scriptतिरुपति बालाजी की तरह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी होगी दर्शन व्यवस्था, जानिए मुख्यमंत्री ने क्या कहा | Darshan arrangement can be done through slot in Mahakal temple | Patrika News
उज्जैन

तिरुपति बालाजी की तरह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी होगी दर्शन व्यवस्था, जानिए मुख्यमंत्री ने क्या कहा

तिरुपति बालाजी की तरह महाकाल मंदिर में भी हो सकती है स्लॉट से दर्शन व्यवस्था, मुख्यमंत्री ने मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच को सुलभ बनाने और अधिकतम आधा घंटे में दर्शन करवाने की व्यवस्था के निर्देश दिए, निगम के स्वच्छा अभियान में शामिल हुए

उज्जैनDec 25, 2023 / 01:39 pm

aashish saxena

Darshan arrangement can be done through slot in Mahakal temple

तिरुपति बालाजी की तरह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी होगी दर्शन व्यवस्था, जानिए मुख्यमंत्री ने क्या कहा

महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए प्री-स्लॉट बुकिंग की व्यस्था लागू हो सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को तिरुपति बालाजी की तर्ज पर दर्शन व्यवस्था को और सुलभ बनाने के निर्देश दिए है। इसके लिए जल्द ही एक दल को तिरुपति भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री यादव ने शनिवार को उज्जैन विकास को लेकर अधिकारी-जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। अधिकारियों ने विभिन्न विकास कार्यों का प्रजेंटेशन दिया। बैठक में मुख्य फोकस शहर से जुड़ने वाली सड़कों के उन्नयन, यातायात व्यवस्था, महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर रहा। मुख्यमंत्री ने कहा, तिरूपति बालाजी मन्दिर की तर्ज पर महाकाल मन्दिर में कम समय में श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के दर्शन हो, प्रशासन ऐसी व्यवस्था बनाए। सांसद अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री से पूर्व की तरह दिन में १ से ४ तक गर्भ गृह में प्रवेश व्यवस्था फिर से शुरू करने की मांग की। इसके अलावा रोप-वे कार्य भी जल्द शुरू करवाने का कहा। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ.राजेश राजौरा को उज्जैन संभाग में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा निरन्तर करने के निर्देश दिए। मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसे विकास कार्य करने की योजना है कितनी ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए, उन्हें आवागमन में कोई समस्या न हो। भीड़ नियंत्रण सुचारू रहे। बैठक के बाद शाम करीब ५.४५ बजे यादव शहर से रवाना हो गए। बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहैड़ा, सतिष मालवीय, डॉ. तेजबहादुरसिंह, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, आइजी संतोषकुमार सिंह, डीआइजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर कुमारु पुरुषोत्तम, एसपी सचिन शर्मा मौजूद थे। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा अनुभूति पार्क में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया और सफाई की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीएम के पांच प्रमुख निर्देश

– तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर सुलभ दर्शन व्यस्था की योजना बनाएं।
– मार्गों का उन्नजन हो, श्रद्धालु कम से कम समय में मंदिर पहुंचे।
– नीलकंठ वन मार्ग पर पार्किंग की जरूरत। इसके लिए आवश्यक उपाय करें।
– श्रद्धालु कम से कम समय में बाबा महाकाल के दर्शन कर लें, इसकी प्लानिंग करें।
– बुजुर्ग, बच्चे व महिलाएं अनावश्यक न भटके और न ही उन्हें दो-तीन किलो मीटर तक चलना पड़े। प्रशासन इसकी माइक्रो प्लानिंग करे।

सवारी मार्ग को एक रूप करने का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री के समक्ष सवारी मार्ग विकास की योजना प्रस्तुत की गई। इसमें सड़क के विस्तार के साथ ही मार्ग पर आने वाले सभी भवनों का समान रंग रोगन करने का प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस पर विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

बाण गंगा से हरिफाटक तक 6 लेन

बैठक में शहर के प्रवेश मार्गों के विस्तार के निर्देश दिए गए। इस दौरान इंदौर रोड को बाणगंगा से हरिफाटक ब्रिज तक सिक्स लेन बनाने पर चर्चा हुई। प्रस्तावित प्रोजेक्ट में इंदौर रोड पर तीन फ्लाय ओव्हर भी शामिल हैं। तपोभूमि चौराहा विकास और महामृत्यूंजय क्षेत्र सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई।

तीर्थधाम के रूप में विकसित होगा नारायणा

मुख्यमंत्री ने कहा, जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के पग पड़े हैं, उन स्थानों को धार्मिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नारायणाधाम भी एक ऐसी ही जगह है। नारायणाधाम को तीर्थधाम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने पंचक्रोशी यात्रा की तर्ज पर पूर्णिमा पर भी परिक्रमा यात्रा निकालने की बात कही। परिक्रमा यात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पंचक्रोशी मार्ग पर पड़ने वाले विभिन पड़ावों को श्रद्धालुओं के लिए विकसित किया जाएगा।

यह भी बोले मुख्यमंत्री

– जिले की सभी पुरातात्विक महत्व की सम्पत्तियों का रिनोवेशन प्राथमिकता से किया जाएगा।
– उज्जैन में कोठी पैलेस, ग्राण्ड होटल व महाराजवाड़ा को नया स्वरूप प्रदान करेंगे। इन सम्पत्तियों का समुचित उपयोग किया जाएगा।
– शहर की सड़कों का प्लान बनाने के दौरान पुलिस विभाग को भी सहभागी बनाएं।
– एनएचआई शहर के बाहर की सड़कों के साथ-साथ शहर के अन्दर की सड़कों को भी डेवलप करे।
– मांस-मछली विक्रेताओं को बैठने के लिए निश्चित स्थान उपलब्ध कराएं। खुले में मांस-मछली बेचने के विरूद्ध अभियान जारी रहे।
– निर्धारित डेसीबल से अधिक लाऊड स्पीकर बजाने पर लगातार कार्यवाही करें। गृह विभाग ने एप तैयार किया है जिस पर निर्धारित डेसीबल से अधिक पर लाऊड स्पीकर बजाने पर शिकायत की जा सकती है।
– पूर्ण हो चुके 50 लाख रुपए तक के निर्माण कार्य का लोकार्पण व इतनी ही राशि के जो स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन करवाएं।
– सभी विधायक एसडीएम के साथ बैठकर सड़क व विकास के कार्यों की प्लानिंग करें।

अब तक के मेलों में सर्वश्रेष्ठ होगा सिंहस्थ-28

बैठक में मुख्यमंत्री यादव ने सिंहस्थ के दृष्टिगत सड़कों के विस्तार और शहर विकास की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम में भी उन्होंने घोषणा की है कि अब तक के आयोजित मेलों में सिंहस्थ २०२८ का मेला सर्वश्रेष्ट आयोजित किया जाएगा।

Home / Ujjain / तिरुपति बालाजी की तरह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी होगी दर्शन व्यवस्था, जानिए मुख्यमंत्री ने क्या कहा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो