scriptभाजपा ने जिनका कर्ज माफ किया, उनसे वसूली कर गरीब को देंगे छह हजार रुपए महीना | For the people who have forgiven the debt, they will be able to recove | Patrika News

भाजपा ने जिनका कर्ज माफ किया, उनसे वसूली कर गरीब को देंगे छह हजार रुपए महीना

locationसीहोरPublished: Mar 30, 2019 01:32:00 pm

चिंतामन गणेश का आशीर्वाद लेने के बाद कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए भोपाल लोकसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार

news

Sehore. Digvijay Singh addressing workers

सीहोर. मेरे 40 साल के राजनीति के कार्यकाल में मेरे पास सबसे बड़ी कोई पूंजी है तो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का प्यार, स्नेह, सद्भाव और समर्थन है। कांग्रेस के नेताओं को कोई लंबा भाषण देने की जरूरत नहीं है। आप केवल नरेंद्र मोदी के गुजराज मुख्यमंत्री रहते समय के भाषण और प्रधानमंत्री बनने के बाद के भाषण को सुन लो, जिसका विरोध किया, उसी का समर्थन कर रहे हैं। यह बात शुक्रवार को लुनिया चौराहा स्थित मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भोपाल लोकसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने कही।

कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह के साथ उच्च शिक्षा मंत्री जीत पटवारी, पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह वघेल, प्रभारी मंत्री आरिफ अकील, पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर नीखरा आदि मंच पर मौजूद थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम आभारी हैं राहुल गांधी के रोटी, कपड़ा, मकान की जरूरत वालों को न्यूनतम आय सुनिश्चित करने के लिए 6 हजार प्रति माह देने का घोषणा की है।

भाजपा कहती है कि पैसे कहा से लाएंगे। अरे, जितने आपने नीरव मोदी, विजय माल्या के माफ कर दिए, उतने हम वसूली करेंगे, टैक्स लगाएंगे और गरीब को देंगे। भाजपा और कांग्रेस में यही अंतर है। भाजपा बड़े लोगों को फायदा पहुंचती है और गरीब को लूटती है। उन्होंने कहा कि जो पंचायती राज्य हमारे समय था, उसे हम वापस लाएंगे। कार्यकर्ता संवाद का संचालन कांग्रेस नेता हरीश राठौर ने किया।

ट्रांसफर में सीहोर सबसे बड़ा जिला
कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री आरिफ अकील ने कहा कि मध्यप्रदेश में सीहोर जिला नंबर वन है। ट्रांसफर के मामले में सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं। शिक्षकों के ट्रांसफर के मामले में तो मैं कुछ नहीं कहूंगा, ये शिक्षा से जुड़ा मामला है, लेकिन जिन अधिकारियों के खिलाफ ट्रांसफर के आवेदन नेताओं ने दिए हैं, मैंने पूरी फाइल बनाकर मुख्यमंत्री के पास भेज दी है। आचार संहिता के बाद उनके ट्रांसफर हो जाएंगे।

कार्यकर्ता बोला- राजा साहब चुनाव जीत कर चले तो नहीं जाओगे
कार्यकर्ता संवाद में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक-एक कार्यकर्ता को सुझाव और समस्या मंच पर आकर रखने का मौका दिया। इस दौरान खाईखेड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ता रंजीत सिंह दागी को भी मंच पर बुलाया गया। दांगी ने मंच से कहा कि हम 35 साल से सांसद का चेहरा देखने के लिए तरस गए हैं, राजा साहब, आप भी चुनाव जीतने के बाद मंत्री बनकर चले तो नहीं जाओगे।

भाजपा के बगावती महाजन के घर पहुंचे दिग्विजय सिंह
कार्यकर्ता संवाद के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह युवा नेता गौरव सन्नी महाजन के घर पहुंचे। यहां पर काफी देर तक दोनों की चर्चा हुई। गौरव सन्नी महाजन विधानसभा चुनाव में भाजपा से बगावत कर मैदान में उतरे थे। दिग्विजय सिंह और महाजन की इस मुलाकात से कयास लगाया जा रहा है कि महाजन कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो