नगर निगम की लापरवाही का खमियाजा जनता को चुकाना पड़ रहा है। वर्षा जल संग्रहण के लिए जगह-जगह गड्ढे खोद दिए पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। कई बार इन गड्ढों में गिरकर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं तो कई बार पेड़ के बगल में गड्ढा खोदने से पेड़ कमजोर होकर गिर रहे हैैं। लापरवाही और अनदेखी के लिए ठेकेदार कंपनी के साथ निगम के अफसर भी जिम्मेदार हैं। पिछले दो दिन में दो ऐसी वारदातें हुई जिसमें वृद्धा सहित दो लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी।
दरअसल वर्षा जल संग्रहण के लिए अण्णा नगर इलाके में गड्ढे खोदे गए हैैं। शुक्रवार को यात्रियों को लेकर एक ऑटो अण्णा नगर के १३वें एवेन्यू की ओर जा रहा था। उसी दौरान विशालकाय पेड़ ऑटो पर गिर गया। ऑटो में सवार आनंद लक्ष्मी (६०), भुवनेश्वरी (४०), सात साल का बच्चा समरुद्दीन और ऑटो चालक सतीश घायल हो गए। पेड़ गिरने की घटना के बाद वहां हलचल मच गई और वहां मौजूद लोगों ने पेड़ को हटाकर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को केएमसी अस्पताल में पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आग व बचाव विभाग के कर्मी वहां पहुंच गए और पेड़ को काटकर अलग किया।
इससे पहले बुधवार को एण्णूर इलाके में सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी।