script

PM मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी का नया प्लान, एक सप्ताह के लिए आ रही हैं बनारस

locationवाराणसीPublished: Apr 28, 2019 02:17:40 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

बनारस को केंद्र बना कर होगा चुनाव संचालन। मतदान के पहले तक बनारस में ही रुकने का है प्रोग्राम।

प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी

वाराणसी. नरेंद्र मोदी के खिलाफ खुद भले न चुनाव लडने आईं कांग्रेस महासचिव और पूर्वाचल प्रभारी प्रियंका गांधी पर उनके निशाने पर बनारस सीट जरूर है। ऐसे में अब जो प्रोग्राम बन रहा है उसके तहत वह अगले सप्ताह बनारस आ रही है। बताया जा रहा है कि प्रियंका अंतिम चरण के मतदान के पहले तक यहीं रुक कर पूर्वांचल को मथेंगी। केंद्र बिंदु होगा बनारस।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका तीन मई को बनारस आ जाएंगी। बनारस ही केंद्र बिंदु रहेगा और यहीं से वह पूरे प्रदेश यानी शेष बचे तीन चरण के चुनावों के संचालन करेंगी। वैसे भी चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल यानी सोमवार को पूरा हो जाएगा। उसके बाद पांचवें, छठवें और सातवें चरण में पूर्वांचल के ही ज्यादातर संसदीय क्षेत्र हैं जहां क्रमशः छह मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होना है। ऐसे में प्रियंका पूर्वांचल की राजधानी बनारस में ही कैंप करेंगी और यहीं से चुनाव संचालन होगा। बताया जा रहा है कि प्रियंका सर्किट हाउस में ठहरेंगी। इसकी तैयारी अभी से शुरू हो गई है।
यहां बता दें कि इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने बनारस में तकरीबन कैंप किया था। यहीं से पूरे पूर्वांचल को मथा था। ठीक उसी तर्ज पर प्रियंका आ रही हैं। फिलहाल एक सप्ताह का कार्यक्रम है जो आगे भी बढ़ सकता है। इस दौरान वह बनारस में छोटी-छोटी सभाएं करने के साथ ही जनसंपर्क में भी शामिल होंगी। महिलाओं, छात्रों, मल्लाहों, सफाईकर्मियों के साथ ही इस बार वह बनारसी साडी कारोबारियों से भी मिलेंगी। जीएसटी से परेशान व्यवसायियों से उनकी मीटिंग तय बताई जा रही है।
प्रियंका के निशाने पर प्रधानमंत्री ही होंगे। किसान, बेरोजगार, महिला, पटरी व्यवसायी वर्ग को रिझाने का पूरा प्रयास करेंगी। इस दौरान अल्पसंख्यक भला कैसे छूट सकते हैं। वह अपने इस दौरे में सवर्ण खास तौर पर बड़े ब्राह्मण घरानों से संपर्क कर सकती है। कुल कोशिश होगी कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक जो किसी न किसी रूप से भाजपा और अन्य दलों की ओर शिफ्ट हुए हैं उन्हें साधा जाएगा।
बनारस को केंद्र में रखते हुए प्रियंका कुशीनगर, मिर्जापुर, सलेमपुर, चंदौली, भदोही, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, गोरखपुर को भी साधेंगी। खास तवज्जो ललितेशपति त्रिपाठी, आरपीएन सिंह, डॉ राजेश मिश्र आदि कांग्रेस नेताओं पर होगा। इसी दौरान बनारस से बलिया तक की गंगा यात्रा भी प्रस्तावित है।
UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App .

ट्रेंडिंग वीडियो