script

पुलिस के संरक्षण में बिक रही अवैध शराब

locationसिवनीPublished: Aug 19, 2018 11:51:58 am

Submitted by:

mahendra baghel

आबकारी विभाग व पुलिस रोक लगाने में नाकाम

Illegal liquor sold under the protection

पुलिस के संरक्षण में बिक रही अवैध शराब

सिवनी. बंडोल थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध शराब की बिक्री जोरों पर चल रही है। लिखित शिकायत के बाद भी आबकारी विभाग व पुलिस महकमा इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है। इसको लेकर महिलाओं में सबसे अधिक नाराजगी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-7 किनारे स्थित ग्राम भोंगाखेड़ा में चाय की दुकानों पर अवैध तरीके से देशी व अंग्रेजी शराब की बिक्री हो रही है। धड़ल्ले से अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बेची जा रही है। ग्रामीणों की माने तो शराब पीने के बाद शराबी विद्यालय आती-जाती बालिकाएं और अन्य महिलाओं पर छींटाकसी करते हैं। इस संबंध में भी ग्रामीणों ने लिखित शिकायत की है। ग्रामवासियों ने इस मामले में पंचायत के प्रस्ताव के साथ पुलिस अधीक्षक को शिकायत किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पुलिस के संरक्षण में चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी मौके पर नहीं आने और कार्रवाई नहीं किए जाने से इसकी पुष्टि हो रही है। उधर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
ग्रामीणों ने शराब पकड़ सौंपा पुलिस को
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की रात एक बिना नंबर की गाड़ी में शराब की सप्लाई भोंगाखेड़ा में हो रही थी। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर ग्राम पंचायत के पंच व ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। मौैके से ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत किया। साथ अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग किया।

आमाझिरिया में शराब बंद कराने महिलाओं ने निकाला जुलूस
सिवनी. आबकारी विभाग व पुलिस की नाकामी के बाद ग्रामीणों ने अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्राम में जुलूस निकालकर अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह बंद कराने के संबंध में नारे लगाए जा रहे हैं। डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के आमाझिरिया में शुक्रवार को महिलाओं के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया।
जानकारी के अनुसार आमाझिरिया के सैकड़ों महिला पुरुष शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। उन लोगों ने नारेबाजी करते हुए पूरे ग्राम का भ्रमण किया। इसके बाद मटका फोड़कर विरोध जताया। महिलाओं ने बताया कि ग्राम में आसानी से शराब मिलने की वजह से गांव के युवा व बुजुर्ग भी इसकी लत में आ गए हैं। इससे एक ओर जहां घर व ग्राम का माहौल बिगड़ रहा हैं, वहीं मजदूर तबके के लोग होने से आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं की होती है। डूंडासिवनी पुलिस ने जुलूस का समर्थन किया और पूरे क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए आश्वसत किया। ग्रामीणों को बताया कि यदि कहीं भी शराब बिकने की सूचना मिले तो तत्काल बताए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो