scriptकांग्रेस राजा, महाराजा-उद्योगपति के दम पर मांग रही वोट | Congress Raja, Maharaja-industrialist's vote on demand | Patrika News
भोपाल

कांग्रेस राजा, महाराजा-उद्योगपति के दम पर मांग रही वोट

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जमकर किया हमला

भोपालSep 25, 2018 / 11:38 pm

anil chaudhary

mp bjp

भोपाल में भाजपा का महाकुंभ, यहां दिखी मोदी मैजिक की झलक

भोपाल. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कार्यकर्ता महाकुंभ में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस मध्यप्रदेश में राजा, महाराजा और उद्योगपति की तिकड़ी के दम पर वोट मांग रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है, संकल्प लेने का दिन है। अगली जयंती के पहले पांच राज्यों के साथ ही लोकसभा में भी चुनाव होना है। हमें उनमें विजय का संकल्प लेना है। 10 सदस्यों से शुरू हुई पार्टी 11 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन गया है। केंद्र और मध्यप्रदेश में भाजपा ने ऐसा कोई काम नहीं किया कि हमारा सिर झुके। सीना चौड़ाकर जनता के सामने जाएं। शाह ने शिवराज की इस बात पर तारीफ की कि उन्होंने हाथ में कागज लिए बिना एक-एक योजना बताई। शाह ने कहा, शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बीमारू से विकसित राज्य बना है। अगले पांच साल में समृद्ध राज्य बनेगा।
– शाह ने डाउनलोड करवाया नमो ऐप
शाह ने कार्यकर्ताओं पूछा- आपने नमो ऐप डाउनलोड किया है या नहीं। उन्होंने सभास्थल पर ही नमो ऐप डाउनलोड करने को कहा। यह भी कहा कि भोपाल छोडऩे के पहले सभी कार्यकर्ता नमो ऐप डाउनलोड कर लें। उन्होंने बताया इस ऐप के जरिए हर कार्यकर्ता पार्टी को समय देने के लिए बता सकता है। पार्टी आपका खयाल रखेगी, आपको ढ्ूंढकर काम देगी। फैमिली प्लानिंग परिवार के लिए है, पार्टी के लिए नहीं। यहां तो परिवार का विस्तार करना है।
– कांग्रेस असफल होने पर कर रही गठबंधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोई चाय वाला, कोई गरीब मां का बेटा – शिवराज या योगी है तो वो गद्दी पर नहीं बैठ सकता, ऐसा कांग्रेस सोचती है। यहां गठबंधन पराजय के भय से पैदा हुआ है। असफलता नहीं मिलती तो कांग्रेस इतनी अहंकारी है कि कभी गठबंधन नहीं करती। यदि आत्मचिंतन किया होता तो आज हर किसी की गोद में बैठने की नौबत न आती।
– 2003 के रेकॉर्ड से ज्यादा सीटें आए तो मुझे संतोष होगा
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि 2003 में 173 सीटें भाजपा को मिली थीं। तब जनता ने ताकत लगाई थी। हम 2008 में संगठन के बल पर जीते। 2013 में मोदी लहर में हमें सीटें मिली थीं। 2018 का चुनाव कार्यकर्ताओं की प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। अगर हम 2003 का रेकॉर्ड तोड़ पाएं तो मुझे बहुत संतोष होगा। उमा ने कहा वे कल तक असमंजस में थीं कि कार्यक्रम में जाए या नहीं, क्योंकि अब वे झांसी से सांसद हैं। उमा ने कहा- मैंने शिवराज को फोन लगाकर पूछा था कि मेरे आने से उनको लाभ होगा क्या? शिवराज ने हां बोला तो उनके कहने पर आई हूं। उमा ने अपने भाषण के दौरान राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, अगर राम का नाम लेना अपराध है तो मुझे फांसी दे दो। हम राम के लिए जीएंगे, राम के लिए ही मरेंगे।
– सड़कों पर सिमट गई थी राहुल की रैली
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। बोले- कुछ दिन पहले बाबा आए थे। उनकी संख्या सड़कों पर सिमट गई थी। हिम्मत भी की तो दशहरा मैदान में सभा करने की। मैंने सोचा बाबा, परिपक्व हो गए, लेेकिन उन्होंने पहले संसद में प्रधानमंत्री से गले मिलने के बाद आंख वाली हरकत की और भोपाल आकर वही हरकत दोहराई। उन्होंने पूछा, दिग्विजय राज में बिजली आती थी क्या। लोग कहते थे, जब तक रहेंगे दिग्गी-जलती रहेगी डिब्बी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की लगभग सभी योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा, मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। बदला लेना है तो मुझसे लो जनता से क्यों बदला लेते हो। मैंने जनता के लिए संबल योजना बनाई तो वे उसे रोकने सुप्रीम कोर्ट तक चले गए। सामने वाली सेना का सेनापति ही तय नहीं हुआ है।
– सवर्ण-दलित संतुलन दिखा
भाजपा ने कार्यकर्ता महाकुंभ में सवर्ण और अनुसूचित जाति वर्ग के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की। मंच पर केंद्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के सिर्फ दो मंत्री मौजूद थे। सवर्ण वर्ग से डॉ. नरोत्तम मिश्रा और अनुसूचित जाति वर्ग से लाल ङ्क्षसह आर्य को मंच पर स्थान दिया गया। उधर, कार्यक्रम का आधा संचालन प्रदेश महामंत्री वीडी शर्मा ने किया तो आधा मनोहर ऊंटवाल ने। मंत्री उमाशंकर गुप्ता मंच पर थे, लेकिन उन्हें आयोजन संयोजक की भूमिका दी गई थी।
– झलकियां
मंच पर लिखा था- जनता की पुकार, फिर भाजपा सरकार
समय की कमी होने के कारण प्रभात झा, नरेंद्र सिंह तोमर और विनय सहस्त्रबुद्धे के भाषण नहीं हो सके।
ग्रुप फोटो के दौरान कैलाश विजयवर्गीय पीछे खड़े थे। रामलाल ने उन्हें आगे बुलवाया।
2013 के महाकुंभ में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और राजनाथ ङ्क्षसह मंच पर थे, जो इस बार नजर नहीं आए।
उमा भारती के आने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में उनके कटआउट लगाए गए
शिवराज सरकार के मंत्री नीचे अति विशिष्ट दीर्घा में थे। उधर विधायकों को सिर्फ विशिष्ट में स्थान मिला।
वाहन रोक लेने के कारण, कई विधायक महात्मा गांधी चौराहे से पैदल पहुंचे।
– पॉवर पंच
नरेन्द्र मोदी
– 1.12 बजे मोदी मंच पर पहुंचे।
– 3.7 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।
– 41.30 मिनट बोले मोदी।
– 22 बार भाइयो-बहनो कहा।
– 12 बार दीनदयाल उपाध्याय का नाम लिया।
– 6 बार शिवराज और 8 बार कांग्रेस का नाम लिया।
– 6 बार माथे से पसीना पोंछा और 3 बार पानी पीया।
अमित शाह
– 24.30 मिनट बोले।
– 05 बार दीनदयाल, 20 बार मोदी, 7 बार शिवराज का नाम लिया
– 6 बार राहुल गांधी और 8 बार कांग्रेस गई और भाजपा आई बोले।

