script

माता शीतला को ठंडे पकवानों का भोग लगाकर मांगी सुख समृद्धि

locationसीहोरPublished: Mar 28, 2019 12:26:21 pm

Submitted by:

Radheshyam Rai

पूजा-अर्चना करने मंदिरों में लगी रहीं महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें

news

माता शीतला को ठंडे पकवानों का भोग लगाकर मांगी सुख समृद्धि

पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं….

सीहोर. शीतला सप्तमी पर महिलाओं ने माता शीतला की पूजा-अर्चना कर ठंडे पकवानों का भोग लगाया और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। नगर स्थित प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर में सुबह से ही महिलाओं की कतार लग गई। माता की पूजा के लिए महिलाओं का माता मंदिर में पहुंचने का क्रम प्रारंभ हो गया था। इस दौरान मंदिर पर महिलाओं की खासी भीड़भाड़ रही। बुधवार तड़के ही महिलाओं का पूजा की थाली लेकर मंदिर में पहुंचना प्रारम्भ हो गया था। महिलाओं ने माता पूजन किया। इसके बाद भैरव पूजन भी हुआ और पूजा के अंत में चौक की होली का पूजन हुआ। हिन्दू समुदाय के प्रत्येक घर पर प्रतीक स्वरूप हाथों से छापे लगाए गए। घरों में ठंडे पकवानों का ही भोजन हुआ।

क्षेत्र में शीतला माता की पूजा-अर्चना ग्रामीण महिलाएं एवं नवयुवतियों द्वारा विधि पूर्वक की गई। इसमें गांव की सभी सौभाग्यवती महिलाओं ने अधिक से अधिक संख्या में एकत्रित होकर अपने परिवार एवं दांपत्य जीवन कि सुख-समृद्घि की कामना लिए माताजी की पूजा-अर्चना की।

सभी महिलाएं एवं युवतियां सामाजिक परिधानों में सज-धजकर शीतला माता मंदिर पहुंची। मंदिर जाते समय भक्तिपूर्वक माता के भजन गाकर मंदिर परिसर में खुशी से नृत्य भी किया। इसी प्रकार रेहटी में भी शीतला सप्तमी के अवसर पर महिलाओं ने शीतला माता मंदिर में जाकर बासी भोजन का भोग लगाकर सुख समृद्धि व शांति की कामना की। मंगलवार की शाम को अपने दैनिक कार्य से निपटने के बाद में अनेक प्रकार के व्यंजन पकवान बनाए गए। बुधवार को अल सुबह से ही महिलाएं सजधज कर नगर स्थित माता शीतला के दरबार पहुंची।

पूजा-अर्चना करने उमड़ी महिलाओं की भीड़
बेहरावल. ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार को शीतला सप्तमी पर घर-परिवार की सुख-शांति के लिए महिलाएं पूजन कर मां शीतला को एक दिन पूर्व बना ठंडा भोजन अर्पित किया। शीतला सप्तमी पर महिलाएं भी घर में चूल्हा नहीं जलाकर सभी परिजन ने ठंडा भोजन ही किया। मान्यतानुसार इस दिन शीतला माता की पूजन करने से घर-परिवार में सुख-शांति के साथ चेचक, खसरा आदि बीमारियों से मां रक्षा करती हैं।

मुख्य मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा करने महिलाओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं द्वारा मातारानी को ठंडे पकवानों का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कमाना की। मातारानी को शीतल भोग लगाकर पूजन का यह सिलसिला दोपहर तक चलता रहा।

माता को भोग लगाकर सुख-शांति की कामना
अकोदिया. शीतला सप्तमी के अवसर पर बुधवार को रात्रि 3 बजे से ही महिलाएं माता मंदिरों में जाकर ठंडे भोजन का भोग लगाकर घर की सुख संमृद्धि व शांति की कामना की। मंगलवार को महिलाओं ने शाम को ही विभिन्न प्रकार के व्यंजन पकवान बनाए और शीतला सप्तमी के अवसर पर बुधवार को रात्रि 3 बजे से ही महिलाएं अकोदिया गांव व जाटपूरा स्थित शीतला माता के दरबार में पहुंची और विधि विधान पूजन कर ठंडे भोजन का भोग लगाकर घर की शांति, समृद्धि व खुशहाली की मन्नते मांगी। इसके बाद होली के पूर्व दहन की गई होलिका की भी पूजन महिलाओ ने की।

ट्रेंडिंग वीडियो