scriptधान के कम रेट मिलने पर किसानों ने लगाया जाम | Farmers planted jam | Patrika News

धान के कम रेट मिलने पर किसानों ने लगाया जाम

locationविदिशाPublished: Nov 16, 2018 12:28:03 pm

Submitted by:

Amit Mishra

मिर्जापुर नई मंडी का मामला, अधिकारियों ने समझाया….

news

धान के कम रेट मिलने पर किसानों ने लगाया जाम

विदिशा। मिर्जापुर नई मंडी में धान के कम रेट मिलने व अन्य अव्यवस्थाओं से किसान आक्रोशित हो गए। यह किसान उचित रेट दिए जाने की मांग को लेकर मंडी के समीप एनएच पर बैठ गए। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेता भी किसानों के साथ रहे। सूचना पर प्रशासन के अधिकारी व पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया।
किसानों का कहना है कि मंडी में धान के बहुत कम रेट दिए जा रहे हैं। व्यापारी मनमानी कर रहे। एक ही दिन पूर्वजो धान 2800-2900 के भाव बिक रही थी। उसी धान को आज दूसरे दिन 1800 से 2400 के भाव खरीदा जा रहा है। कम रेट और मंडी में धान खरीदी वाले बहुत कम व्यापारी होने से मनमानी की जा रही।

जब इस बात को लेकर विरोध जताया गया तो व्यापारी दोपहर 12 बजे ही मंडी से चले गए। इससे नीलाम कार्य रुक गया और नाराज किसान एकत्रित हो गए। किसान कम रेट मिलने के अलावा मंडी में सुलभ शौचालय बंद रहने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने, कैंटिन में भोजन आदि की व्यवस्था न होने पर भी अपना रोष जता रहे थे।

इस दौरान कांग्रेस नेता देवेंद्र राठौर, रतनसिंह यादव, दीपसिंह रघुवंशी आदि भी पहुंच गए और किसानों के साथ मंडी में हो रही मनमानी व अव्यवस्थाओं के खिलाफ किसानों के साथ हो गए।


20 मिनट तक किसान करते रहे विरोध….
किसान व कांग्रेस नेता मंडी के सामने एनएच मार्ग पर बैठ गए और जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर नायब तहसीलदार व टीआई निरंजन शर्मा व पुलिस बल पहुंचा और कांग्रेस नेताओं को वहां से उठाने के प्रयास करने लगा।

कांग्रेस नेताओं का कहना रहा कि हम अपना काम कर रहे आप मंडी में व्यवस्था का काम कराइये। किसानों को उचित दाम दिलाने और धान खरीदी में मनमानी रोकिए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मोबाइल से एसडीएम चंद्रप्रताप गोहल से बात की और किसानों से भी उनकी बात कराई। करीब 20 मिनट बाद मामला शांत हुआ और चक्काजाम खत्म कर दिया गया। नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार ने बताया कि व्यापारियों से बात हुई कुछ ही देर में नीलाम कार्य शुरू हो जाएगा।

मंडी में दो दिन पहले 2940 के भाव धान बेंची थी आज उसी धान के दाम 2200 रुपए लगाए गए। व्यापारी 12 बजे भूख लगने की बात कहकर नीलाम कार्यबंद करके मंडी से चले गए।
-जितेंद्र मीणा, किसान, ग्राम आदमपुर
मंडी में कल चार-पांच व्यापारी थे तो धान के रेट ठीक मिले। आज सिर्फ दो व्यापारी रहे और मनमाने तरीके से 1800 से 2200 के भाव धान खरीदी जा रही थी।
-भारतसिंह धाकड़, किसान, ग्राम सुकर्रा
किसानों से बात हुई है। उनकी समस्या को सुना गया। मंडी में व्यापारियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। किसानों की अन्य समस्याओं को भी दूर कराया जाएगा।
-चंद्रप्रताप गोहल, एसडीएम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो