scriptसंस्कारधानी में गणेशोत्सव की धूम:भस्मारती के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे | Rajnandgaon: Ganeshotsav Dhoom in Sanskardhani: Visiting Dwadash Jyotirling with Bhasmarati | Patrika News

संस्कारधानी में गणेशोत्सव की धूम:भस्मारती के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे

locationराजनंदगांवPublished: Aug 30, 2017 11:29:00 pm

संस्कारधानी में गणेशोत्सव की धूम है। रात को स्थल सजावट देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है।

festival
राजनांदगांव. संस्कारधानी में गणेशोत्सव की धूम है। रात को स्थल सजावट देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं परंपरानुसार इस बार भी समितियों की ओर से विसर्जन झांकियां निकाली जाएगी। समितियां इसकी तैयारी में जुटी हुई हैं। 5 सितंबर की रात को निकलने वाली झांकियां पौराणिक कथाओं पर आधारित होंगी।

महाकाल की भस्म आरती से लेकर 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। पुष्पक विमान से राम-सीता की अयोद्धा वापसी पर जोरदार स्वागत होगा। त्रिदेव के दर्शन होंगे। ब्रम्हा, विष्णु, महेश की जीवनी पर आधारित झांकी दर्शकों को पसंद आएगी। कृष्ण-राधा के प्रसंग पर आधारित झांकी देखकर दर्शक उनकी लीलाओं में खो जाएंगे।
डीजे नहीं तो बैंड और धुमाल की रहेगी धूम, राउत नृत्य भी
सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश की वजह से इस बार प्रशासन की ओर से समितियों को रात १२ बजे के बाद डीजे बजाने पर मना कर दिया गया है। समितियां भी इससे सहमत हैं। इस पर आज होने वाली बैठक में तय होगा। प्रशासन को कोर्ट के आदेशों का पालन हर हाल में कराना होगा। वहीं समितियों की ओर से डीजे की जगह पर बैंड बाजा, धुमाल, राउत नृत्य, बस्तरिहा नृत्य सहित अन्य लोक संगीत के माध्यम से रंग जमाने की तैयारी की जा रही है। इससे नई परंपरा की शुरुआत हो जाएगी।
बाल समाज: कृष्ण की लीला पर आधारित
गंज लाइन बाल समाज की ओर से कृष्ण की लीला पर आधारित झांकी निकाली जाएगी। आर्च के साथ आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। समिति के अध्यक्ष दामू भूतड़ा ने बताया कि कृष्ण की लीलाओं का इस झांकी में चित्रण होगा। समिति की ओर से झांकी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निर्माण फिलहाल जारी है।
सुमति मंडल: ज्योति- र्लिंग को देख सकेंगे
इस बार सुमति मंडल की ओर से भस्म आरती के साथ ही १२ ज्योतिर्लिंग पर आधारित आकर्षक झांकी तैयार की जा रही है। तीन जीप में झांकी रहेगी। मंडल के कोषाध्यक्ष नंदू अग्रवाल ने बताया कि यह बड़ी झांकी है। इसे अंजोरा में तैयार कराया जा रहा है। समिति के सदस्य इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं।
नवरत्न मंडल: राधा-कृष्ण की झांकी
नवरत्न मंडल की ओर से इस बार राधा-कृष्ण प्रसंग पर आधारित झांकी तैयार की जा रही है। डबल जीप में 25 से 26 मूर्तियां रहेंगी और सभी मूविंग करती हुई दिखाई देंगी। अध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने बताया कि यह झांकी दर्शकों को पसंद आएगी। इसके माध्यम से पौराणिक कथाओं का आनंद ले सकेंगे।

तिरंगा मंडल: त्रिदेव के कर सकेंगे दर्शन
तिरंगा मंडल की ओर से त्रिदेव दर्शन पर आधारित झांकी निकाली जाएगी। ब्रम्हा, विष्णु, महेश का बचपन, जवानी और वृद्धावस्था का चित्रण होगा। गणेश प्रसाद गन्नू ने बताया कि दो जीप में तैयार की जा रही झांकी में लक्ष्मी, सरस्वती और पार्वती की मूतियां भी रहेगी। वन्य और वन्य प्राणी संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
ये झांकियां भी होंगी आकर्षक
बस स्टैंड: राम-सीता की अयोद्धा वापसी पर स्वागत और उत्सव का चित्रण झांकी में रहेगा, फूल बरसाएंगे
गोलबाजार समिति: कृष्ण अवतार पर आधारित झांकी बनाई जा रही
त्रिशंख मंडल ब्राम्हणपारा: कुंभकरण वध करते हुए राम और लक्ष्मण की झांकी
गंज गणेशोत्सव: इस समिति की ओर से कालिया वर्धन पर आधारित झांकी बनाई जा रही
नवयुवक मंडल: कृष्ण को नरकासूर का वध करते हुए झांकी में दिखाया जाएगा, तैयारी चल रही है

ट्रेंडिंग वीडियो