scriptबाबा महाकाल: 21 लाख दीपों से जगमगाएंगे शिप्रा के घाट | Maha Shivratri 2023 : Shipra ghats will be lit with 21 lakh lamps | Patrika News
उज्जैन

बाबा महाकाल: 21 लाख दीपों से जगमगाएंगे शिप्रा के घाट

– महाशिवरात्रि 2023 को लेकर MP के किस मंदिर में क्या है तैयारी
– तीन किमी पैदल चलकर सवा घंटे में कर सकेंगे दर्शन

उज्जैनFeb 17, 2023 / 09:42 pm

दीपेश तिवारी

mahakaleswer_of_maha_shivratri.png

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व के लिए बाबा महाकाल का आंगन रोशनी से जगमगा रहा है। पर्व के एक दिन पहले ही 2 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचे। शिवरात्रि के दिन शनिवार को प्रशासन सवा घंटे में दर्शन कराने का दावा कर रहा है। मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 3 किमी का रास्ता पैदल तय करना होगा।

इसके लिए चारधाम और हरसिद्धि मंदिर के सामने से बैरिकेडिंग की गई है। श्री महाकाल लोक में बने मानसरोवर धाम में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालुओं को फेसिलिटी-2 में भेजा जाएगा, यहां से टनल और फिर मंदिर परिसर से कार्तिकेय मंडपम में प्रवेश देकर दर्शन कराए जाएंगे। यहां से उन्हें निर्गम गेट से बाहर निकाला जाएगा।

फिर बनेगा रेकॉर्ड
शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव को लेकर प्रशासन स्तर पर व्यापक तैयारियां हो गई हैं। इस बार 21 लाख दीप लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले साल 11 लाख 75 हजार दीप लगाकर वल्र्ड रेकॉर्ड बनाया था। इस बार भी रेकॉर्ड बनाने की तैयारी है। सुरक्षा की दृष्टि से बाहरी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पशुपतिनाथ: 33 घंटे लगातार भक्तों को दर्शन देंगे भगवान
मंदसौर: विश्व प्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पर आज महाशिवरात्रि पर्व शिवमय माहौल में मनेगा। सुबह 4 बजे पट खुलने के बाद लगातार 33 घंटे तक अभिषेक से लेकर दर्शन का दौर चलेगा। शिवना के घाट से लेकर शिव मंदिर दीपों की रोशनी से जगमग होंगे तो पशुपतिनाथ मंदिर पर डिजिटल व सतरंगी आतिशबाजी की जाएगी। शक्रवार को दोपहर में मंदिर पर चिड़ी-तिलक का विशेष आयोजन हुआ।
सुबह चार बजे से अभिषेक
शिवरात्रि पर सुबह 4 बजे मंदिर खुलने के बाद से अभिषेक का दौर शुरू होगा। राजभोग आरती के बाद 11 क्विंटल खीर का भोग लगाया जाएगा। रात 9 बजे से फिर केसर दूध, गंगाजल, गुलाब जल, भांग के साथ नारियल पानी, अनार व गन्ने के रस के अलावा इत्र से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। रात के चारों प्रहर में ब्राह्मणों द्वारा अभिषेक किया जाएगा।
ओंकारेश्वर: सुबह छह बजे तक अभिषेक, इसके बाद सिर्फ दर्शन
शनिवार सुबह तीन बजे ओंकारेश्वर मंदिर खुलेगा। सुबह छह बजे तक जलाभिषेक होगा। इसके बाद सिर्फ दर्शन होंगे। दोपहर 12 बजे भोग के लिए मंदिर 15 मिनट के लिए मंदिर बंद होगा। इसके बाद शाम को त्रिकाल पूजा होगी। मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा। फूलों से मंदिर में गर्भगृह का शृंगार किया गया है। करीब दो लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
जटाशंकर: बुंदेलखंड के केदारनाथ में पहुंचेगे एक लाख श्रद्धालु
छतरपुर: बुंदेलखंड के केदारनाथ कहे जाने वाले जटाशंकर धाम में शिवरात्री के दिन सुबह विशेष आरती के साथ जलाभिषेक होगा, जो दोपहर बाद तक चलेगा। शनिवार की शाम 5 बजे शिव बारात निकाली जाएगी। इसमें शिव तांडव नृत्य होगा। जटाशंकर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि जटाशंकर में लगाए गए मेला के चलते इस बार मंदिर से डेढ किलोमीटर पहले चांदा में पार्किग की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक ई-रिक्शा की व्यवस्था जटाशंकर ट्रस्ट की ओर से की गई है।
भीड़ के लिए तैयार प्रशासन
एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए डीएसपी स्तर के अधिकारी के साथ ही आधा दर्जन थानों की पुलिस शुक्रवार की रात से ही तैनात कर दी गई है।
https://youtu.be/HdL0fCq1I7M

Hindi News/ Ujjain / बाबा महाकाल: 21 लाख दीपों से जगमगाएंगे शिप्रा के घाट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो