फूलझरिया देवी पटेल पति स्व. रामसुमिरन पटेल (६०) गुरुवार की सांयकाल करीब 6 बजे घर से निकली थी जिसके बाद लापता हो गई। पूरी रात महिला वापस लौटकर नहीं आई। सुबह स्थानीय लोग जब खेतों में काम करने जा रहे थे तो उन्होंने महिला का शव पड़ा देखा। घटना से पूरे गांव में सनाका खिंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सीन आफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. आरपी शुक्ला ने भी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। महिला के शरीर में कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे और न ही घटनास्थल पर आत्महत्या के निशान मिले है। समीप ही उसका पर्स व चप्पल पड़ी हुई थी। प्रथम दृष्ट्या मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
महिला का गुरुवार को अपने पुत्र व बहू से घरेलू बात पर विवाद हो गया था। विवाद के कारण नाराज होकर महिला घर निकली थी और फिर लापता हो गई। रात में परिजनों ने उनको ढूंढने का प्रयास भी किया लेकिन पता नहीं चला। पुत्र व बहू से विवाद किस बात को लेकर हुआ था इसका पता नहीं चल पाया है।