scriptहुड्डा और चौटाला के गढ़ में दहाड़ेंगे मोदी, इस दिन करेंगे रैलियां | narendra modi will address three rallies on May 8 and 10 in haryana | Patrika News

हुड्डा और चौटाला के गढ़ में दहाड़ेंगे मोदी, इस दिन करेंगे रैलियां

locationसिरसाPublished: May 01, 2019 08:27:57 pm

Submitted by:

Prateek

हारी हुई दोनों सीटों के साथ बागी सैनी के इलाके में करेंगे रैली…
 

pm modi file photo

pm modi file photo

(चंडीगढ़,सिरसा): हरियाणा के चुनावी समर में पीएम नरेंद्र मोदी का उतरना भी तय हो गया है। वे 8 और 10 मई को हरियाणा में तीन चुनावी रैलियों को सम्बोधित करेंगे। हरियाणा भाजपा ने मोदी की रैलियों के लिए हुड्डा व चौटाला के गढ़ के साथ-साथ अपने ही बागी सांसद राजकुमार सैनी के निर्वाचन क्षेत्र कुरुक्षेत्र को चुना है।

 

मोदी का पहला हरियाणा दौरा 8 मई को होगा। इस दिन वे दो चुनावी रैलियों को सम्बोधित करेंगे। 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व वाली हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। सिरसा व हिसार की सीट हजकां के खाते में आई थी, जबकि आठ जगहों पर भाजपा ने चुनाव लड़ा था।

 

रोहतक को छोडक़र भाजपा अपने हिस्से की सात सीटों में जीत हासिल करने में कामयाब रही, जबकि हजकां उम्मीदवार दोनों सीटों पर शिकस्त खा बैठे। इस बार भाजपा सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करने का मिशन लेकर चल रही है। 2014 में हारी गई हिसार, रोहतक व सिरसा की सीटों पर मुख्य फोकस है। भाजपा ने जातिगत समीकरणों के हिसाब से इन तीनों सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

 

माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे भी सोची-समझी रणनीति के तहत तय किए गए हैं। 8 मई को प्रधानमंत्री मोदी की पहली चुनावी रैली सिरसा संसदीय क्षेत्र के फतेहाबाद में सुबह साढ़े 11 बजे होगी। यहां से भाजपा ने भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी रहीं सुनीता दुग्गल को चुनावी रण में उतारा है। सुनीता दुग्गल 2014 में आईआरएस से वीआरएस लेने के बाद भाजपा में शामिल हुईं थीं। उन्होंने रतिया से विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। सूत्रों का कहना है कि इस बार उन्हें टिकट सीधे पीएम मोदी के ‘आशीर्वाद’ से मिला है। 2014 में यहां से इनेलो उम्मीदवार चरणजीत सिंह रोड़ी चुनाव जीतने में सफल रहे थे। इस बार रोड़ी फिर से मैदान में हैं और कांग्रेस ने डॉ. अशोक तंवर व जेजेपी ने निर्मल सिंह मल्हड़ी को चुनावी रण में उतारा हुआ है। इसी दिन मोदी की दूसरी रैली दोपहर 2 बजे कुरुक्षेत्र में होगी। 2014 में राजकुमार सैनी यहां से भाजपा सांसद चुने गए थे। उनके बागी होने के बाद भाजपा ने श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी को टिकट दिया है। यह सीट भी भाजपा के लिए अहम है। ऐसे में मोदी यहां आकर सैनी के लिए माहौल तैयार करेंगे। कुरुक्षेत्र को कृष्णा सर्किट के तहत विकसित करने का ऐलान भी मोदी कर चुके हैं।


राज्य में 12 मई को मतदान होना है। दस मई को प्रचार पर रोक लग जाएगी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मोदी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ कहे जाने वाले रोहतक में आने का निर्णय लिया है। सुबह 11 बजे मोदी रोहतक में रैली करेंगे। भाजपा ने यहां से पूर्व सांसद डॉ. अरविन्द शर्मा को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस से लगातार चौथी बार दीपेंद्र हुड्डा ही चुनाव लड़ रहे हैं। बताते हैं कि रोहतक की रैली के जरिये ही मोदी प्रदेश की बाकी सीटों के साथ-साथ गुरुग्राम से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के लिए वोटों की अपील करेंगे। प्रदेश के बाकी छह संसदीय क्षेत्रों – फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल, अंबाला, भिवानी-महेंद्रगढ़ व हिसार में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली का जिम्मा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने खुद अपने कंधों पर उठाया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो