scriptरीको औद्योगिक का हो विकास, नंदसमंद के पानी से छलकें यहां के बांध | Patrika News
उदयपुर

रीको औद्योगिक का हो विकास, नंदसमंद के पानी से छलकें यहां के बांध

– रोडवेज डिपो, चिकित्सा सुविधाओं के साथ मतदाताओं को रोजगार की दरकार
-मावली में लगी पत्रिका चौपाल: आमजन ने बेबाकी से रखे मुद्दे व दिए सुझाव

उदयपुरApr 22, 2024 / 05:38 pm

Shubham Kadelkar

मावली में आयोजित चुनावी चौपाल।

मावली में आयोजित चुनावी चौपाल।

मावली. लोकसभा चुनाव 2024 में अब कुछ ही दिन शेष है। जहां एक ओर राजनीतिक दलों के प्रत्याशी प्रचार में जोरों से जुटे हुए है। वहीं, गांव-गांव में भी गली, नुक्कड़ और चौराहों पर आमजन सियासी मुद्दों पर चर्चा कर रहे है। इन सबके बीच पत्रिका टीम ने गांवों में चौपाल सजाकर जब लोगों से स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की तो आमजन ने क्षेत्र का विकास करने वाले को ही अपना मत देने की बात कही। रविवार को मावली उपखंड मुख्यालय पर पत्रिका ने चुनावी चौपाल का आयोजन कर मतदाताओं का मन टटोला। इसमें मतदाताओं व आमजन ने बेबाकी से क्षेत्र के कई मुद्दे व सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि मावली जंक्शन होने से यहां रोडवेज का डिपो भी होना चाहिए। युवाओं ने औद्योगिक दृष्टि से विकास करते हुए क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कही। वहीं, क्षेत्र के चिकित्सालयों में व्यवस्थाओं को सुधारने का भी मुद्दा काफी चर्चा में रहा। इसी तरह, टूरिज्म, स्वच्छता, अतिक्रमण, प्रशासनिक व्यवस्था, स्काउट गाइड ट्रेनिंग सेन्टर, पुलिस गश्ती, शिक्षा, वृक्षारोपण आदि पर चर्चा की गई।

चौपाल में ये मुद्दे आए सामने

आमजन के होने वाले कार्यों में भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए। नगरपालिका में सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।

-ओमप्रकाश चेचाणी

डबोक से मावली-सांवरियाजी के बीच टूरिज्म पोइंट वर्तमान में नहीं है। अगर होता है तो पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। आमली में रीको औद्योगिक क्षेत्र शुरू किया जाए। राजसमंद के नंदसमंद से पानी लाया जाता है, तो क्षेत्रवासियों को मीठा पेयजल मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में विकास होना चाहिए।
-भरत विजयवर्गीय

क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधों पर अंकुश लगेगा। सीएलजी बैठक में हर समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। स्थाई रोडवेज स्टैंड डिपो होना चाहिए। अतिक्रमण से आमजन को राहत मिले। मुख्य चौराहे पर यात्री सुविधाएं होनी चाहिए। बाबा साहब अम्बेड़कर की मूर्ति नगरपालिका के अम्बेडकर भवन के बाहर लगनी चाहिए।
-खूबीलाल रेगर

मावली कॉलेज में संचालित संकायों में प्रवेशित विद्यार्थियों की सीट में बढ़ोतरी होनी चाहिए। स्वयंपाठी छात्रों के लिए परीक्षा केन्द्र स्वीकृत होने से क्षेत्रीय विद्यार्थियों को सुविधा होगी। कॉलेज की बाउंड्रीवॉल का काम भी जल्द शुरू होना चाहिए व अध्ययन के लिए अन्य फैकल्टी शुरू होनी चाहिए।
-गजेन्द्रसिंह राव

हाल ही में बनी मावली नगरपालिका में विकास कार्यों को गति मिलनी चाहिए। रोडवेज मिनी डिपो की सख्त जरूरत है। बागेरी नाका व टाटोल बांध से बागोलिया में पानी लाने का प्रयास करना चाहिए। नगरपालिका में अन्य की भांति अन्नपूर्णा रसोईघर योजना शुरू हो। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बुलंद होने चाहिए।
-बसंत कुमार त्रिपाठी

मावली मुख्य चौराहा पर सुलभ कॉम्पलेक्स नहीं होने से यात्रियों के साथ आमजन को भी परेशानी होती है। इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। उप जिला चिकित्सालय मावली में स्टाफ की कमी है। ऐसे में मरीज इलाज से वंचित रहते है। रिक्त पदों को भरकर आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाई जानी चाहिए।
-सतीश मेहरा

मावली मुख्य बाजार में इन दिनों बेतरतीब पार्किंग व्यवस्था के चलते काफी परेशानी होती है। प्रशासन इस ओर ध्यान देकर कस्बेवासियों व आमजन को राहत दिलाएं। रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को मौका मिलना चाहिए।
-ओमप्रकाश वसीटा

