scriptलापता युवक का सिर और हाथ कटा शव मिला,आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम | people dead body found in sheopur | Patrika News

लापता युवक का सिर और हाथ कटा शव मिला,आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

locationश्योपुरPublished: Sep 23, 2018 02:51:36 pm

Submitted by:

Gaurav Sen

हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने और टीआई व एएसआई को सस्पेंड करने की रखी मांग

dead body found

लापता युवक का सिर और हाथ कटा शव मिला,आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

विजयपुर । सप्ताहभर पहले लापता हुए युवक की क्षत विक्षप्त लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। ग्राम उपचा निवासी रामनाथ कुशवाह की लाश वीरपुर थाना क्षेत्र के दिमरछा के बीहड़ में मिली है। युवक की गर्दन और हाथ धड़ से दूर कटे पड़े मिले है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को लाश के साथ मुरैना-शिवपुरी सडक़ मार्ग पर जाम लगा दिया।

जाम लगाने वाले ग्रामीणों में महिलाएं भी शामिल थी। आक्रोशित लोगों की मांग की है कि अपहरण के बाद हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उनको तत्काल गिरफ्तार किया जाए। वहीं विजयपुर टीआई जितेन्द्र नगाइच और एएसआई रामवरन सिंह तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। क्योंकि उनके द्वारा मामले में कार्रवाई के लिए कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। भुजपेरिया के पास शनिवार को दोपहर १२ बजे से जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर एसडीएम विजयपुर और एसडीओपी विजयपुर मौके पर पहुंचे। जहां उनके द्वारा आंदोलनकारियों को समझाइस दी। मगर आंदोलनकारी अपनी मांग पर अडे रहे। जिसके चलते जाम देर रात लगा रहा।

16 सितंबर को लापता हुआ था रामनाथ
जानकारी के मुताबिक मृतक रामनाथ कुशवाह गत १६ सितंबर को उपचा गांव से लापता हुआ था। बीते रोज मृतक के परिजनों सहित कुशवाह समाज के लोगों ने विजयपुर थाने का घेराव करते हुए नामजद लोगों पर रामनाथ कुशवाह का अपहरण किए जाने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई। मगर उस समय विजयपुर थाना पुलिस के द्वारा गुमशुदगी दर्ज की गई और तीन दिन में कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। जिसके बाद आक्रोशित लोग तीन दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी देकर थाने से लौट गए थे।

पांच किलोमीटर लंबा लगा जाम
आक्रोशित परिजनों सहित कुशवाह समाज के लोगों ने शनिवार को मामले में कार्रवाई के लिए जाम लगा दिया। शव के साथ दोपहर १२ बजे से लगाया गया यह जाम देर रात तक लगा रहा। इस दौरान जाम में कई वाहन फंस गए। जाम में फंसे वाहनों की पांच किलोमीटर तक लाइन लग गई। जाम में फंसे यात्री वाहनों में सवार यात्रियों को खासी दिक्कते उठानी पड़ी। जाम में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ी भी फंस गई।

मामले में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। मामले की जांच करवाई जा रही है। यदि टीआई और एएसआई दोषी मिलेगे तो उनके खिलाफ भी जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।
डॉ शिवदयाल सिंह, एसपी,श्योपुर
प्रभारी मंत्री ने भी किया फोन
-प्रभारी मंत्री नारायण कुशवाह ने भी परिजनों से फोन पर बात कर दिया कार्रवाई का भरोसा।
-कलेक्टर और एसपी ने भी आंदोलनकारी लोगों से जाम हटाने के लिए फोन पर की चर्चा।
-जाम में फंसे वाहनों में सवार यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए दस किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।
-जाम की सूचना मिलने ही पुलिस ने मामले से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया।
-आपस में दोस्त थे मृतक रामनाथ और आरोपी बताया जा रहा रामवीर। दोनों १६ सितंबर को एक ही बाइक पर बैठकर गए थे गांव से
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो