सागर तिराहे से लेकर इंडियन चौराहे तक का हिस्सा वाहनों, ग्राहकों और दुकानों से भरा रहा। शहर का प्रमुख व्यापारिक स्थल गंज बाजार में कपड़ा, बर्तन, सराफा, किराना आदि की खरीदारों की खासी भीड़ रही। ग्राहकों की भीड़ से सांची-विदिशा हाईवे रोड पर भी सुबह से लेकर रात तक व्यस्त रहा। भीड़ ज्यादा होने से बार-बार जाम के हालात बने रहे। इस दौरान यातायात पुलिस को टै्रफिक व्यवस्थित करने मेें खासी मशक्कत करनी पड़ी। लक्ष्मी मां की प्रतिमा की दुकानों सहित सजावटी सामग्री की दुकानों पर दिन भर खरीदारी का दौर चलता रहा।
धनतेरस पर जो लोग सोना-चांदी, वाहनों सहित इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य खरीदारी नहीं कर सके। वे आज दीपावली पर्व पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करेंगे। गौरतलब है कि धनतेरस पर सराफा बाजार में करीब दो करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। वहीं इस बार दीपावली के दिन जिले भर में ऑटोमोबाइल सेक्टर में लगभग आठ से दस करोड़ रुपए के कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है।
दीपावली के दिन प्रदोष काल में मां लक्ष्मी का पूजन करना विशेष शुभ और फलदायक माना जाता है। पं. राजेन्द्र प्रसाद शास्त्री के अनुसार बुधवार सात नवंबर को शाम 5.27 बजे से रात 8.05 बजे तक प्रदोष काल का योग रहेगा। इस मुहूर्त में प्रमुख बात यह है कि इसमें स्थिर लग्र वृषभ भी मिल जाएगा। वृष और प्रदोष दोनों मिलने से दीपावली पूजन का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त है।