scriptविवादों में आई राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता, खिलाडिय़ों में नाराजगी | State level hockey competition in disputes, players displeasure | Patrika News

विवादों में आई राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता, खिलाडिय़ों में नाराजगी

locationसिवनीPublished: Aug 30, 2018 10:33:30 am

Submitted by:

sunil vanderwar

अव्यवस्था के बीच राज्य स्तरीय शालेय हॉकी की हुई शुरुआत

seoni

demo pic

सिवनी. एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में बुधवार को 64वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से अंडर १७ बालक-बालिका टीमें शामिल हो रही हैं। पहले ही दिन से प्रतियोगिता विवादों में घिरती नजर आ रही है। किए गए इंतजामों से खिलाड़ी, टीम मैनेजर तक नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
पांच दिन तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न संभागों के खिलाडिय़ों, सहयोगियों के लिए भोजन की व्यवस्था नगर पालिका के सामने करीब १५० साल पुरानी जर्जर घोषित हिन्दी मेन बोर्ड शाला की बिल्डिंग में की गई है। अब तक इस बिल्डिंग में लगने वाली प्राथमिक शाला को यह कहकर शिफ्ट कर दिया गया कि बिल्डिंग खतरनाक हो चुकी है, यहां विद्यालय लगाया जाना जोखिम भरा है। लेकिन अब इसी बिल्डिंग को राज्य स्तरीय आयोजन में मेस के लिए खोल दिया गया है।
हादसा हुआ, तो कौन होगा जिम्मेदार –
हिन्दी मेन बोर्ड शाला की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सजल विश्वास ने कहा है कि जब यह बिल्डिंग जर्जर एवं तोड़े जाने के लिए घोषित हो चुकी है, तो फिर खिलाडिय़ों के भोजन पकाने, खिलाने की व्यवस्था के लिए इसे कैसे उपलब्ध करा दिया गया। यदि कोई दुर्घटना होती है तो जिम्मेदार कौन होगा।
खिलाड़ी हुए परेशान, दिखी अव्यवस्था –
प्रदेश के १० संभागों की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता न तो निर्धारित समय पर शुरु हो सकी और न ही शामिल होने आई टीमों के लिए उचित प्रबंध किए गए। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शामिल हुए खिलाड़ी व उनके सहयोगी शिक्षक, पीटीआई किए गए इंतजाम को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कुछ संभाग की टीमें देर रात और कुछ सुबह-सुबह सिवनी पहुंचीं, जिनको आवास स्थल तक लेकर जाने के लिए कोई वाहन व्यवस्था नहीं थी। बस स्टैण्ड में इंतजार के बाद भी जब कोई इंतजाम नहीं हो सका तब स्थानीय कर्मियों ने किराए पर ऑटो लेकर आवास स्थल तक पहुंचवाया।
प्रतियोगिता का हुआ आगाज –
प्रतियोगिता का आरंभ ध्वज फहराकर, सभी संभाग की टीमों के मार्च पास्ट के साथ किया गया। इस मौके पर सिवनी विधायक दिनेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष आरती शुक्ला, जनपद पंचायत सिवनी की अध्यक्ष प्रतिक्षा राजपूत, नगर पालिका उपाध्यक्ष परसू साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल खांडेल, जिला शिक्षा अधिकारी एसपी लाल, उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी के प्राचार्य आरपी बोरकर सहित अन्य की उपस्थिति रही। सिवनी विधायक दिनेश राय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आजादी के बाद पहली बार राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए सिवनी नगर को अवसर दिया है। इससे जिले को प्रदेश में नई पहचान मिलेगी।
यदि ऐसा है तो गलत है –
आपसे जानकारी मिल रही है कि उस जर्जर भवन में खिलाडिय़ों के मेस की व्यवस्था और रसोइयों को ठहराया गया है। जर्जर भवन में बरसात के इन दिनों में हादसे का डर है। अभी जानकारी लेता हूं, ऐसा किसके आदेश पर हुआ है। उचित व्यवस्था बनाई जाएगी।
एसपी लाल, डीइओ सिवनी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो