scriptनगरपालिका के वाहनों की पूजा कर सीएम ने किया लोकार्पण | CM inaugurates worship of municipal vehicles | Patrika News

नगरपालिका के वाहनों की पूजा कर सीएम ने किया लोकार्पण

locationविदिशाPublished: Sep 23, 2018 10:58:38 am

Submitted by:

Amit Mishra

लम्बे अर्से के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा की हुई मुलाकात

news

नगरपालिका के वाहनों की पूजा कर सीएम ने किया लोकार्पण

विदिशा. करीब तीन वर्ष के लम्बे अर्से के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा की मुलाकात और बातचीत हुई। दोनों की इस मुलाकात को वर्तमान में चल रहे राजनैतिक परिदृश्य और आगामी चुनाव को जोड़कर देखा जा रहा है। उधर मुख्यमंत्री ने सपत्नीक बाढ़वाले गणेश मंदिर में चले रहे यज्ञ में पूर्णाहुति दी और रामायण पाठ कर भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। उनके इस दौरे में जिले के टिकट की चाह रखने वाले तमाम भाजपा नेताओं ने अपनी हाजरी लगाई।

 

मुख्यमंत्री के दौरे के दिन सुबह से ही यह खबर मिलने लगी थी कि आज लक्ष्मीकांत शर्मा भी उनके कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देर से आए। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा उनसे मिलने सीधे हेलीपेड पहुंचे। यहां दोनों की मुलाकात और करीब 7 मिनट बात भी हुई।

इसके बाद मुख्यमंत्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर आ गए। कुछ ही देर में लक्ष्मीकांत शर्मा भी मंदिर में पहुंचे। यहां वे काफी समय तक सीएम के साथ गणेश यज्ञ, आरती, रामायण में साथ रहे। इसके बाद वे यहां से वापस हो गए। दोनों की इस मुलाकात को हाल ही में बदले हुए राजनैतिक माहौल और आगामी विधानसभा चुनावों में बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उधर सीएम ने आते ही गणेश मंदिर में चल रहे यज्ञ में पूूर्णाहुति दी, वे अखंड रामायण पाठ के समापन में शामिल हुए और रामायण पढ़ी। मुख्यमंत्री ने भंडारे में भी हिस्सा लिया। इस दौरान अच्छी बारिश होती रही, जिससे नेताओं, अधिकारियों और कार्यकर्ताओ ंको भींगते हुए मुख्यमंत्री का बाहर इंतजार करना पड़ा।

नपा वाहनों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरपालिका द्वारा इटली से मंगाई धूल साफ करने की मशीन, मवेशी वाहन सहित अन्य कई वाहनों का लोकार्पण किया। इस दौरान नपाध्यक्ष मुकेश टंडन, विधायक कल्याण सिंह दंागी सहित अनेक नेता मौजूद थे।

खुले आम घूम रहे हैं हत्यारे
कृष्णा गार्डन के मैनेजर की हत्या के आरोप में जिन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेंल भेजा है, उनके परिजनों ने सीएम से मुलाकात की और अपने परिजनों को निर्दोष बताते हुए कहा कि हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं और निर्दोषों को जेल में ठूंस दिया गया। इस पर सीएम ने उनसे कहा कि पुलिस की कार्रवाई में मैं कुछ नहीं बोल सकता। मुख्यमंत्री से अतिथि विद्वानों ने भी मुलाकात कर अपनी बात रखी।

इस बार भारी सुरक्षा का घेरा
मुख्यमंत्री हर साल यहां मंदिर पर भंडारे में आते रहे हैं, लेकिन इस बार जैसी सुरक्षा पहले कभी नहीं देखी गई। उनके काफिले में पहली बार ४० बाइकर्स भी आगे-पीछे चल रहे थे। चार पहिया वाहनों का घेरा भी जबरदस्त था। उधर मंदिर परिसर में भी पुलिसकर्मी खाकी के साथ ही अपनी सिविल ड्रेस में भारी संख्या में मौजूद थे। रस्सा बांध कर लोगों को रोका जा रहा था। सीएम तक पहुंचना आसान नहीं था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो