scriptपूर्व मंत्री एनोस एक्का जेल से झापा के कंट्रोल रूम व कार्यालय का संचालन कर रहे हैं-कांग्रेस | congress says control room of jharkhand party operating from prison | Patrika News

पूर्व मंत्री एनोस एक्का जेल से झापा के कंट्रोल रूम व कार्यालय का संचालन कर रहे हैं-कांग्रेस

locationरांचीPublished: Dec 09, 2018 06:15:44 pm

Submitted by:

Prateek

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया झारखंड पार्टी के पूर्व विधायक एनोस एक्का की मर्जी से ही इस बार उपचुनाव में भाजपा का प्रत्याशी तय हुआ है…

congress

congress

(रांची): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पार्टी के सह प्रभारी उमंग सिघार ने कोलेबिरा विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिमडेगा में कन्ट्रोल रूम एवं कोलेबिरा में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया, जबकि झारखंड पार्टी के कन्ट्रोल रूम तथा कार्यालय का संचालन राज्य सरकार के संरक्षण में पूर्व विधायक एनोस रांची जेल से कर रहे हैं,जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।


एनोस एक्का कर सकते है चुनाव प्रभावित—कांग्रेस

डॉ. अजय कुमार ने रविवार को रांची में पत्रकारों से बातचीत में यह मांग की कि पारा शिक्षक हत्याकांड मामले में सजायाफ्ता एनोस एक्का को राज्य के बाहर किसी जेल में रखा जाए, वे झारखंड के किसी भी जेल में रहेंगे तो चुनाव को प्रभावित करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड पार्टी भय और दहशत से चुनाव जीतना चाहती है।

 

भाजपा बनी झापा की ‘बी’ पार्टी

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया झारखंड पार्टी के पूर्व विधायक एनोस एक्का की मर्जी से ही इस बार उपचुनाव में भाजपा का प्रत्याशी तय हुआ है, कोलेबिरा उपचुनाव में झारखंड पार्टी की भाजपा बी-टीम बनकर कर रह गई है। यही कारण है कि कांग्रेस की जीत को पक्की देखकर भाजपा ने परोक्ष रूप से झापा को समर्थन कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह तो तभी तय हो गया था जब भाजपा उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया था और उस दौरान भाजपा का ना तो कोई मंत्री था और ना ही संगठन के अध्यक्ष उपस्थित थे। भाजपा ने चुनाव से पहले ही हार मानने का काम किया है।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिल रही धमकी

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार यह सूचना दी जा रही है कि जेल में बंद एनोस एक्का फोन कर धमकी देने का काम कर रहे हैं ताकि क्षेत्र के लोग कांग्रेस के समर्थन में खुलकर सामने ना आ पाए। ऐसा भी सुनने में आ रहा है कि असामाजिक तत्वों के सहयोग से बूथ पर मतदाताओं को जाने से रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार चुनाव आयोग से मिलकर इन सारी बातों की शिकायत करेगा ताकि चुनाव आयोग इस तरह की कवायद पर अंकुश लगा सके। अगर चुनाव आयोग के निर्देश के बाद भी सिमडेगा के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी इस पर अंकुश नहीं लगाते तो हम दिल्ली में भी चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।


एनोस एक्का को जेल में सुविधा मिलने का आरोप

उन्होंने कहा कि सभी को मालूम है कि यह वही कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र है,जहां की बच्ची संतोषी की भात-भात चिल्लाते हुए भूख से मौत हो गई थी और कोलेबिरा का नाम ना केवल झारखंड के मानचित्र पर वरन पूरे देश के मानचित्र पर बदनाम हुआ। डॉ0 कुमार ने कहा कि कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को नियल तिर्की से नियमावली की दुहाई देकर मिलने नहीं दिया गया, वहीं दूसरी तरफ एनोस एक्का को किस नियमावली के तहत मोबाइल एवं दूसरी सारी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।


यह लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता एवं प्रदेश अल्पसंख्य कांग्रेस अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी मौजूद थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो