script

सच्चे सिपाही ने कटाई चोटी, जानें क्यों?

locationसीहोरPublished: Jan 05, 2019 01:45:51 pm

Submitted by:

Kuldeep Saraswat

कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने पर 15 साल पहले कांग्रेस कार्यकर्ता ने लिया था संकल्प…

news

सच्चे सिपाही ने कटाई चोटी, जानें क्यों?

सीहोर. हर राजनीतिक दल और नेता के समर्थक होते हैं। ऐसे होते हैं जिनके लिए सबकुछ उनका दल और नेता होता है। कुछ सिर्फ संगठन को ही अपना सब कुछ मानते हैं। सीहोर में भी ऐसे ही एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में सामने आए हैं थूना के बाबूलाल भाटी।

बताया जा रहा है कि 15 साल पहले कांग्रेस की सरकार सत्ता से बाहर होने पर बाबूलाल भाटी कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने तक चोटी रखने का संकल्प लिया था। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर भाटी ने अपने संकल्प के मुताबिक कांग्रेस जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर और इछावर के पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल से चोटी कटाई। साथ ही हनुमान मंदिर में 51 किलो लड्डू का प्रसाद चढाया।

कांग्रेस कार्यकर्ता भाटी ने बताया कि ऐसा कठोर संकल्प लेने पर उनके परिजन ने नाराजगी व्यक्त की और कई बार उनके चोटी भी काटने को कहा, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी और सरकार बनने पर पार्टी के नेताओं से खुशी-खुशी चोटी कटाई। भाटी मानते हैं कि व्यक्ति यदि किसी राजनीतिक दल या सामाजिक संस्था में जुड़़ा है तो उसे उसके लिए समर्पित होकर काम कराना चाहिए। खुद के हितों से ज्यादा संस्था और संगठन के हितों की चिंता करनी चाहिए। जब कोई व्यक्ति किसी संस्था या राजनीतिक दल के साथ जुड़ जाता है तो उसके निजी हित संस्था हित से पीछे हो जाते हैं। मैं कांग्रेस का एक सच्चा सिपाही हूं, इसलिए मैंने जो संकल्प लिया, वह संकल्प पूरा होने के बाद भी चोटी कटाई है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर ने कहा कि बाबूलाल भाटी कांग्रेस से लंबे समय से जुटे हुए हैं और पार्टी के निष्ठावान व कर्मठ कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस एक सेकुलर पार्टी है जिसका देश की आजादी में महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। कांग्रेस विचारधारा से वह बहुत प्रभावित हैं। पार्टी का गौरवशाली इतिहास रहा है। हर धर्म और हर जाति के लोगों से मिलकर पार्टी बनी है, जो सांप्रदायिकता का विरोध करती है। आज देश में धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बरगलाकर वोट मांगने की राजनीति चल रही है, लेकिन कांग्रेस सभी वर्गो को साथ लेकर चलती है। समावेशी विकास की बात करती है। पदाधिकारियों द्वारा बाबूलाल भाटी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, आशीष गहलोत, मनोज परमार, मुकेश गरोंडिया, विवेक राठौर, छात्र नेता देवेन्द्र ठाकुर आदि उपस्थित थे।

ट्रेंडिंग वीडियो