scriptटैक्स जमा करने के बाद भी नहीं मिल रही सुविधा | Not getting the facility after tax collection | Patrika News
सूरत

टैक्स जमा करने के बाद भी नहीं मिल रही सुविधा

रामभरोसे चल रही वलसाड नगरपालिका

सूरतMar 19, 2019 / 06:17 pm

Sunil Mishra

patrika

टैक्स जमा करने के बाद भी नहीं मिल रही सुविधा


वलसाड. भाजपा शासित वलसाड नगर पालिका के बिगड़ते कार्यभार से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब तो लोग यह कहने से नहीं चूक रहे हैं कि नगर पालिका रामभरोसे चल रही है। विविध प्रकार के टैक्स देने के बाद भी जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
नगरपालिका के सफाई कर्मचारी करीब एक महीने से हड़ताल पर हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। अब तो लोगों को बीमारी फैलने की आशंका सता रही है। इसके अलावा पीने के पानी की भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। शहर में ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट की समस्या भी मुंह बाए खड़ी है। लोगों के अनुसार पानी, लाइट, सफाई, रोड टैक्स समेत कई प्रकार के टैक्स समय पर नगर पालिका में जमा करते हैं। इसके बाद भी नगरपालिका ने जीइबी और नहर विभाग का बिल सालों से नहीं जमा किया। इसके कारण नहर विभाग ने पानी का रोटेशन बंद कर दिया। इसके चलते पानी का संकट खड़ा हो गया है। दूसरी तरफ बिल बाकी होने पर बिजली विभाग ने भी नपा के कई विस्तारों की बिजली काट दी है, जिससे रात को सड़क़ों पर अंधेरा फैला है। शहर में इंदिरा गांधी मार्केट के आसपास के व्यापारियों ने बताया कि मार्केट से कचरा नहीं उठाया जा रहा है जिससे रोजाना कचरा जलाने की नौबत उत्पन्न हो रही है।
वलसाड नपा के पूर्व प्रमुख व निर्दलीय पार्षद राजू पटेल ने कहा कि शहर के लोगों न पानी मिल रहा है और न सफाई हो रही है। ड्रेनेज की समस्या भी परेशानी का सबब बनी है। भाजपा का कोई पार्षद नहीं दिख रहा है और अधिकारी भी लोगों के सामने नहीं आ रहे हैं। नपा रामभरोसे चल रही है। इसके कारण ही आक्रोशित लोग नपा में पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं।
इस संबंध में नगर पालिका प्रमुख पंकज आहिर ने कहा कि जीइबी वालों से चर्चा चल रही है और जल्द ही लाइट की समस्या दूर हो जाएगी तथा पानी की समस्या भी 25 फरवरी के बाद हल हो जाएगी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बाहर से सफाई कर्मी लाकर शहर को साफ रखने का प्रयास किया जा रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो