मंदिर के रास्ते में दम्पति को रोका, पति को मारा चाकू, महिला से किया गैंग रेप
सतनाPublished: Aug 25, 2019 05:18:39 pm
अस्पताल पहुंचे पीडि़त दम्पति के पुलिस ने दर्ज किए बयान, महिला की बात सुन सन्न रह गए पुलिस अफसर, आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश
प्रेमिका ने बीवी बनने से किया इनकार तो गुस्से में प्रेमी ने दी ऐसी खौफनाक सजा, गुजरात से पकड़ाया
सतना. मंदिर जा रहे बाइक सवार दम्पति को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। चाकू की नोक पर मारपीट करते हुए बदमाशों ने युवक को जख्मी कर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी से बलात्कार किया गया। शनिवार की सुबह जब पीडि़त दम्पति अस्पताल पहुंचा तब इस वारदात का पता चला। खबर पाते ही पुलिस अफसर भी पहुंच गए। पीडि़त दम्पति के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के साथ मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। ताकि घटना की हकीकत सामने आ सके।
तीन बाइक में थे आरोपी
पीडि़त दम्पति का कहना है कि वह अपने घर सेे मोटर साइकिल में सवार होकर सुबह करीब 8 बजे घर से भरजुना स्थित देवी मंदिर जाने के लिए निकले थे। करीब साढ़े 8 बजे जब पुरैनी मोड़ पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद डिम्पल सिंह, त्रिवेणी पण्डित, कल्लू कुशवाहा, तुलसीदास कुशवाहा, राजकुमार कोल ने गाड़ी रोक ली। रुकते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपी तीन मोटर साइकिल से थे।
पेट में मारा चाकू
पीडि़त महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसके पति के पेट में दाएं तरफ चाकू मारते हुए उसके साथ भी मारपीट की है। इसके बाद आरोपी पास ही एक खंडहर जैसे घर में उसे लेकर गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार किया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
ऑटो से पहुंचे अस्पताल
पीडि़त दम्पति का कहना है कि घटना स्थल से ही उन्होंने 108 की मदद लेने का प्रयास किया। लेकिन मदद नहीं मिली। एेसे में वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवकों की मदद से वह ऑटो में सवार होकर अस्पताल पहुंचे। यहां पुलिस को जानकारी दी गई। खबर पाते ही सिटी कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई थी। इसके साथ ही कोलगवां थाना की बाबूपुर चौकी से एएसआइ प्रीतम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे।
पुरानी रंजिश का मामला
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मामला पुरानी रंजिश का है। आरोपी जिस गांव के बताए जा रहे हैं वहीं पीडि़त युवक भी रहता था। पूर्व में आरोपियों से पीडि़त पक्ष का विवाद भी रहा है। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद गैंग रेप व रास्ता रोककर चाकू मारने का मामला दर्ज कर लिया है।