शिवराज सिंह चौहान
– 27.30 मिनट बोले।
– 34 बार प्रधानमंत्री और 3 बार अमित शाह का नाम लिया।
– 7 बार राहुल गांधी और इंदिरा-राजीव का नाम एक-एक बार लिया।
** ऐसे कसे तंज –
– वर्षों पुरानी जो पार्टी 50-60 साल तक सत्ता में रही हो, जिसके सैकड़ों पूर्व सांसद, एमएलए, मुख्यमंत्री गवर्नर हों उसकी अब बुरी गति है। कांग्रेस को आत्मचिंतन करना होगा, आखिर ऐसा क्यों।
– कांग्रेस के 444 से 40 सांसद रह गए, लेकिन अहंकार नहीं गया।
– झलकियां
टीकमगढ़ से भाजपा विधायक केके श्रीवास्तव और उनके साथी ढोल-बाजे के साथ ‘मोदी अब समय नइया, जे दिन फिर आबे को नइयां, हम सबको मिलके फिर से भाजपा की सरकार…Ó लोकगीत गाते हुए आए।
भोपाल की महिला मोर्चा और कमल सखी की भाजपा कार्यकर्ता वंदना शाक्य, ज्योति वर्मा अपनी टीम के साभ पंडाल में भगवान के भजन-कीर्तन करती रहीं।
टीकमगढ़ जिले की मलेहरा विधानसभा से आए कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी के नाम पर लोकगीत बनाकर गाते हुए पहुंचे।
– खाने को लेकर रही दिक्कत
कार्यकर्ताओं के खान-पान की व्यवस्था गड़बड़ा गई। जो लोग पहले पहुंच गए उन्हें तो खाना मिल गया, लेकिन जैसे-जैसे कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ी अव्यवस्था फैल गई। दो, तीन और चार नंबर के पंडाल में खाना खत्म हो गया। कार्यकर्ता प्लेट लेकर एक-दूसरे पंडाल में दौड़ते दिखे। खाने की लूटमार मचते ही किसी कार्यकर्ता के हाथ सब्जी तो किसी के हाथ पूड़ी लगी। किसी के हाथ सिर्फ चावल आए। बाहर से आए कुछ कार्यकर्ता पूड़ी से चावल खाते नजर आए तो कुछ चावल से बालूशाही खा रहा था। भजिया को प्रसाद की तरह बांटा गया।
– युवक ने लगाए मोदी विरोधी नारे
पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था तो सख्त थी। कार्यक्रम शुरू होते ही सिक्योरिटी ढीली हो गई। पहले तो पुलिस ने गुटखा, पान तंबाकू, सिगरेट माचिस सब बाहर निकलवा लिया। काले कपड़े पहने हुए लोगों को अंदर नहीं जाने दिया गया। कुछ से काले कपड़े उतरवा लिए गए। फिर जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ लोग इधर-उधर से पंडाल में घुस गए। जब प्रधानमंत्री का भाषण चल रहा था, तभी मंच से कुछ दूर काली शर्ट पहने खड़े मुरैना के बीएस तोमर ने प्रधानमंत्री विरोधी नारे लगा दिए। कहा कि मोदी झूठा है, आरक्षण हटाओ देश बचाओ।
– इन्होंने कहा
प्रधानमंत्री की वीवीआइपी सुरक्षा के चलते इंटेलिजेंस और खुफिया एजेंसी का इनपुट था कि कोई भी सामान हो या काले कपड़े पहने हुए, कार्यक्रम स्थल के अंदर नहीं जाएगा। इसके चलते चेकिंग कराई गई थी, कपड़े नहीं उतरवाए। बीएस तोमर को पुलिस ने पकड़ा है, वह आरक्षण विरोधी नारे लगा रहा था।
– जयदीप प्रसाद, आइजी, भोपाल संभाग

Home / Bhopal / कांग्रेस राजा, महाराजा-उद्योगपति के दम पर मांग रही वोट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो