scriptगणपति विसर्जन में दिखी कौमी एकता | Unicameral unity in Ganapati immersion | Patrika News

गणपति विसर्जन में दिखी कौमी एकता

locationसूरतPublished: Sep 23, 2018 10:55:32 pm

Submitted by:

Sunil Mishra

शोभायात्रा निकालकर श्रीजी का विसर्जन

patrika

गणपति विसर्जन में दिखी कौमी एकता


वलसाड. शहर में गणपति बप्पा को धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकालकर विदा किया गया। शहर में निकली विसर्जन यात्रा के दौरान मुस्लिम समाज द्वारा पानी और शरबत का वितरण किया गया। गणपति स्थापना के 11वें दिन बप्पा को विदाई देने के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। रेलवे यार्ड, मोगरावाड़ी, तिथल रोड, हालर रोड, धोबी तालाब, बेचर रोड और छीपवाड समेत अन्य जगहों से गणपति मंडलों ने सुबह 11 बजे से विसर्जन यात्रा शुरू कर दी थी। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। बेचर रोड से निकली गणपति विसर्जन यात्रा के लिए मुस्लिम समाज ने सडक़ किनारे पानी और शरबत की व्यवस्था की थी। मोटा बाजार में वड़ा पाव और शरबत की व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने सभी मंडलों पर कड़ी नजर रखी। यात्रा के दौरान ज्यादा शोर मचाने वाले डीजे संचालकों को पुलिस ने टेम्पो पर चढक़र आवाज कम करने की चेतावनी भी दी।
patrika
प्रतिमाओं का विसर्जन औरंगा नदी में किया

शहर में पांच सौ से ज्यादा गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन औरंगा नदी में किया गया। साथ में नदी के पास स्थित तीन कृत्रिम तालाब में छोटी मूर्तियों का विसर्जन किया गया। कोसंबा और मगोद डुंगरी के गणपति मंडलों ने समुद्र में विसर्जन किया। विसर्जन यात्रा में नकली नोट भी उड़ाए। एसपी सुनील जोशी भी आजाद चौक पर विसर्जन यात्रा का निरीक्षण करते दिखे।
patrika
गणपति को विदाई देने उमड़े भक्त
दमण.अनंत चतुर्दशी को भक्तों ने गणेशजी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर बड़ी शान के साथ गणपति की सवारी निकाली गई। रास्ते भर जयकारा होता रहा और बप्पा का काफिला जेटी की ओर बढ़ता रहा। दस दिनों तक पूजा-अर्चना करने के बाद बप्पा को विदाई का समय भक्तों को बप्पा से विछोह का अहसास करा रहा था। जब तक बप्पा का दरबार सजा था,तब तक दर्शनों का तांता लगा था। विदाई के वक्त भी भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा था। नानी दमण जेटी पर विदाई देने लोगों का लोगों का तांता रहा।
patrika
 

नम आखों से दी बप्पा को विदाई
खेरगाम. खेरगाम व आसपास के लोगों ने भैरवी के शनिदेव तट और औरंगा नदी के तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया। गणपति बप्पा मोरिया और अगले बरस जल्दी आना की मनुहार के साथ नम आंखों से भक्तों ने विघ्नहर्ता को विदा किया। खेरगाम रामजी मंदिर, शांति नगर सोसायटी, रोहितवास समेत अन्य स्थानों से पुलिस बंदोबस्त के बीच गाजे बाजे के साथ गणेशजी की सवारी निकली थी। मुख्य बाजार, दशेरा टेकरी, भैरवी चार रास्ता होते हुए विसर्जन यात्रा नादाई व भैरवी तट पर पहुंची थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सिद्धि विनायक के दर्शन कर सफल मनोरथ की कामना की। विसर्जन यात्रा में संगीत, भक्ति और डांस का संगम देखा गया। बड़ी संख्या में लोग नदी तटों पर उमड़ पड़े थे। श्रद्धालु डीजे की धुन पर गरबा खेलने से भी नहीं चूके और इस दौरान अबीर गुलाल उड़ाकर हर्षित होते रहे। गणेश मंडलों के स्वयंसेवकों ने भी यात्रा संपन्न करवाने में पुलिस का सहयोग किया। यात्रा मार्ग से लेकर विसर्जन तटों तक पुलिस बंदोबस्त रहा। घाटों पर आपात सेवा के कर्मचारी, दमकलकर्मी और तहसीलदार भी स्टाफ के साथ मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग वीडियो