script3.56 लाख क्विंटल उत्पादन, डेढ़ लाख क्विंटल मंडियों में बिका और समितियों ने खरीदा सिर्फ 954 क्विंटल | Farmers problem of urad procurement | Patrika News
अशोकनगर

3.56 लाख क्विंटल उत्पादन, डेढ़ लाख क्विंटल मंडियों में बिका और समितियों ने खरीदा सिर्फ 954 क्विंटल

उड़द की सरकारी खरीद बनी जिले के किसानों की समस्या, – सरकारी खरीद पर प्रशासन ने नहीं दिखाई गंभीरता, 19 में से मात्र सात केंद्रों ने सिर्फ 59 किसानों से ही की उड़द की खरीदी, शेष आज भी भटक रहे। – अच्छी रेट न मिलने से जिलेभर में किसानों के घरों पर रखा हुआ है दो लाख क्विंटल उड़द, प्रशासन तो दूर जनप्रतिनिधियों को भी नहीं चिंता।

अशोकनगरJan 18, 2019 / 02:39 pm

Arvind jain

news

3.56 लाख क्विंटल उत्पादन, डेढ़ लाख क्विंटल मंडियों में बिका और समितियों ने खरीदा सिर्फ 954 क्विंटल


अशोकनगर. समर्थन मूल्य पर खरीदी करने के लिए शासन ने जिले में 19 केंद्र तो बनाए, लेकिन इनमें से सिर्फ सात केंद्रों ने ही किसानों से उड़द की खरीदी की और शेष 12 केंद्रों ने एक भी क्विंटल उड़द नहीं खरीदा। कल यह खरीदी बंद हो जाएगी और जिलेभर में कुल 59 किसानों से ही 954 क्विंटल 10 किलो उड़द इन खरीदी केंद्रों पर खरीदा गया।
जबकि जिले में इस बार 3.56 लाख क्विंटल उड़द का उत्पादन हुआ था और सस्ते रेट होने से किसानों ने सिर्फ डेढ़ लाख क्विंटल उड़द मंडियों में बेचा। वहीं मंडी में अच्छी रेट न मिलने से करीब दो लाख क्विंटल उड़द किसान अपने घरों पर आज भी रखे हुए हैं। लेकिन किसानों की इस समस्या पर न तो प्रशासन गंभीरता दिखा रहा है और न ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधि।

चिरौली गांव निवासी खुमानसिंह रघुवंशी 20 क्विंटल उड़द लेकर समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर पहुंचे तो उड़द का रंग भूरा होने से एफएक्यू क्वालिटी का नहीं माना और रिजेक्ट कर दिया। साथ ही कहा कि भूरे और काले रंग का चिकना उड़द नहीं खरीदा जाता। समिति प्रबंधक किसान खुमानसिंह को यह लिखकर भी दे दिया। खुमानसिंह सहित उनके क्षेत्र के करीब 20 किसान अपना उड़द न बिकने से चार से पांच बार कलेक्ट्रेट में शिकायत कर चुके हैं,
लेकिन उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जबकि किसानों का कहना है कि उन्होंने बीज निगम से यह बीज खरीदा था और उसकी क्वालिटी भी अच्छी है। इसके बाद भी खरीदी नहीं की जा रही है। वहीं मुंगावली तहसील के गदूली सरपंच इशराक मोहम्मद सहित करीब दो दर्जन से अधिक किसानों का आरोप है कि उड़द बेचने उनके पास मैसेज आए, लेकिन जब वह उपज लेकर पहुंचे तो न खरीदी केंद्र मिले और न ही कोई कर्मचारी। शिकायत पर पहले अधिकारी चुनाव में व्यस्तता बताते रहे और अब कोई समस्या सुनने के लिए तैयार नहीं है। यह सिर्फ 40-50 किसानों की समस्या नहीं बल्कि हजारों किसान अपना उड़द बेचने इसी तरह से परेशान हो रहे हैं और अब उनमें अपने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी साफ देखी जा सकती है।

जिले में उत्पादन पर एक नजर-
खरीफ सीजन में जिले में एक लाख हेक्टेयर में उड़द की बोवनी हुई यानी 4.75 लाख बीघा में। कहीं पर एक क्विंटल, दो क्विंटल तो कहीं पर उत्पादन 50 किलो, 35 किलो प्रति बीघा भी हुआ। औसत 75 किलो प्रति बीघा उत्पादन हुआ। इससे 4.75 लाख बीघा में तीन लाख 56 हजार 250 क्विंटल उड़द की पैदावार हुई। जबकि इसमें से मंडियो में मात्र 1.50 क्विंटल उड़द बिका, जिसमें इस बार 31 दिसंबर तक जिले की सबसे बड़ी मंडी में मात्र 81 हजार 515 क्विंटल उड़द बिका।

मंडी में 2700 से 2800 रुपए क्विंटल रेट-
जिले के किसानों पर अभी करीब दो लाख क्विंटल उड़द घरों पर रखा हुआ है। किसान बलरामसिंह के मुताबिक उनके पास 100 क्विंटल उड़द रखा है और गदूली के किसान आबिद पटेल का कहना है कि 300 क्विंटल से अधिक उड़द घर पर रखा हुआ है। पिछले वर्षों में पांच से छह हजार रुपए प्रति क्विंटल बिकने वाला उड़द इस बार मंडियों में मात्र 2700 से 2800 रुपए क्विंटल बिक रहा है। इससे घरों पर उड़द रखकर अच्छी रेट का इंतजार कर रहे हैं, नहीं तो मजबूरी में सस्ती रेट पर ही बेचना पड़ेगा।

हकीकत: केंद्रों पर लटके ताले, पसरा सन्नाटा-
समर्थन मूल्य खरीदी 19 जनवरी तक जारी रहेगी। लेकिन पत्रिका ने जब हकीकत जानी तो केंद्रों पर सिर्फ दीवार ही केंद्र का नाम लिखा मिला। शहर के मोहरी स्टेडियम में बने सहकारी संस्था बामोरी के खरीदी केंद्र पर ताला लटका हुआ था और वहां पर कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। वहीं यही स्थिति अन्य केंद्रों पर भी रहीं जहां सन्नाटा पसरा रहा और विभाग के रिकॉर्ड में इन केंद्रों पर उड़द की खरीद होना है।

जिले में 19 केंद्र बनाए थे, जिनमें से अब तक सात केंद्रों पर 59 किसानों ने अपना 954.10 क्विंटल उड़द बेचा। वहीं शेष केंद्रों पर कोई खरीदी नहीं हुई। खरीदी मार्कफेड कर रही है और सर्वेयरों द्वारा जांच की जाती है।
एमएस राठौर, कनिष्ठ आपूति अधिकारी अशोकनगर

Home / Ashoknagar / 3.56 लाख क्विंटल उत्पादन, डेढ़ लाख क्विंटल मंडियों में बिका और समितियों ने खरीदा सिर्फ 954 क्विंटल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो