script

वन विभाग के जर्जर भवन में मिली भाजपा के महामंत्री की लाश, हत्या की आशंका जता रहे परिजन

locationराजनंदगांवPublished: Jan 20, 2019 01:38:06 pm

Submitted by:

Govind Sahu

फंदे पर लटके मिले, आसपास से तीन डिस्पोजल बरामद कर जांच में जुटी है पुलिस

system

वन विभाग के जर्जर भवन में मिली भाजपा के महामंत्री की लाश, हत्या की आशंका जता रहे परिजन

राजनांदगांव. डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के महामंत्री भगत सिंह चौक निवासी बृजलाल नामदेव की लाश पनियाजोब जलाशय के पास वन विभाग के जर्जर भवन में फंदे पर लटकी मिली है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। वहीं घटना स्थल पर तीन डिस्पोजल गिलास मिलने के बाद इस शंका को और बल मिल गया है। इसे देखते हुए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। बताया गया कि मृतक बृजलाल को दो अन्य लोगों के साथ दोपहर को उस क्षेत्र में जाते देखा गया था। पुलिस इसी आधार पर जांच में जुटी है।

मिली जानकारी अनुसार बृजमोहन शुक्रवार को दोपहर १२ बजे परिजनों को बिना सूचना दिए घर से निकले थे। इसके बाद शनिवार को उनकी लाश बरामद की गई है। परिजनों ने मृतक को किसी भी रूप से परेशान होने की बात से इनकार किया है। घटनास्थल के पास तीन प्लास्टिक डिस्पोजल मिले हैं। इस वजह से परिजन को शंका है कि बृजलाल ने खुदकुशी नहीं की है, बल्कि अज्ञात लोगों ने हत्या की है।
कुछ नहीं बताया था


बृजलाल के छोटे पुत्र अमन नामदेव ने बताया कि पिताजी दोपहर 12 बजे बाइक लेकर घर से निकले तब उन्होंने कुछ नहीं बताया। दूसरे दिन सुबह फॉरेस्ट की जर्जर भवन में लाश मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे, तो उनका शरीर प्लास्टिक की रस्सी से फंदे पर लटके मिला। रस्सी में 7-8 गठान थे।
दो और लोग साथ थे


घटनास्थल पर तीन डिस्पोजल देख कर लग रहा है कि मौके पर पिता सहित और लोग रहे होंगे। गांव वाले बता रहे हैं कि शुक्रवार दोपहर में पिता के साथ दो अन्य लोग भी थे, जो कि जलाशय की ओर आते देखे गए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले में हर एक पहलू को ध्यान में रखकर जांच करेगी, तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
घर से निकला तो नहीं लौटा

पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक शहर भाजपा मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष सुनील जैन की कपड़ा दुकान में काम करता था। पेट दर्द होने की बात कहकर वह दुकान से निकला और घर पहुंचा। इस दौरान उसने अपने किसी परिचित से एक हजार रुपए उधार लिया था। घर से निकला, तो नहीं लौटा।

परेशान होने की बात सामने आई


डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के अध्यक्ष अमित जैन ने बताया कि बृजलाल निजी कारणों से परेशान थे और खुलकर कभी कुछ बात नहीं बताई। हाव-भाव से उनकी परेशानी झलक रही थी। पार्टी संबंधित कोई परेशानी नहीं थी।

ट्रेंडिंग वीडियो