मोदी की अंतिम सभा आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतिम चुनावी सभा शुक्रवार को अम्बिकापुर में होगी। इसके लिए शहर के कॉलेज मैदान को तैयार किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का दावा है कि इस सभा से सरगुजा की सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी।
शाह-राहुल की कल से फिर एंट्री
दूसरे चरण के अंतिम दौर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की एंट्री शनिवार को होगी। दोनों नेता, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा की सीटों पर अपनी सभाओं को फोकस करेंगे। बताया जा रहा है दोनों नेता एक दिन में चार से पांच सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। उसके अलावा उनका रोड शो भी होगा। अमित शाह का रोड शो रायपुर में तय हो चुका है।
माया-अखिलेश का भी दंगल
बसपा प्रमुख मायावती गुरुवार शाम रायपुर पहुंच गईं। जकांछ-बसपा गठबंधन के लिए वे शुक्रवार को जांजगीर-चांपा और आरंग में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने वाली हैं। शनिवार को वे बलौदा बाजार और नवागढ़ में सभाओं को संबोधित करेंगी। वहीं सपा प्रमुख और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को पाली-तानाखार में थे। शनिवार को वे भिलाई और महासमुंद में चुनावी सभा को संबोधित करने वाले हैं।
भाजपा के राजनाथ, योगी और रघुवर दास
अंतिम तीन दिनों में केंंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास की भी दर्जन भर सभाएं प्रस्तावित हैं। राजनाथ सिंह 17 नवम्बर को पहुंचेंगे। वहीं रघुवर दास 17-18 नवम्बर को झारखंड से लगे सरगुजा क्षेत्र में कई सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। योगी आदित्यनाथ का अभियान रायपुर और आसपास के क्षेत्रों पर केंद्रित होगा।
कांग्रेस की ओर से सिद्घू-राज बब्बर
कांग्रेस की ओर से नवजोत सिंह सिद्घू 17 नवम्बर को नगरी सिहावा, बेमेतरा, साजा, आरंग और रायपुर में प्रचार करने वाले हैं। वहीं 18 को वे मनेंद्रगढ़, अम्बिकापुर, दुर्ग और कुरुद क्षेत्र के भखारा में होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और सिने अभिनेता राज बब्बर शुक्रवार को बलौदा बाजार, राजिम के छुरा और रायपुर पश्चिम सीट के खमतराई में सभा करेंगें। 17 नवम्बर को वे जैजैपुर, अकलतरा, पाली, मुंगेली और पाटन क्षेत्र के कुम्हारी में होंगे। अंतिम दिन बब्बर बिन्द्रानवागढ़, बालोद, दुर्ग और साजा का मंच संभालेंगे।
केजरीवाल की आज एक साथ 600 डिजिटल सभाएं
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-भाजपा जैसे प्रमुख दलों से टक्कर लेने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को प्रदेशभर के 600 स्थानों पर गुगल हैंगआउट के जरिए केजरीवाल की डिजिटल सभाएं करेंगे। इसके लिए प्रदेश की 60 ऐसे विधानसभा क्षेत्र को चुना गया है, जहां इंटरनेट की पर्याप्त सुविधा मौजूद है। यह सभा पार्टी के झाड़ू चलाओ भ्रष्टाचार भगाओ यात्रा के दूसरा चरण के समापन के दौरान होगी।
भाषाई मतदाताओं को भी लुभाने की कोशिश
भाजपा ने भोजपुरी भाषी मतदाताओं को लुभाने के लिए दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष और गायक-अभिनेता मनोज तिवारी को आगे किया है। मनोज कई दिन से छत्तीसगढ़ में है। शुक्रवार को वे वैशाली नगर, भिलाई, रायपुर ग्रामीण और रायपुर पश्चिम में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने बांग्ला भाषी मतदाताओं के लिए दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी और दीपा दासमुंशी को बुलाया है। दोनों नेता शुक्रवार को कुरुद, माना कैम्प और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में होंगी। वहीं शनिवार को दोनों वैशाली नगर और रायपुर दक्षिण में प्रचार करेंगी। बंगाली मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा पूर्व में सांसद और गायक बाबुल सुप्रियो का इस्तेमाल कर चुकी है।