मावली क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर वर्तमान समय में नाकाफी है। ऐसे में यहां के युवाओं को पलायन कर बाहर जाना पड़ रहा है। अगर यहीं कल-कारखानों के माध्यम से युवाओं को रोजगार मिल जाएगा, तो सबसे बड़ी समस्या का हल हो जाएगा। कस्बे में पेयजल व्यवस्था सुधरनी चाहिए।
-बादल शर्मा

मावली मुख्य चौराहे पर सुलभ कॉम्पलेक्स बनवाया जाए। जिससे जनता को राहत मिलेगी। स्थानीय विद्यालय सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त है, इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई खराब हो रही है। स्टाफ की कमी को पूरा किया जाना चाहिए। विद्यालय से प्रारंभिक कक्षाएं पृथक रूप से संचालित की जाएं।
-राकेश चौधरी

क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए। रात्रि गश्त बढ़नी चाहिए। साथ ही मावली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चैकिंग के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। जिससे रात्रि में आपराधिक गतिविधियों में कमी लाई जा सकें। वहीं, स्टेशन से मुख्य चौराहे तक सीसीटीवी कैमरे प्रशासन द्वारा लगाए जाए।
-राजेन्द्र स्वर्णकार

क्षेत्र में स्काउट गाइड प्रशिक्षण के लिए एक स्थान निर्धारित किया जाए। जिससे स्काउट गाइड को प्रशिक्षित किया जा सकें। साथ ही विभिन्न स्कूलों में कक्षाओं के अनुरूप कक्षा-कक्ष मुहैया होने चाहिए।
-राजवीर सिंह

मावली मुख्य चौराहा पर सुलभ कॉम्पलेक्स की सुविधा होने से यात्रियों को सुलभता होगी। श्रीनाथजी नाथद्वारा के लिए हजारों पर्यटक यहां आते-जाते रहते है। इन्हें भी पर्याप्त सुविधाएं मिलेगी।

-मनोज जोशी
सभी क्षेत्रवासियों को एकजुट होकर कृषि व पेयजल के लिए राजसमंद के नंदसमंद व टाटोल बांध से पानी लाने के लिए प्रयास करने चाहिए। प्रशासन जनता की मांग के अनुरूप पेयजल सुविधा उपलब्ध कराएं।
-नरेश वसीटा

नगरपालिका में स्थाई अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति होनी चाहिए या मौजूदा अधिकारी की उपस्थिति सप्ताह में नियत की जाए। जिससे आमजन अपने आवश्यक कार्य उस दिन पालिका आकर करवा सके। वर्तमान में आमजन भटक रहे है। मुख्य बाजार में सब्जी मंडी को स्थानांतरित की जाए।
-मनीष विजयवर्गीय

बागोलिया बांध को शीघ्र पानी से भरा जाए। जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई जल मिल सकेगा। इसके अभाव में काफी परेशानी हो रही है। किसानों के कुएं तक सूखे पड़े है।
-खेमराज डांगी

क्षेत्र के राजस्थान तिलम संघ सहकारी लिमिटेड को शुरू किया जाए। जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकें। वासनीकलां में मेजर ध्यानचंद खेल स्टेडियम स्वीकृत हो चुका है। लेकिन यह भी अधरझूल में है। इसे शुरू किया जाना चाहिए। विधानसभा में कृषि कॉलेज खोला जाए।
-मोहन मेघवाल

क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमरा रही है। चहुंओर गंदगी का ढेर लगा हुआ है। सफाई गाड़ी भी काफी समय से बंद है। ऐसे में आम नागरिक काफी परेशान है। शिकायत के बावजूद भी इस ओर अनदेखा किया हुआ है।
-दिनेश बंजारा

क्षेत्र में साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलना चाहिए। इसके लिए एक ऐसा नेचर पार्क विकसित होना चाहिए, जहां परिंदों का रखरखाव सुचारू रूप से हो सके। सड़कों के दोनों ओर छायादार वृक्ष लगाए।
-आकाश सनाढ्य

मावली चिकित्सालय में पिछले कई सालों से एक्स-रे की मशीन व अन्य उपकरण बंद है। चिकित्सकों के साथ स्टाफ की भी कमी है। यहां मरीजों को पेयजल के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 24 घंटे चिकित्सकों की मौजूदगी होनी चाहिए। जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
-गोविंद यादव

उदयसागर से बागोलिया बांध में लाया जाने वाला पानी को बागेरी नाका से लाया जाना चाहिए। जो पेयजल व कृषि के लिए उपयुक्त है। सरकार की योजनाओं का अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचना चाहिए। क्षेत्र के चिकित्सालयों में पर्याप्त सुविधाएं होनी चाहिए।
-रविशंकर भील

सवानिया से माधवानंद भारती आश्रम तक सड़क बन जाए तो करीबन 50 घरों की बस्ती को फायदा मिलेगा। बारिश के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों व अन्य लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। गांव में हैंडपंप भी मौजूदा हालत में खराब है। नया हैंडपंप स्वीकृत कर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
-मुकेश भील

Home / Udaipur / रीको औद्योगिक का हो विकास, नंदसमंद के पानी से छलकें यहां के बांध

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो