scriptधान की फसल पर अब तीसरा अटैक | Now third attack on paddy crop | Patrika News

धान की फसल पर अब तीसरा अटैक

locationविदिशाPublished: Oct 08, 2019 11:53:44 pm

Submitted by:

Krishna singh

तेजी से फैल रहा हल्दी गांठ रोग, किसान हो रहे परेशान

Now third attack on paddy crop

Now third attack on paddy crop

विदिशा. जिले में धान की फसल से ही किसानों को काफी उम्मीद थी, लेकिन यह फसल अब तीसरी बार संकट में आ गई है। हल्दी गांठ संबंधी रोग ने फसल को अपनी चपेट में ले लिया है और किसान अपनी फसल को इस बीमारी से बचाने के लिए परेशान हो रहे हैं। मालूम हो कि जिले में करीब 22 हजार हैक्टेयर में धान की फसल है। अतिवृष्टि से सोयाबीन एवं उड़द फसल को काफी नुकसान पहुंच चुका। धान की फसल में किसानों को बेहतर उम्मीद थी लेकिन यह फसल भी अब बीमारी की चपेट में है। किसानो का कहना है कि बाढ़ एवं अतिवृष्टि के बीच जिले में उनकी सोयाबीन व उड़द की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। धान की फसल बेहतर थी लेकिन वह भी अधिक बारिश के कारण अब कई तरह के रोगों की चपेट में आ रही है। पूर्व मेें इस फसल के पत्तों में फफूंद लगने की समस्या से जूझना पड़ा। दवाओं के जरिए अपनी फसल बचाई तो फिर माहू तने की इल्ली का प्रकोप शुरू हो गया। इससे भी बचाव के लिए दवाओं पर राशि खर्च कर फसल को संभाला तो अब हल्दी गांठ की बीमारी धान की फसल को तेजी से नुकसान पहुंचाने लगी है।
विधायक की फसल भी प्रभावित
जिले में कई गांव में यह रोग धान फसल पर तेजी से फैल रहा। ग्राम बेहलोट में विधायक शशांक भार्गव की धान की फसल भी इस रोग से प्रभावित है। उनका कहना है कि दवा डालकर इस रोग पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तरह ग्राम हासुआ, जैतपुरा, परासी, गोबरहेला, गाजीखेड़ी, कछवाह, अहमदपुर, सोथर, बोरी रामपुर, रमपुरा, सुकररा, भाटनी सेमरा, जीवाजीपुर, बेहलोट, सकरोली, गुरोद, रतनपुर मेड़की आदि कई गांव में धान की फसल पर यह रोग बढ़ रहा और किसान अपनी फसल को बचाने के लिए मशक्कत कर रहे है।
हवा के साथ फैल रही बीमारी
इधर खाद-बीज दवा विके्रताओं का कहना है कि हर दिन कई गांव के किसान फसल में आई इस बीमारी के संबंध में आ रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि यह हल्दी के रंग का एक तरह का फंगस है जो हवा के साथ फसल पर तेजी से फैलता है और धान की बालों को नष्ट कर देता है। इसके लिए दवा उपलब्ध है और हर दिन कई गांव के किसान फसल को इस बीमारी से बचाने दवा लेने दुकानों पर आ रहे हैं।
करीब 20 बीघा में धान की फसल हल्दी गांठ रोग की चपेट में है और यह बीमारी तेजी से खेतों में फैल रही है। क्षेत्र के अन्य गांव में भी इस तरह की स्थिति है। इससे फसल को काफी नुकसान पहुंच रहा है।
-मोहरसिंह रघुवंशी, किसान नेता अहमदपुर
इस बीमारी के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। सभी एसएडीओ को इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा और बीमारी से बचाव के लिए किसानों को उचित सलाह दी जाएगी।
-एएस चौहान, उप संचालक, कृषि विभाग
यह एक तरह का फंगस है। कई गांव के किसान इस संबंध में दवा लेने दुकानों पर पहुंच रहे हैं। सही दवा का सही मात्रा में उपयोग कर इसकी रोकथाम की जाना संभव है।
-घनश्याम बंसल, संचालक, खाद-बीज विके्र्रता संघ
करीब 50 बीघा में धान लगी हुई है। अधिक बारिश के कारण पौधों की वृद्धि रुक गई वहीं अब हल्दी गांठ रोग की चपेट में फसल आ गई है।
-असलम खान, किसान, ग्राम जीवाजीपुर

ट्रेंडिंग वीडियो