scriptपानी के लिए टूट रहा सब्र का बांध | Patience dam is breaking for water | Patrika News

पानी के लिए टूट रहा सब्र का बांध

locationसवाई माधोपुरPublished: Oct 17, 2019 08:37:27 pm

Submitted by:

Rajeev

गंगापुरसिटी . चम्बल नदी में इन्टेकवैल का पम्प जाम होने के कारण शहर में चल रही पेयजल किल्लत को लेकर लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। कई दिनों के बाद भी पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर शहर में गुरुवार को महिलाओं ने दो जगह जाम लगा दिया। पुरुष भी महिलाओं के समर्थन में उतर आए। इससे आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पानी के लिए टूट रहा सब्र का बांध

पानी के लिए टूट रहा सब्र का बांध

गंगापुरसिटी . चम्बल नदी में इन्टेकवैल का पम्प जाम होने के कारण शहर में चल रही पेयजल किल्लत को लेकर लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। कई दिनों के बाद भी पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर शहर में गुरुवार को महिलाओं ने दो जगह जाम लगा दिया। पुरुष भी महिलाओं के समर्थन में उतर आए। इससे आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर जलदाय विभाग के अभियंता व कोतवाली थाना पुलिस एक के बाद जाम स्थलों पर पहुंचे और समझाइश की, लेकिन पानी की समस्या से आजिज महिलाओं को समझाने में जलदाय विभाग के अभियंताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टैंकरों से जलापूर्ति की पेशकश को नकारने के बाद अभियंताओंं के आग्रह पर महिलाएं बड़ी मुश्किल से टैंकर से आपूर्ति के लिए राजी हुई और जाम हटाया।

महेश टाकिज रोड पर जाम


सुबह करीब 6.30 बजे महेश टाकिज रोड पर हीरालाल मिल क्षेत्र की महिलाओं ने जाम लगा दिया। पुरुष भी महिलाओंं के साथ पास ही खड़े हो गए। तारादेवी, सविता देवी, मीना गुप्ता, गुड्डी, अनिता रावत एवं उगन्ती बंसल आदि ने बताया कि पिछले पन्द्रह दिन से पानी की समस्या बनी हुई है। इसके चलते पानी का प्रबंध मुश्किल हो गया है। इस दौरान जलदाय विभाग के सहायक अभियंता डी. एल. सैनी मौके पर पहुंचे तो महिलाओं ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई। कोतवाली थाने से उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह भी पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे।
नगर परिषद उप सभापति दीपक सिंहल व भाजपा नेता गोपाल स्लेट ने भी समस्या को लेकर चिंता जताई। बाद में अधिशासी अभियंता रामकेश मीना ने मौके पर पहुंच कर टैंकरों से जलापूर्ति का आश्वासन दिया, लेकिन महिलाएं इस पर सहमत नहीं हुई। बाद में उन्होंने तत्काल ही टैंकर भेजने और शाम पांच बजे नल से आपूर्ति का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुल सका।

बजरिया में अटक गए वाहन


महेश टाकिज रोड से जाम हट भी नहीं पाया था कि बजरिया में जाम की सूचना ने जलदाय विभाग के अभियंताओं की चिंता बढ़ा दी। अधिशासी अभियंता मीना व सहायक अभियंता सैनी जैसे-तैसे हीरालाल मिल क्षेत्र की महिलाओं को समझाकर बजरिया की ओर दौड़े। कोतवाली थाना प्रभारी हरजीलाल व तहसीलदार ज्ञानचंद जैमन भी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। सरूपी, केसन्ती, लालबाई एवं राजन्ती आदि महिलाओं ने बताया कि संजय कॉलोनी, बड़ा मोहल्ला व रैगर मोहल्ले में पानी की समस्या बनी हुई है।
पांच दिन पहले 15 मिनट पानी की आपूर्ति हुई। इसके बाद से जलापूर्ति नहीं हुई है। इससे परेशानी बढ़ गई है। यहां पर भी अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता ने टैंकरों से आपूर्ति की पेशकश की, लेकिन महिलाएं राजी नहीं हुई। पार्षद वेदप्रकाश सोनवाल ने भी समझाइश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। बाद में शुक्रवार सुबह नल से जलापूर्ति और गुरुवार को टैंकर भेजे जाने के आश्वासन पर महिलाओं ने जाम हटाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम के कारण बजरिया में कई स्कूलों की बसें अटक गई। जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

पार्षदों ने जताई चिंता


पेयजल समस्या को लेकर पार्षदों ने गुरुवार को जलदाय विभाग पहुंचकर अधिशासी अभियंता रामकेश मीना से मुलाकात की और समस्या को लेकर चिंता जताई। पार्षद अशोक शर्मा, लोकेश मीना एवं अब्दुल सईद आदि ने बताया कि वार्ड 7, 13, 17 व 28 में पेयजल समस्या अधिक है। टैंकरों से भी पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने टैंकरों को वार्डों में भेजने के स्थान पर पम्प हाउस में डलवाने की मांग की।

मांग से एक तिहाई आपूर्ति


शहर में पूर्व में 128 लाख लीटर पानी की आवश्यकता की तुलना में वर्तमान में महज 38 लीटर पानी की आपूर्ति की जा रही है। पूर्व में विभाग की ओर से 58 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जा रही थी। माह के प्रारंभ में चम्बल नदी में पानी की अधिक आवक के चलते इन्टेकवैल का पम्प जाम होने से चम्बल परियोजना के लिए प्रतिदिन मिलने वाला २० लाख लीटर पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते विभाग मांग से एक तिहाई 38 लाख लीटर पानी की आपूर्ति ही कर पा रहा है। यह आपूर्ति भी तीन दिन में एक बार की जा रही है।

आज से सुधार
शुक्रवार से शहर में एक दिन छोड़ कर पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से पम्प हाउस में टैंकरों से पानी डाला जा रहा है। हालांकि अभी पूर्व की तुलना में जलापूर्ति का समय कम रहेगा। चम्बल इंटेकवैल के पम्प को चालू होने में अभी समय लगेगा।
– रामकेश मीना, अधिशासी अभियंता, जलदाय विभाग गंगापुरसिटी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो