरमैन मुरलीमनोहर शर्मा, प्रधान दीनदयाल बैरवा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र गुर्जर, रामस्वरूप जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश शर्मा, घनश्याम शर्मा सहित कई नेता मौजूद थे।

Home / Dausa / पायलट व गहलोत ने साधा सरकार पर निशाना

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो