scriptबड़ी खबर : बीजेपी में शामिल हुआ खुंखार अपराधी, कांग्रेस में हड़कंप, आधा दर्जन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया | sanjay yadav sendhwa samchar in hindi | Patrika News

बड़ी खबर : बीजेपी में शामिल हुआ खुंखार अपराधी, कांग्रेस में हड़कंप, आधा दर्जन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया

locationसेंधवाPublished: Jan 09, 2018 05:13:31 pm

Submitted by:

Manish Gite

दस माह पहले ही भाजपा में शामिल हुआ क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर संजय यादव का खौफ कांग्रेस पार्टी में देखा जा रहा है। हाल ही भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष…।

sanjay yadav sendhwa

सेंधवा। दस माह पहले ही भाजपा में शामिल हुआ क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर संजय यादव का खौफ कांग्रेस पार्टी में देखा जा रहा है। हाल ही भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष के लिए संजय की मां बसंती यादव को टिकट दिया गया था। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस समेत 6 प्रत्याशियों ने एक-एक करके मैदान ही छोड़ दिया। बड़वानी जिले की कोर्ट में हुए बहुचर्चित गोलीकांड मामले में संजय यादव की पुलिस को तलाश है।

 

निर्विरोध हो गए चुनाव
नगर पालिका चुनाव के वोट 17 जनवरी को वोटिंग होना है, लेकिन भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत पर भाजपा और कांग्रेस में तनातनी बढ़ गई है। इसके अलावा क्षेत्र में भाजपा के 24 में से 11 पार्षदों का भी निर्विरोध जीतना तय माना जा रहा है। इधर, कांग्रेस ने भाजपा और यादव परिवार पर डरा-धमकाने का आरोप लगाया है।
sanjay yadav sendhwa
एक-एक करके 6 प्रत्याशियों ने नाम वापिस लिए
सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए पहले 7 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। जैसे ही बाहुबली संजय यादव की मां बसंती यादव ने पर्चा भरा, एक-एक करके 6 प्रतिद्वंदियों ने अपने पर्चे वापस लेना शुरू कर दिया।
sanjay yadav sendhwa
कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व भी है चुप
सेंधवा में तेजी से बदले इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं। दस माह पहले भाजपा में शामिल हुए क्षेत्र के बाहुबली नेता संजय यादव पहले कांग्रेस के पार्ष्द थे। उन्हें 20 फरवरी को प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने भाजपा की शपथ दिलाई थी। संजय के साथ ही उनके पिता विष्णु प्रसाद यादव और भाई जितेंद्र यादव ने भी भाजपा ज्वाइन की थी। इस कार्यक्रम में सांसद सुभाष पटेल और मंत्री अंतर सिंह आर्य भी थे। प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने उस समय कहा था कि यादव परिवार के भाजपा में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी।
sanjay yadav sendhwa
अरुण यादव की भूमिका पर उठे सवाल
इधर, सेंधवा नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी की शर्मनाक हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि बड़वानी जिला यादव के प्रभाव वाला जिला है और अरुण यादव मुख्यमंत्री कैंडिडेट बने की जुगाड़ में है। जबकि कांग्रेस ने ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिया गया, जो संजय यादव की दहशत में थे।
sanjay yadav sendhwa
कौन है संजय यादव
-सेंधवा और आसपास के क्षेत्र में यादव परिवार की काफी दहशत है। संजय यादव के खिलाफ गोपाल जोशी के चचेरे भाई नितिन जोशी की हत्या के षडयंत्र का प्रकरण दर्ज है। इसी रंजिश के कारण कोर्ट में बड़ा गोलीकांड हुआ था। कोर्ट गोलीकांड में यादव धारा 120 बी का आरोपी है और फरार है।
-बाहुबली नेता संजय के खिलाफ 40 मामले दर्ज हैं, जो 1984 के बाद से अब तक दर्ज हो रहे हैं। इनमें अपहरण, हत्या, हत्या का षडयंत्र, जान से मारने की धमकी जैसे अपराध शामिल हैं।
-सत्तार मर्डर केस में भी वह आरोपी हैं। दो हत्याओं के आरोपियों पर प्राणघातक हमला करने के आरोप में वह अब तक संजय यादव फरार चल रहा है।

न्यायाधीश के सामने चलाई थी गोली
सेंधवा की एडीजे कोर्ट में 12 अक्टूबर 2017 को पेशी चल रही थी। इसी बीच गोपाल जोशी पिता कैलाशचंद्र जोशी को एक युवक ने जज के सामने ही गोली मार दी थी। गोपाल को इंदौर जेल से पेशी पर सेंधवा लाया गया था। इस मामले में संजय पर आरोप हैं। संजय 2008 में हुए संजय झंवर की हत्या मामले में भी आरोपी है। फिलहाल संजय के खिलाफ तीन प्रकरण चल रहे हैं।
फरारी के बावजूद फेंस क्लब
कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए इस बाहुबली नेता का फेंस क्लब भी सक्रिय है। फेसबुक पर यादव फेन्स क्लब नाम का यह पेज रोज अपडेट होता है और इसमें संजय यादव और जितेंद्र यादव की तारीफों के पुल बांधे जाते हैं। बताया जाता है कि संजय यादव की पुलिस विभाग में भी पैठ होने के कारण वह फरारी के बावजूद शहर में रहता है लेकिन कोर्ट में पेश नहीं हो रहा है।
भाजपा कांग्रेस में तनातनी
इधर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुखलाल परमार ने आरोप लगाया है कि याद परिवार और भाजपा के दबाव में हमारे प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ा है। पहले साधना राजपाल को टिकट दिया था, बाद में उनके बेटे को डरा-धमकाकर नाम वापस करवा लिया। नीलम शर्मा को हमने टिकट दिया, तो उन्होंने भी डरकर हाथ खींच लिए।
भाजपा बोली- तो शिकायत क्यों नहीं की
भाजपा के जिला अध्यक्ष ओम खंडेलवाल का कहना है कि कांग्रेस प्रत्याशियों को धमकाया गया है तो शिकायत करना चाहिए थी। संजय यादव को प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान भाजपा में लेकर आए थे। उस समय नहीं पता था कि उन पर कोई प्रकरण दर्ज हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों ने स्वेच्छा से नाम वापस लिए हैं। कांग्रेस क्षेत्र में कमजोर हो गई है।
पुलिस बोली- फरार है संजय यादव
इधर, सेंधवा थाने के थाना प्रभारी जगदीश पाटीदार का कहना है कि कोर्ट गोलीकांड मामले में हत्या का षडयंत्र में आरोपी संजय यादव फरार घोषित हैं। यादव पर 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह निगरानीशुदा बदमाशों की लिस्ट में भी शामिल है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो