scriptहिंदुत्व की नई सियासी चाल से कांग्रेस करेगी भाजपा का मुकाबला | cow, temple and Ram now on congress strategy | Patrika News

हिंदुत्व की नई सियासी चाल से कांग्रेस करेगी भाजपा का मुकाबला

locationभोपालPublished: Sep 12, 2018 07:06:44 am

Submitted by:

anil chaudhary

कांग्रेस ने सॉफ्ट हिंदुत्व की ये नई सियासी चाल भाजपा से मुकाबले के लिए चली है, कांग्रेस की सियासी रणनीति में अब गाय, राम और मंदिर भी

congress

congress

भोपाल. समय के साथ देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के सियासी मुद्दे भी बदलने लगे हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस का फोकस इस बार गांव, गाय, नर्मदा, मंदिर और राम पर भी है। पार्टी के वचन पत्र में यह साफ दिखाई देगा। कांग्रेस ने सॉफ्ट हिंदुत्व की ये नई सियासी चाल भाजपा से मुकाबले के लिए चली है। पार्टी मानती है कि भाजपा इन मुद्दों के जरिए वोटों के ध्रुवीकरण का प्रयास करती है।
कांग्रेस के नए मुद्दे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार बनने पर प्रदेश की सभी 23 हजार ग्राम पंचायतों में एक-एक गौशाला खोलने का ऐलान किया है। वे कहते हैं कि भाजपा गाय की बात तो बहुत करती है, लेकिन प्रदेश में गौशालाओं की हालत बहुत खराब है। देश के पहले गौ अभ्यारण्य के लिए ही सरकार के पास फंड नहीं है। कांग्रेस नेता चुनावी सभाओं के दौरान स्थानीय मंदिरों में भी जा रहे हैं। वे सभी जगह मत्था टेकते हुए देखे जा सकते हैं। दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा के बाद नर्मदा संरक्षण का भी मुद्दा कांग्रेस उठा रही है, वचन पत्र में भी नर्मदा संरक्षण का बिंदु शामिल रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी प्रदेश के दौरे के समय जिन मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे उनकी सूची बुलवा चुके हैं।
राम वन गमन के रास्ते चलेंगे नेता
कांग्रेस नेता राम वन गमन यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। यह यात्रा 21 सितंबर से नौ अक्टूबर तक निकाली जाएगी। यह यात्रा उन 35 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी, जहां से भगवान राम गुजरे हैं। वहीं, इस यात्रा का मार्ग रहेगा। कांग्रेस के उपभोक्ता प्रकोष्ठ ने कमलनाथ से राम पथ गमन बनाने की मांग को भी वचन पत्र में शामिल करने को कहा है। कांग्रेस पलायन रोकने के लिए गांवों में लघु और कुटीर उद्योगों का जाल फैलाने की आवश्यकता को भी केंद्र में रख रही है। उधर, दिग्विजय अगले साल मानसरोवर यात्रा की घोषणा कर चुके हैं।
संघ से मुकाबले की कोशिश
कांग्रेस अपनी इस नई सियासी रणनीति के तहत संघ और भाजपा से सीधा मुकाबला करने जा रही है। संघ गांव में एक मंदिर, एक श्मशान और एक कुएं के सिद्धांत पर सालों से काम कर रहा है। इस सिद्धांत से गांव के सभी लोगों को एक सूत्र में पिरोना है, गांव के सभी लोग जाति के भेदभाव के एक मंदिर में, एक कुएं और एक श्मशान पर बिना रोक-टोक आ जा सकें, ताकि उन्हें वर्ग और जाति के नाम पर बांटा न जा सके।
चुनाव के कारण कांग्रेस को राम और गाय याद आए वरना गौचर भूमि न बख्शने वाले, राम का अस्तित्व शपथपत्र देकर नकारने वाले, हिंदू आतंकवाद कहने वाले ये सिर्फ चुनाव में धर्म का राग अलाप रहे हैं।
– रजनीश अग्रवाल,
प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा
भाजपा के पास धर्म का ठेका नहीं है। उसकी राह धार्मिक नहीं है। प्रदेश में गौमाता की हालत खराब है। गौरक्षक चंदा वसूली करते हैं। ये सब हमारे लिए आस्था का विषय हैं, हम नर्मदा पथ भी बनवाएंगे और राम वनगमन के पथ का निर्माण भी करेंगे।
– दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो